Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   Indore News Administration ensures smooth fuel supply petrol diesel

Indore News: पेट्रोल पंपों पर दिनभर रही भीड़, शाम तक खत्म हुआ डर, अधिकारियों को मिली राहत

Wed, 25 Mar 2026 08:58 AM IST
Arjun Richhariya न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: Arjun Richhariya Updated Wed, 25 Mar 2026 08:58 AM IST
सार

Indore News: मंगलवार को देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लगी रही लंबी लाइनें, बुधवार सुबह से प्रशासनिक अमला मैदान में उतरा, सोशल मीडिया पर चल रहे संदेशों पर पुलिस की नजर।

Indore News Administration ensures smooth fuel supply petrol diesel
पेट्रोल पंपों पर तैनात अधिकारी। - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
विज्ञापन

विस्तार

    इंदौर में मंगलवार शाम से पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़ ने प्रशासन की नींद उड़ा दी। मंगलवार को रात में ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मैदान में उतर गए और व्यवस्थाएं संभाली। बुधवार सुबह से भी पेट्रोल पंपों पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहे और यह देखते रहे कि किसी भी तरह से पेट्रोल और डीजल को लेकर परेशानी न बढ़े। शाम होते होते जागरूकता आई और पेट्रोल पंपों पर भीड़ होना कम हुई। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।


    यह भी पढ़ें...
    इंदौर नगर निमग का अल्टीमेटम: व्यावसायिक इमारतों को इस वजह से दिया नोटिस; बेसमेंट से बाजार हटाने का सख्त फरमान

    विज्ञापन

    पेट्रोल पंपों को देर रात तक खुले रहने के निर्देश
    इंदौर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन के निर्देश पर जिले के कई पेट्रोल पंपों को देर रात तक लगातार खुले रखा गया है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। एडीएम सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों, पुलिस अधिकारी, आपूर्ति विभाग और राजस्व विभाग की टीमों ने बुधवार को दिनभर पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा स्वयं फील्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और पेट्रोल-डीजल वितरण की सतत मॉनिटरिंग की गई। सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित समय से अधिक देर तक पंप खुले रखें और उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से ईंधन उपलब्ध कराएं।
    विज्ञापन

    सुबह से मांगलिया से निकले ट्रक
    जिला आपूर्ति नियंत्रक एम. एल. मारू ने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर पेट्रोल और 15 लाख लीटर डीजल की खपत होती है, जबकि पंपों पर करीब 42 लाख लीटर पेट्रोल और 65 लाख लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा मांगलिया डिपो से लगातार ईंधन की आपूर्ति भी जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन भरवाएं।

    मांगलिया डिपो से पेट्रोल-डीजल के 61 टैंकर रवाना हुए
    इंदौर जिले में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आज सुबह 6 बजे से मांगलिया स्थित एचपीसीएल, भारत पेट्रोलियम एवं इंडियन ऑयल के डिपो पर टैंकरों में ईंधन भरने का कार्य तेज गति से प्रारंभ कर दिया गया। सुबह 8 बजे तक मांगलिया डिपो से हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 25 टैंकर लोरियां, भारत पेट्रोलियम की 17 तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की 19 टैंकर लोरियां विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए रवाना हुई। डिपो पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध है और पूरी क्षमता के साथ टैंकरों को भरा जा रहा है। जिला प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे से ही सक्रिय होकर मांगलिया डिपो तथा फील्ड के पेट्रोल पंपों का सतत निरीक्षण कर रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह व्यवस्थित रूप से जारी है।

    कलेक्टरों की बैठक में संभागायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
    इंदौर संभागायुक्त डॉ.सुदाम खाड़े ने आज संभाग के सभी कलेक्टर्स और पेट्रोल डीजल कंपनियों के वितरकों के साथ बैठक की। बैठक में सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक हमेशा रहता है और बुधवार को भी पर्याप्त स्टॉक रहा। कंपनियों द्वारा भी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में इंदौर सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने स्पष्ट किया है कि इंदौर एवं इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक न हों।
          
    वितरक कंपनियों द्वारा जिला प्रशासन के साथ स्टॉक की उपलब्धता शेयर की जाएगी
    बैठक में सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम व हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि जिलों में भी जिला प्रशासन के साथ स्टॉक की उपलब्धता के सम्बंध में डेटा शेयर करेंगे। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पम्पों पर स्टॉक उपलब्ध कराया जाए। आगे भी इस व्यवस्था को बनायें तथा सभी पेट्रोल पम्पों पर अनाउंस सिस्टम पर उपभोक्ताओं को संबोधित करें। इसके अलावा वितरक कंपनियां ब्लैक मार्केटिंग करने वाले डीलर पर तत्काल कार्यवाही करें।
     
    विज्ञापन

    Followed