फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विदेश के समाचार: रूसी हमले में यूक्रेन के दो लोगों की मौत; पाकिस्तान में अजरबैजान की महिला से हैवानियत

Sun, 27 Sep 2026 03:10 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की बैठक के दौरान जर्मनी और रूस के विदेश मंत्रियों के बीच 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार सीधी बातचीत हुई। इस दौरान जर्मन विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने रूस से नाटो और यूरोप के प्रति आक्रामक रुख छोड़ने की अपील की, लेकिन रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया। लावरोव ने जर्मन समकक्ष की बातों को पुरानी और घिसी-पिटी टिप्पणी करार दिया। दोनों देशों के बीच पिछले महीने जर्मनी के लीपजिग एयरपोर्ट पर हुए संदिग्ध ड्रोन हमले के बाद से रिश्ते बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।   

विज्ञापन


यूक्रेन पर रातभर बरसे रूसी ड्रोन
कूटनीतिक बातचीत नाकाम होने के कुछ ही घंटों बाद रूस ने रातभर यूक्रेन पर भीषण हवाई हमले कर दिए। राजधानी कीव में एक गैर-आवासीय इमारत पर रूसी ड्रोन गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक वाहन मरम्मत दुकान में आग लगने से भारी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, मुख्य काला सागर बंदरगाह के पास स्थित दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में हुए कई हवाई हमलों में एक अन्य नागरिक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पिछले कुछ महीनों से रूस लगातार क्रूज मिसाइलों, ग्लाइड बमों और ड्रोन से यूक्रेनी ठिकानों पर कहर ढा रहा है।   

पाकिस्तान में अजरबैजान की महिला से हैवानियत, कैफे से ले जाकर फ्लैट में सामूहिक दुष्कर्म
पाकिस्तान के लाहौर में व्यापार के सिलसिले में आई अजरबैजान की 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बाकू की रहने वाली पीड़िता करीब दो हफ्ते पहले व्यापारिक सिलसिले में लाहौर पहुंची थी और रायविंड इलाके में ठहरी हुई थी। आरोप है कि 25 सितंबर की रात दो महिलाएं उसे डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके के एक कैफे में ले गईं, जहां तीन पुरुष भी शामिल हो गए। इसके बाद तीनों पुरुषों ने युवती को ड्रॉप करने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठाया और एक फ्लैट में ले गए। वहां उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाकर तीनों ने उसके साथ दरिंदगी की और बाद में गाजी इंटरचेंज के पास फेंककर उसका आईफोन भी छीन लिया।
विज्ञापन


जांच में जुटी पुलिस, मुख्य आरोपी की कार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता (पीपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अंजुम बशीर के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसके रिश्तेदार के घर से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। इसके अलावा पुलिस उन दो महिलाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है जो पीड़िता को कैफे तक लेकर आई थीं। फरार आरोपियों को देश से बाहर भागने से रोकने के लिए उनके नाम 'स्टॉप लिस्ट' में डाल दिए गए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और पुलिस की टीमें संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

चंद्रमा पर बिजली बनाएंगे बेजोस बनाया 20 मीटर ऊंचा सोलर टावर
अमेरिकी कारोबारी जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन ने भविष्य के मून बेस को ऊर्जा देने के लिए एक विशालकाय 20 मीटर ऊंचे सोलर 'पावर टावर' का निर्माण किया है। चंद्रमा पर लंबे समय तक मानव बस्तियों को बनाए रखने के लिए बिजली का संकट सबसे बड़ी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए इस वर्टिकल सोलर ऐरे सिस्टम को डिजाइन किया गया है।

