अमेरिका कोरोना वायरस के खिलाफ जंग को कैसे संभाल रहा है, इस हफ्ते एक न्यूज कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पर चर्चा करने से पहले, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूज्ड (इस्तेमाल की गई या सेकंड हैंड) कारों की बढ़ती कीमत पर चर्चा करना चाहते थे।
रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने 4 अगस्त को कहा, "नई कार की बिक्री का असर यूज्ड कार मार्केट में भी साफ तौर पर दिख रहा है, जहां बढ़ती मांग - सचमुच बढ़ती मांग - सेकंड हैंड कारों की कीमतों में बढ़ने का दबाव डाल रही है।" ट्रंप ने कहा, "यह ऑटोमोबाइल उद्योग का एक प्रमुख संकेतक है।"
बाजार के शोधकर्ता जे डी पावर के अनुसार ट्रंप ने जिस ट्रेंड का जिक्र किया वह जारी है। थोक नीलामी की कीमतें लगातार 15 हफ्तों तक बढ़ी हैं और उस अवधि के दौरान 34 फीसदी बढ़ गई हैं।
अप्रैल में कीमतें कम हो गईं, जब देश भर में होने वाली नीलामी बंद थी। लेकिन जैसी आशंका थी उसके उलट नए वाहनों की बिक्री में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। इसके कारण कुछ मॉडलों, विशेषकर पिकअप और स्पोर्ट-यूटिलिटी वाहनों की कमी हो गई है। इसकी वजह से कुछ खरीदार सेकंड हैंड कारों के बाजार में पहुंचे और यह कीमतों को बढ़ाने में मदद करता है।