हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय आगामी शैक्षणिक सत्र से योग विषय की पढ़ाई भी शुरू करेगा। विवि छह माह का सर्टिफिकेट और एक साल का स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स शुरू करेगा।
इसके अलावा विवि प्रदेश में पत्रकारिता विषय भी शुरू करेगा। इसके लिए विवि ने काम करना शुरू कर दिया है। विवि में योग और पत्रकारिता विषय शुरू होने से प्रदेश के युवाओं को इन दोनों विषयों की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
प्रथम चरण में विवि परिसर में ही योग का सर्टिफिकेट और पीजी डिप्लोमा शुरू होगा, जबकि बाद में विवि से संबद्घता प्राप्त महाविद्यालयों में भी योग विषय शुरू किया जाएगा।
उधर, एचपीटीयू के डीन एकेडमिक एवं जन संपर्क अधिकारी कुलभूषण चंदेल ने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से योग विषय शुरू कर दिया जाएगा, जबकि पत्रकारिता विषय शुरू करने को लेकर भी काम चल रहा है।
विवि योग और पत्रकारिता विषय शुरू करने के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। साथ ही नए विषयों को लेकर फीस और सीटों के निर्धारण पर काम चल रहा है।
सीयू और एचपीयू में चल रहे कोर्स
केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पत्रकारिता विषय पढ़ाया जा रहा है। इन दोनों की विवि में पत्रकारिता का सर्टिफिकेट, पीजी डिप्लोमा और स्नात्तकोत्तर की पढ़ाई करवाई जा रही है। इसके अलावा कई निजी विवि में भी यह विषय शुरू किए गए हैं।