मेष राशि के जातकों के लिए जुलाई महीने का पहला सप्ताह गुडलक लिए हुए है। यह सप्ताह विगत हफ्ते की तुलना में बेहतर साबित होगा। सप्ताह की शुरुआत में सत्ता-सरकार से जुड़े व्यक्ति की मदद से किसी बड़ी समस्या का समाधान खोजने में आप कामयाब हो सकते हैं। इस सप्ताह करिअर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में किसी कार्य विशेष के लिए सीनियर से शाबासी मिल सकती है। जिससे आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और आप आगे बढ़कर अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। सप्ताह के मध्य में आप किसी नये कार्य की शुरुआत करने का बीड़ा उठा सकते हैं। इस दौरान लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे।
सप्ताह के उत्तरार्ध का समय आर्थिक दृष्टि से देखें तो अधिक खर्चीला रह सकता है। इस दौरान आप सुख-सुविधा से जुड़े सामान पर अधिक पैसा खर्च कर सकते हैं। इस दौरान अपनी आवश्यकताओं को अधिक न बढ़ने दें और सोच-समझकर धन खर्च करें अन्यथा आपका बना बनाया बजट गड़बड़ा सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे लोगों को बहुप्रतीक्षित समाचार की प्राप्ति हो सकती है। इस दौरान विद्यार्थी वर्ग का पढ़ाई-लिखाई में खूब मन रमेगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह अनुकूल है। लव पार्टनर के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। सेहत सामान्य रहेगी।
विज्ञापन
उपाय: प्रतिदिन विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा करें तथा प्रसाद के रूप में सिंदूर का तिलक माथे पर लगाएं।