बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
- फोटो : ANI
बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने मंगलवार अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच बैंकॉक में हुई बातचीत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में बैंकॉक में बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण का मुद्दा उठाया था।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान हुसैन ने कहा कि हमने यह मुद्दा उठाया, लेकिन अभी तक कुछ भी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। साथ ही जब उनसे पूछा गया कि क्या यूनुस ने हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की ताकि वह मुकदमे का सामना कर सकें, तो हुसैन ने इस पर विस्तार से बात करने से मना कर दिया। हालांकि, उन्होंने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में खटास को लेकर कहा कि ढाका और दिल्ली के बीच रिश्तों में प्रगति के लिए दोनों देशों को मिलकर काम करने की जरूरत है।