चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को प्रमुख रणनीतिक उपलब्धि बताया है। इसी बीच सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) 22 मई तक संसद सत्र को स्थगित करने के लिए तैयार हो गई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने गुरुवार को कहा कि देश में बुधवार को कोविड-19 के केवल चार नए मामले सामने आए हैं।
जिसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 82,862 हो गए हैं जबकि वायरस के कारण फिलहाल किसी की मौत नहीं हुई है। वहीं वायरस के कारण देश में 4,633 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस को रोकने के चीन के कठोर प्रयासों की वजह से हुबेई और इसकी राजधानी वुहान में निर्णायक परिणाम आए हैं। यह जानकारी शी ने बुधवार को सत्तारूढ़ सीपीसी की एक उच्चस्तरीय केंद्रीय समिति की बैठक में दी।
चीन की सरकारी एजेंसी शिन्हुआ ने राष्ट्रपति जिनपिंग के हवाले से लिखा कि महामारी के खिलाफ देशव्यापी लड़ाई ने बड़ी रणनीतिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि वुहान सहित हुबेई को सामुदायिक स्तर पर महामारी के रोकथाम और नियंत्रण को मजबूत करना जारी रखना होगा।
उन्होंने अधिकारियों से रूस के सीमावर्ती हेइलोंगजियांग प्रांत में वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कहा। जहां बड़ी संख्या में रूसी शहरों से चीनी नागरिक देश लौट रहे हैं और ज्यादातर पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बैठक में फिर से काम शुरू करने और व्यापार को खोलने में मदद करने पर जोर दिया गया।
बैठक में विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम आकार के उद्यमों की कंपनियों को कठिनाइयों का सामना करने में मदद करने, ऑटो विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक जानकारी, नई सामग्री और जैव-चिकित्सा जैसे उद्योगों की रिकवरी को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।
हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में पिछले साल कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था। यह वायरस का उपकेंद्र था। जहां से महामारी के वायरस पूरी दुनिया में फैल गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार शी ने कहा कि कड़ी मेहनत से हासिल की गई उपलब्धियों को कायम रखने के लिए महामारी नियंत्रण में कोई ढील नहीं दी गई है।