इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं जो कि चिंता का विषय है। इसी क्रम में बीते रविवार को 28 मई को Ather Energy (एथर एनर्जी) के शोरूम में आग लगने की घटना सामने आई थी और इसकी वजह भी स्कूटी ही बनी। आज कंपनी ने एक पत्र जारी कर घटना की असली वजह का खुलासा कर दिया है। कंपनी ने बताया आखिर यह घटना क्यों घटी? स्कूटी में क्या खराबी आई थी कि जिससे यह आग लग गई।
यहां पढ़ें कंपनी ने आग की वजह क्या बताई
कंपनी की ओर से जारी एक पत्र के मुताबिक यह घटना सर्विसिंग के लिए शोरूम में लाए गए स्कूटी की वजह से हुई। चूंकि स्कूटी पर बहुत अधिक धूल और कीचड़ था, इसलिए सर्विस सेंटर के कर्मचारियों ने निरीक्षण करने से पहले वाहन को साफ करने के लिए उच्च दबाव वाले वाटर वाश का इस्तेमाल किया। एथर का कहना है कि सर्विस टीम ने बैटरी पैक के टॉप केसिंग में कुछ दरारें पाईं। लेकिन तब तक हाई प्रेशर वॉश के कारण बैटरी केसिंग में पानी घुस चुका था। संभवत: पानी की उपस्थिति के कारण शेल को अंदर शॉर्ट सर्किट हुई जिसके कारण धुआं और आग लग गई।
आग लगने की वजह पर सरकार पहले ही गठित कर चुकी कमेटी
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर में आग लगने की घटनाओं के कारणों की जांच के लिए मार्च में केंद्र द्वारा गठित विशेषज्ञों का एक पैनल अगले सप्ताह अपने नतीजे पेश करेगा। यह पैनल रिपोर्ट के साथ आग की ऐसी घटनाओं को कम करने के उपायों पर अपने सुझाव भी देगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पहले ही इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अगर ये जांच रिपोर्ट में लापरवाही बरतने के दोषी पाए जाते हैं तो उन पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।
सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
घटना एथर एनर्जी के नुंगमबक्कम एक्सपीरियंस सेंटर में हुई। आग लगते ही एथर एक्सपीरियंस सेंटर के कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, वे धुएं के कारण कुछ इलेक्ट्रिक स्कूटरों को आग से सुरक्षित रूप से निकालने में नाकाम रहे। इससे कुछ इलेक्ट्रिक स्कूटर पूरी तरह जल गए।