5 अगस्त को अयोध्या राम मंदिर का भूमि पूजन होते ही मंदिर निर्माण आरंभ हो जाएगा। भूमि पूजन का समय दोपहर अभिजीत मुहूर्त में निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर की नींव रखेंगे और भूमि पूजन करेंगे। 5 अगस्त को भूमि पूजन के लिए अभिजीत मुहूर्त के 32 सेकेंड बेहत खास रहने वाले हैं। इसमें दोपहर के 12 बजकर 15 मिनट और 15 सेकंड के बाद ठीक 32 सेकंड के भीतर पहली ईंट रखनी अनिवार्य होगी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए आधारशिला रखने का शुभ मुहूर्त सिर्फ 32 सेकेंड का रहेगा। जिसमें मंदिर की नींव रखना अनिवार्य होगा। अभिजीत मुहूर्त में ही मंदिर की नींव रखी जाएगी। ज्योतिष के अनुसार किसी भी शुभ कार्य के शुभारंभ में अभिजीत मुहूर्त का समय बहुत ही शुभ और कल्याणकारी होता है।
ज्योतिष शास्त्र में अभिजीत मुहूर्त का महत्व
हिंदू धर्म में कोई भी शुभ कार्य और अनुष्ठान शुभ मुहूर्त देखकर ही प्रारंभ किया जाता है। हिंदू शास्त्रों के अनुसार एक दिन में सूर्योदय से लेकर सूर्योदय तक कुल 30 तरह के मुहूर्त होते हैं। अभिजीत मुहूर्त सभी 30 मुहूर्तों में अत्यंत ही शुभ और फलदायी माना जाता है। अभिजीत का मतलब होता है विजेता और मुहूर्त का अर्थ समय होता है। यानी अभिजीत मुहूर्त में किया गया कोई भी शुभ कार्य अवश्य सफल होता है। सनातन धर्म में मान्यता है अगर किसी भी शुभ कार्य को शुभ मुहूर्त में किया जाए तो उसका परिणाम अवश्य ही सकारात्मक मिलता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किसी भी शुभ कार्य के लिए मुहूर्त की गणना करते समय दिन, तिथि, नक्षत्र, योग और दिनमान की प्रमुखता दी जाती है। अभिजीत मुहूर्त हर दिन में एक ऐसा समय आता है जिसमें लगभग सभी शुभ कार्य संपन्न किए जा सकते हैं।
Ram Mandir Bhoomi Pujan Updates: राम मंदिर भूमि पूजन मुहूर्त को लेकर क्या है विवाद, जानिए पूरा मामला
अभिजीत मुहूर्त का समय
एक दिन में कुल मिलाकर 30 मुहूर्त होते हैं। इन 30 मुहूर्तों में कुछ शुभ कार्यों के लिए फलदायी होते हैं तो कुछ शुभ कार्यों में वर्जित माने गए हैं। सभी 30 मुहूर्तों में अभिजीत मुहूर्त को बहुत ही शुभ और कल्याणकारी माना गया है। अभिजीत मुहूर्त प्रत्येक दिन दोपहर होने से करीब 24 मिनट पहले प्रारम्भ होकर मध्यान्ह के 24 मिनट बाद समाप्त हो जाता है। उदाहरण के तौर पर समझा जाए तो अगर दिन में सूर्योदय ठीक 6 बजे होता है तो अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजे से ठीक 24 मिनट पहले प्रारम्भ होगा और दोपहर 12 बजकर 24 पर समाप्त हो जाएगा। अभिजीत मुहूर्त का समय प्रत्येक दिन सूर्योदय के अनुसार बदलता रहता है।
अभिजीत मुहूर्त में कौन कौन से शुभ कार्य किए जा सकते हैं
वैसे तो सभी तरह के शुभ कार्यो के लिए अभिजीत मुहूर्त बहुत शुभ और मंगलकारी माने गए हैं। अभिजीत मुहूर्त में यात्रा करना, नये कार्य का शुभारंभ करना, व्यापार शुरू करने का और पूजा करने के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। परन्तु कुछ लोगों का मानना है कि मांगलिक कार्य और ग्रह प्रवेश जैसे प्रमुख कार्यों के लिए अभिजीत मुहूर्त के साथ और भी योगों को देखना आवश्यक है।
अभिजीत मुहूर्त में क्या न करें
अभिजीत मुहूर्त में दक्षिण दिशा की यात्रा करने से बचें। इसके अलावा बुधवार के दिन अभिजीत मुहूर्त में कोई भी शुभ कार्य नहीं करना चाहिए।