पाकिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान किया है। हालांकि वो टी-20 लीग खेलते रहेंगे। 41 साल के हफीज ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मैच टी-20 वर्ल्डकप 2021 में खेला था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए 12780 रन बनाए हैं। पिछले कुछ सालों से सिर्फ टी-20 क्रिकेट ही खेल रहे थे। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। वहीं उनका आखिरी टेस्ट मैच 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ था। हफीज ने 2003 में अपने करियर की शुरुआत की थी।
हफीज ने अपने 18 साल के करियर में 55 टेस्ट, 218 वनडे और 119 टी-20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और ऑफ स्पिन गेंदबाजी के दम पर 32 बार प्लेयर ऑफ दे मैच का खिताब अपने नाम किया। उनसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच सिर्फ तीन ही खिलाड़ी बने हैं। शाहिद अफरीदी (43), वसीम अकरम (39) और इंजमाम उल हक (33) इस मामले में हफीज से आगे हैं। हफीज ने नौ बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता है।
कैसा रहा करियर
मोहम्मद हफीज ने पाकिस्तान के लिए 119 टी-20 मैचों में 2514 रन बनाए, और 61 विकेट हासिल किए। वहीं 55 टेस्ट की 105 पारियों में उन्होंने 3652 रन बनाए और 53 विकेट भी निकाले। वनडे में भी हफीज पाकिस्तान के लिए उपयोगी खिलाड़ी रहे हैं। 218 वनडे मैचों में उनके नाम 6614 रन और 139 विकेट हैं।
मोहम्मद हफीज ने अपने संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि वो संतुष्टि और खुशी के साथ क्रिकेट करियर को अलविदा कह रहे हैं। उन्होंने अपने का खूब लुत्फ उठाया और अपने समर्थकों से कहा कि उन्हें उनके सफल करियर का जश्न मनाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनके फैंस हमेशा उनके साथ खड़े रहे।