मूलांक व्यक्ति के जन्म की तारीख का योग होता है अर्थात जिस तारीख को आपका जन्म हुआ होगा उस तारीख का योग ही आपका मूलांक कहलाता है। अगर आपका जन्म 1 से 9 तारीख के बीच हुआ है तो आपका मूलांक यही होगा। वही अगर 10 से 31 के बीच किसी तारीख को आपका जन्म हुआ है तो इन दोनों अंको का योग ही आपका मूलांक कहलाता है। जैसे यदि आपका जन्म 22 तारीख को हुआ है तो मूलांक 4 होगा।
स्वभाव
इस मूलांक से प्रभावित जातक अदम्य साहसी, कूटनीतिज्ञ एवं प्रबल स्वाभिमानी होते हैं। विपरीत बात सहन करना इनके लिए असम्भव होता है। प्रतिकूल परिस्थिति में भी ये जातक अपने सम्मान को बनाए रखते हैं। अपनी प्रतिभा और दृढ़ निश्चय के बल पर ये जातक 28 वें वर्ष में उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होते हैं। आर्थिक स्थिति अनुकूल रहती है। दाम्पत्य जीवन में मतभेद प्राय: बने ही रहते हैं।
आगामी वर्ष की सफलताएं
इस वर्ष योजनाओं में सफलता से उत्साहित रहेंगे। समाज में आपकी बुद्धिमत्ता की प्रशंसा होगी। आर्थिक दृष्टि से वर्ष अनुकूल रहेगा। शुभचिंतकों का अपेक्षित सहयोग मिलेगा। अटकी विकास योजनाओं में गति आएगी। विदेश यात्रा के अवसर मिलेंगे। स्त्री एवं संतान पक्ष से सुखी रहेंगे। रोजगारपरक परीक्षाओं में सफलता एवं इंजीनियरिंग, वकालत, शिक्षा विभाग, पुलिस, बैंक, विज्ञापन, योजना विभाग आदि क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसर प्राप्त होंगे। व्यावसायिक लाभ एवं विस्तार से मन प्रसन्न रहेगा। नए उद्योग का प्रारंभ हो सकता है। शिक्षा, पुलिस, बैंक, न्याय क्षेत्र आदि में सेवारत जातकों को अनुकूल स्थानान्तरण या प्रमोशन का लाभ मिलेगा। आरोग्य सुख सामान्य रहेगा। इस वर्ष उतावलेपन पर नियंत्रण रखना हितकर रहेगा।