फिल्म पद्मावत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक और नई याचिका लगाई गई है। वकील मनोहर लाल शर्मा ने याचिका में फिल्म से विवादित सीन्स हटाने की मांग की है, साथ ही कोर्ट से जल्द सुनवाई का अनुरोध भी किया। हालांकि, कोर्ट ने सुनवाई सोमवार को तय की है।
इससे पहले भी कोर्ट ने राजस्थान और मध्यप्रदेश सरकार की याचिकाओं को खारिज करते हुए कहा था कि राज्यों में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। कोर्ट ने फिल्म पर रोक लगाने वाली मांगों को खारिज करते हुए आदेश दिए कि इसे बिना किसी रोक के पूरे देश में रिलीज किया जाए।
कोर्ट ने सरकारों को फटकार लगाई और कहा कि आप कुछ हिंसक संगठनों की धमकियों का हवाला दे रहे हैं हम ऐसी याचिकाओं पर सुनवाई क्यों करें?
इससे पहले राजस्थान और मध्य प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म ‘पद्मावत’ को पूरे देश में रिलीज करने के आदेश में संशोधन की गुहार लगाई थी। करणी सेना और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने भी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।