महिंद्रा समूह के प्रबन्ध निदेशक और अध्यक्ष आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय रहते हैं। वे दिलचस्प वीडियो और प्रेरक पोस्ट के लिए भी चर्चा में रहते हैं। उनके चाहनेवालों और फॉलोअर्स को उनके लगातार मोटिवेशनल पोस्ट का बेसब्री से इंतजार रहता है। मंगलवार को उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसे टेक्नोलॉजी कंटेंट क्रिएटर धनंजय ने पोस्ट किया था। वीडियो को मुंबई में शूट किया गया है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि एक पुल के नीचे की जगह का इस्तेमाल नायाब तरीके से कैसे किया जा सकता है। इसमें एक खेल का मैदान है जहाँ लोगों को बास्केटबॉल, क्रिकेट जैसे कई खेल खेलते देखा जा सकता है।
धनंजय ने वीडियो में आगे बताया कि कैसे पुल के नीचे की जगह को जाल से ठीक से ढक दिया गया है ताकि गेंद बाहर सड़क पर न जा सके। जिससे बच्चों के लिए भी इस जगह पर आना सुरक्षित हो जाता है।
आनंद महिंद्रा ने वीडियो साझा किया, और खेलने की इस जगह से काफी प्रभावित दिखे। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी की है कि ऐसी सुविधा को देश के ज्यादातर शहरों में तैयार किया जाना चाहिए।
वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "परिवर्तनकारी। चलो ऐसा करते हैं। हर शहर में।"
यहां देखें वीडियो
कुछ को पसंद आया आइडिया
सोशल मीडिया पर जहां कुछ यूजर्स ने कहा कि ऐसी जगह का ऐसा इस्तेमाल करना एक शानदार आइडिया है। वहीं कुछ इस विचार से सहमत नजर नहीं थे। फिटनेस कोच नेहा चावला ने लिखा, "अच्छी पहल। आज की डिजिटल दुनिया में जहां सुस्ती हर किसी के जीवन में गहरी जड़ें जमा चुकी है, ऐसे कदम शारीरिक गतिविधि को आसानी से सुलभ तरीके से शामिल करने के लिए बिल्कुल अद्भुत साबित हो सकते हैं।"
तो कुछ ने जताया एतराज
वकील सोनाली दास ने लिखा, "यह एक अच्छा विचार नहीं है। ओवर ब्रिज का मतलब है, इस इलाके में बहुत ज्यादा ट्रैफिक होगा। और एक खेल के मैदान का मतलब है कि सभी आयु वर्ग के बच्चे, खेलने के मौके का उचित हिस्सा पाने के लिए वहां झुंड में आते हैं। व्यस्त वाहनों के बीच व्यस्त ट्रैफिक को पार करना अत्यधिक जोखिम भरा है। और इसका मतलब होगा दुर्घटनाओं को आमंत्रित करना।"