फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

जी-20 सम्मेलन में शिरकत करेंगे शी जिनपिंग, व्यापार युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप से करेंगे मुलाकात

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिल्पा ठाकुर Updated Sun, 23 Jun 2019 02:16 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप-शी जिनपिंग - फोटो : File Photo

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस हफ्ते जापान में आयोजित होने वाले जी-20 सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस दौरान वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे ताकि दोनों देशों के बीच चल रहे व्यापार युद्ध को खत्म करने के लिए कोई समझौता हो सके।



चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लु कांग ने रविवार को कहा कि जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निमंत्रण पर शी ओसाका शहर में 27 से 29 जून तक होने वाले जी-20 सम्मेलन में शामिल होंगे। नियोजित बैठक से पहले ट्रंप और शी के बीच फोन पर भी 18 जून को बातचीत हुई है। जिसमें दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौते को बाधित करने वाले मतभेदों को हल करने के लिए जमीन तैयार की गई।


ट्रंप ने बीते साल चीन के साथ व्यापार युद्ध की शुरुआत की थी। ट्रंप ने चीन से कहा था कि व्यापार घाटे को कम किया जाए, जो बीते साल 539 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो गया था। ट्रंप ने जोर देते हुए कहा था कि चीन को अमेरिकी सामान को चीनी बाजार में अधिक जगह देनी चाहिए। इसके बाद दोनों देशों ने एक दूसरे से आयातित सामान पर अरबों डॉलर का अतिरिक्त शुल्क लगाना शुरू कर दिया था। 


बीते हफ्ते भी ट्रंप ने अमेरिका में शेष चीन से आयातित 300 अरब डॉलर के सामान पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने शी के साथ विफल हुई बैठक के बाद ये बात कही थी। अमेरिका पहले से ही चीन से 200 अरब डॉलर मूल्य के आयात पर शुल्क 10 से बढ़ाकर 25 फीसदी कर चुका है। व्यापार युद्ध खत्म करने के लिए उच्च स्तरीय अधिकारियों के नेतृत्व में दोनों ही ओर से विशेष टीमों ने 11 राउंड वार्ता की हैं। ट्रंप ने भी शी से फोन पर बातचीत के बाद ओसाका में होने वाली मुलाकात में प्रगति का संकेत दिया। 


ट्रंप ने कहा, "चीनी राष्ट्रपति शी के साथ फोन पर काफी अच्छी बातचीत हुई। हम अगले हफ्ते जापान में जी-20 सम्मेलन में बैठक करेंगे। हमारी संबंधित टीमें हमारी बैठक से पहले बातचीत शुरू कर देंगी।" शी का भी मानना है कि दोनों देशों के बीच संबंधित मुद्दे बैठक के बाद ही हल हो पाएंगे। जी-20 सम्मेलन से पहले शी जिनपिंग ने उत्तर कोरिया का दौरा किया है।


14 साल में पहली बार कोई चीनी राष्ट्रपति उत्तर कोरिया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि अमेरिका को चीन का उत्तर कोरिया पर दबदबा दिखाना के उद्देश्य से शी ने ये दौरा किया है। ट्रंप और किम के बीच दो बार वार्ता विफल हो चुकी है। जिसपर ट्रंप ने कहा था कि चीन ने उत्तर कोरियाई नेता को परमाणु हथियारों को छोड़ने के समझौते के खिलाफ भड़काया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next