article 370 impact jammu kashmir
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू और कश्मीर में धारा 370 खत्म होने के बाद कई कंपनियों ने वहां निवेश की इच्छा जताई है। एशिया की सबसे बड़ी हेलमेट बनाने वाली कंपनी स्टीलबर्ड ने वहां अपनी फैक्टरी लगाने की पेशकश की है। कंपनी ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
स्टीलबर्ड हेल्मेट्स के चेयरमैन सुभाष कपूर ने कहा कि धारा 370 हटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उठाया गया ये कदम बेहद सराहनीय और बहुप्रतीक्षित है। सरकार के इस फैसले से कश्मीर घाटी में नई औद्योगिक क्रांति शुरुआत होगी और साथ ही वहां के नागरिकों को रोजगार भी मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस कदम से घाटी मुख्य धारा में आएगी और हमारे देश के सामूहिक विकास का हिस्सा बन सकेगी। अभी तक जम्मू-कश्मीर में ज्यादातर निर्माण गतिविधियां कृषि और हस्तशिल्प तक सीमित हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में होने वाले निवेशक सम्मेलन के अनुरूप वहां फैक्टरी लगाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उसके इस फैसले से कंपनियों को घाटी में मुक्त तरीके से मौजूदा नियमों के तहत काम करने में मदद मिलेगी।
स्टीलबर्ड ने पहले ही 150 करोड़ का निवेश करके हिमाचल प्रदेश के बद्दी में फैक्टरी लगाई है, वहीं अब कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा कर 44,500 हेलमेट्स प्रतिदिन करने की योजना बना रही है।
वहीं सोमवार को अनुच्छेद 370 और 35A को खत्म करने के बाद एसोचैम ने भी निवेश का रास्ता खुलने पर खुशी जताई थी और कहा था कि भारतीय कंपनियां को जम्मू-कश्मीर के आर्थिक विकास में अपना सहयोग देने के लिए तैयार हैं। इंडस्ट्री चैंबर एसोचैम के प्रेसिडेंट बी के गोयनका ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को मजबूत बनाने की जरूरत है।