4.27 सेकंड में रूबिक्स क्यूब सेट कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
चीन की 6 वर्षीय लियान युनजी (झिझि) ने मात्र 4.27 सेकंड में 3x3x3 रुबिक्स क्यूब सेट करने का   महिला वर्ग में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन की प्रतियोगिताओं में यह कीर्तिमान स्थापित किया। सिचुआन प्रांत के चेंगदू की रहने वाली झिझि प्रतिदिन 2 से 3 घंटे तक रुबिक्स क्यूब का अभ्यास करती हैं। उन्होंने रुबिक्स क्यूब के लिए 1,300 से ज्यादा एल्गोरिदम पर महारत हासिल की है। रूबिक क्यूब को सबसे कम समय में हल करने का रिकॉर्ड पोलैंड के टियोडोर जाजडर के नाम है, जिन्होंने इसे 2.76 सेकंड में हल किया है।

सोशल मीडिया के 'ग्लास स्किन' ट्रेंड से युवा परेशान न हों, 80% से ज्यादा किशोरों को मुंहासे
सोशल मीडिया पर बेदाग और चमकदार त्वचा यानी 'ग्लास स्किन' का ट्रेंड किशोरों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कई किशोर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के वीडियो देखकर कई तरह के सीरम, टोनर, मास्क और एक्सफोलिएटिंग प्रोडक्ट इस्तेमाल करने लगे हैं। अपेक्षित परिणाम न मिलने पर युवा तनाव में आ जाते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस उम्र में त्वचा की देखभाल के लिए लंबी-चौड़ी स्किनकेयर रूटीन जरूरी नहीं है। उल्टा, जरूरत से ज्यादा प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से त्वचा में जलन और दूसरी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 से 18 वर्ष की उम्र के 80% से अधिक किशोरों को एक्ने यानी मुंहासों की समस्या होती है। त्वचा विशेषज्ञों के मुताबिक किशोरावस्था में हार्मोनल बदलाव के कारण त्वचा में तेल का उत्पादन बढ़ता है। इससे बालों के रोम बंद होने और सूजन के कारण ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स और मुंहासे हो सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली साफ और बेदाग त्वचा को सामान्य मानक नहीं समझना चाहिए। पोर्स, ब्लैकहेड्स, लालिमा और कभी-कभी मुंहासे किशोर त्वचा का सामान्य हिस्सा हो सकते हैं। 

थाईलैंड के 21 प्रांतों में 84,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राजधानी बैंकॉक के कई इलाकों में शनिवार को भारी बारिश हुई। इससे यातायात बाधित हुआ और सैकड़ों लोगों को जगह खाली करने के लिए मजबूर होना पड़ा। थाईलैंड के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश जारी रहेगी। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिटिपंट ने बताया कि पूरे शहर में 200 से अधिक आश्रय स्थल बनाए गए हैं और लगभग 900 लोग उनमें रह रहे हैं।

अमेरिका के अल्बामा में टिकटॉक ने 958 करोड़ रुपये का समझौता किया
टिकटॉक और उसकी पैरेंट कंपनी बाइट डांस ने अमेरिकी राज्य अल्बामा के साथ 100 मिलियन डॉलर (958 करोड़ रुपये) का ऐतिहासिक समझौता किया है, जिससे किशोरों में सोशल मीडिया की लत और उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा टल गया है। इस समझौते के तहत, अल्बामा में किशोरों के ऐप इस्तेमाल करने पर कई सख्त पाबंदियां लागू की जाएंगी।

जर्मनी में दर्दनाक हादसा: फिलीपींस के पर्यटकों से भरी बस पलटी, 2 की मौत 
जर्मनी के म्यूनिख शहर के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां फिलीपींस के पर्यटकों को ले जा रही एक टूरिस्ट बस हाईवे से उतरकर पलट गई। इस दुर्घटना में कम से कम दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जर्मन अधिकारियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा बुचलोई क्षेत्र के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है, हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक बस स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख शहर से इटली के मिलान की ओर जा रही थी। घटना के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।  

बीएलएफ का दावा- समूह की महिला यूनिट ने पाकिस्तान के नौ सुरक्षाकर्मियों को किया ढेर
बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने दावा किया है कि समूह के नए महिला दस्ते 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' (केएएडी) के हालिया हमलों में पाकिस्तानी सैन्य बलों के नौ जवान मारे गए। बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक, बीएलएफ प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलूच ने एक बयान में कहा कि 22 सितंबर को तुरबत के पास जुशाक इलाके में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) राजमार्ग पर तीन वाहनों वाले क्विक रिस्पॉन्स फोर्स (क्यूआरएफ) के काफिले पर केएएडी ने हमला किया। समूह का दावा है कि हमले में छह सैन्यकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए।

