Vastu Tips For Peacock Feather: मोर के पंख को भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष महत्व दिया जाता है। यह सौंदर्य, शांति और आध्यात्मिकता का प्रतीक है, जिसे सौभाग्य और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत भी माना जाता है। यही वजह है कि इसे घरों में रखना बेहद शुभ माना जाता है। इसका रंग, आकर्षक और अद्वितीय रूप इसे और भी खास बनाते हैं, इसलिए भी कई लोग इसे घर में रखना पसंद करते हैं। प्राचीन कथाओं में भगवान कृष्ण के मुकुट में भी मोर पंख देखा जाता है, जो उनकी दिव्यता और सरलता को दर्शाता है।
मोर पंख का उपयोग अक्सर सजावट, पूजा और सांस्कृतिक उत्सवों में किया जाता है। इस कारण मोर पंख का महत्व और भी बढ़ जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मोर पंख से जुड़े कुछ उपाय आपको मालामाल भी बना सकते हैं। दरअसल, वास्तु के कुछ नियमों को ध्यान में रखते हुए यदि इसे घर में रखा जाए तो यह घर में धन की वृद्धि करता है।
वास्तु शास्त्र में मोर पंख का महत्व
वास्तु शास्त्र में मोर पंख का विशेष महत्व बताया गया है। माना जाता है कि मोर पंख सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इसलिए घर में मोर पंख रखने से नकारात्मक शक्तियां दूर हो जाती हैं। साथ ही घर में शांति का माहौल बना रहता है।.
मोर पंख को उत्तर-पश्चिम दिशा में रखने से सुख-समृद्धि का वास होता है और स्वास्थ्य में भी सुधार होता है। मोर पंख को खासतौर पर बच्चों के अध्ययन कक्ष में रखना चाहिए। इससे उनकी एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ती है। मोर पंख वास्तु दोषों को दूर करता है और घर में सौभाग्य लाता है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार मोर पंख के उपाय
मोर पंख आपकी आर्थिक स्थिति को भी सुधारने में काम आता है। वास्तु शास्त्र में मोर पंख से जुड़े कई उपाय बताए गए हैं। अगर आप धन लाभ चाहते हैं तो इसके लिए आपको घर या व्यवसाय स्थल की तिजोरी में या धन स्थान पर मोर पंख रखना है। ऐसा करने से धन में वृद्धि होती है और आर्थिक स्थिरता भी बेहतर बनी रहती है।
मोर पंख को उत्तर दिशा में रखने से व्यवसाय में उन्नति होती है। साथ ही लाभ के अवसर बढ़ते हैं। यदि पिछले कुछ समय से आप पर आर्थिक परेशानियां लगातार बनी रहती हैं, तो मोर पंख पर केसर से “श्री” लिखकर उसे पूजा स्थल पर रख दें। आप इसे घर की तिजोरी में भी रख सकते हैं। यह उपाय धन वृद्धि के साथ-साथ वास्तु दोषों को भी दूर करने का काम करता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।