बदायूं। बड़ी ज्यारत के सामने जमीनी विवाद को लेकर सुबह के वक्त फायरिंग हो गई। एक स्कूल संचालक ने मार्बल व्यवसायी पर फायर झोंक दिया जो उसके कान के पास होकर निकल गया। मौके पर ही मौजूद भीड़ ने स्कूल संचालक को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया। सदर कोतवाली में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। इस दौरान कोतवाली में खासी गहमागहमी रही।
सोथा मोहल्ला निवासी अमीर फरशोरी की लालपुल रोड पर आका मार्बल्स नाम से टायल शॉप है। बड़ी ज्यारत के सामने उन्होंने एक प्लॉट खरीदा है। इसी प्लॉट के पीछे वाला प्लॉट अमीर के पड़ोसी फहीम खां का है। फहीम एक निजी स्कूल के संचालक हैं। प्लॉट खरीदने के बाद से ही दोनों के बीच तनातनी थी। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अमीर अपने प्लॉट की बाउंड्री करा रहे थे। इसी दौरान फहीम ने उनसे झगड़ा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि फहीम ने अचानक तमंचा निकालकर अमीर पर फायर कर दिया। गोली अमीर के कान के पास से गुजर गई। इसी के साथ मौके पर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। आसपास के तमाम लोगों ने अमीर की मदद से फहीम को पकड़ लिया। इसके साथ ही सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी गई।
प्रभारी कोतवाल बीएस पौनिया मौके पर पहुंचे और तमंचा बरामद कर फहीम को पकड़ लाए। पीछे से तमाम लोगों के साथ अमीर भी कोतवाली आ गए। दोपहर तक कोतवाली में काफी भीड़भाड़ रही। अमीर की ओर से फहीम के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर दी गई। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने फहीम को जेल भेज दिया। फहीम की ओर से भी पुलिस को एक तहरीर दी गई। फिलहाल पुलिस ने इसे अस्वीकार कर दिया।