Hyundai Creta अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी बन गई है। क्रेटा ह्यूंदै को नई उपलब्धियों पर पहुंचा दिया है। ह्यूंदै का कहना है कि क्रेटा लगातार दूसरे साल देश की पहली पसंदीदा एसयूवी बन गई है। मार्च 2020 को जबसे क्रेटा लॉन्च हुई है, तब से अभी तक ह्यूंदै ने क्रेटा की 1,25,437 यूनिट्स की बिक्री की है, वहीं फेसलिफ्ट क्रेटा की 2,15,000 यूनिट्स की बिक्री हुई है। क्रेटा को साल 2015 में लॉन्च किया गया था, तब से अभी तक कंपनी इसकी छह लाख यूनिट्स बेच चुकी है। लेकिन ह्यूंदै के लिए दुखभरी खबर ये भी है कि वह लगभग एक दशक बाद देश की दूसरे सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी नहीं रही है, बल्कि उसकी जगह अब टाटा मोटर्स ने ले ली है। उधऱ ह्यूंदै अपनी खोई पोजिशन को फिर से पाने की कोशिशों में जी-जान से जुट गई है। ह्यूंदै अब टाटा मोटर्स को टक्कर देने के लिए नई एसयूवी लाने की तैयारी कर रही है।
ह्यंदै के मुताबिक कंपनी ने पिछले पांच सालों में 8.34 लाख एसयूवी बेची हैं। इसमें Hyundai Venue का भी अहम योगदान रहा है। कंपनी का कहना है कि मई 2019 में लॉन्च होने से लेकर कंपनी अभी तक वेन्यू की 2.60 लाख यूनिट्स बेच चुकी है। वहीं 2021 में कंपनी ने अकेले ही वेन्यू की 1.08 लाख यूनिट्स की बिक्री की। वहीं ह्यूंदै की लेटेस्ट एसयूवी अल्काजार भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। अभी तक कंपनी इसकी 17,700 यूनिट्स बेच चुकी है।