शहर के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में 14वां
ऑटो एक्सपो मोटर शो आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। एक्सपो मार्ट की ओर से इस बार शो में 70 हजार से 1 लाख लोग प्रतिदिन आने और 40 हजार वाहन हर रोज आने की संभावना जताई गई है। नॉलेज पार्क में पार्किंग बनाने का काम शुरू हो गया है। वर्ष 2016 में वीकेंड पर सवा लाख लोग पहुंचे थे।
नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में 7 फरवरी से 14 फरवरी तक ऑटो एक्सपो मोटर शो आयोजित होना है। 7 और 8 फरवरी दो दिन मीडिया व बिजनेस के लिए रहेंगे। उसके बाद 9 से 14 फरवरी तक आम लोगों की ऑटो एक्सपो में एंट्री रहेगी। पिछली बार लोगों की शाम तक भीड़ देखते हुए इस बार ऑटो एक्सपो के समय को बढ़ाया जा रहा है। इस बार सुबह 10 से शाम 7 बजे तक शो रहेगा, जबकि वर्ष 2016 में सुबह दस से शाम पांच बजे तक का समय दिया गया था।
पार्किंग के लिए नॉलेज पार्क में स्थान चिह्नित
आयोजकों ने बताया कि इस बार ऑटो शो में पहले से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है। इसी के चलते करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग के लिए नॉलेज पार्क में स्थान चिह्नित किए गए हैं। परी चौक से एक्सपो मार्ट और शहर के अन्य स्थानों पर जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी अपना प्लान बनाया है।'