प्रवक्ता के अनुसार, बीएलएफ की कुर्बान यूनिट ने भी इस अभियान में केएएडी का साथ दिया। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी बलों ने दोनों दस्तों को घेरने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मुकाबला करते हुए सुरक्षित वापसी की। हमले में कई सैन्य वाहनों को नुकसान पहुंचने का भी दावा किया गया। इस दौरान कुर्बान इकाई का एक लड़ाका चाकर मुराद उर्फ दिलीप जान भी मारा गया।

ग्वाहराम बलूच ने दावा किया कि केएएडी ने बलूचिस्तान के कलात जिले की मंगुचर तहसील में क्वेटा-कराची राजमार्ग पर तीन स्थानों पर नाकेबंदी की। मंगुचर बाजार की ओर से बख्तरबंद वाहन और दो अन्य वाहनों में पहुंचे पाकिस्तानी बलों पर हमला किया गया, जिसमें दो सैन्यकर्मी मारे गए। समूह ने दावा किया कि इस दौरान कई सैन्य वाहनों को नुकसान पहुंचा। बयान के मुताबिक, पाकिस्तानी बलों ने लड़ाकों को घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद एक और मुठभेड़ हुई। इसमें एक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया।

एक अन्य घटना में बलूच रिपब्लिकन आर्मी (बीआरए) ने बलूचिस्तान के डेरा बुगती जिले के बेह लोटी इलाके में मारी एनर्जी लिमिटेड के एक ठिकाने पर हमले की जिम्मेदारी ली। समूह के प्रवक्ता सरबाज बलूच के हवाले से बलूचिस्तान पोस्ट ने बताया कि रॉकेट और भारी हथियारों से किए गए इस हमले में कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए।

गाजा में मौतों का आंकड़ा 74 हजार पार, नेतन्याहू के खिलाफ एकजुट हुआ विपक्ष
इस्राइल और हमास के बीच जारी भीषण जंग में फलस्तीनियों की मौतों का आंकड़ा 74,000 के पार पहुंच गया है। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस संघर्ष में अब तक 74,016 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 1.75 लाख से अधिक लोग घायल हैं। भले ही पिछले साल 10 अक्टूबर से संघर्षविराम लागू है, लेकिन इस्राइली सेना खतरों का हवाला देकर छिटपुट हमले जारी रखे हुए है, जिनमें अब तक 1,100 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर इस्राइल की घरेलू राजनीति में बड़ा भूचाल देखने को मिल रहा है। देश के प्रमुख विपक्षी दलों ने आगामी चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए हाथ मिला लिया है। सात अक्तूबर 2023 के हमलों के बाद होने जा रहे इन चुनावों को नेतन्याहू की सुरक्षा विफलताओं पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा है।

चीन में खनन के कचरे ने बिगाड़ी 'ग्रेट वॉल' की सूरत, अनदेखी से दीवार में आया 19 फीट का गैप
चीन की ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध 'ग्रेट वॉल ऑफ चाइना' को कोयला खदानों के कचरे (स्लैग) के कारण भारी नुकसान पहुंचा है। उत्तरी-मध्य चीन के शांक्सी प्रांत स्थित गुओजियायाओ क्षेत्र में मिंग राजवंश काल के एक प्राचीन हिस्से को एक बिना लाइसेंस वाली माइनिंग कंपनी ने कचरा फेंकने के शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल किया। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, साल 2007 में कंपनी ने खुदाई का कचरा हटाने के लिए दीवार के बीच में एक ट्रेंच खोद दी थी। स्थानीय अधिकारियों ने 2015 से मिल रही शिकायतों और व्हिसलब्लोअर्स की चेतावनियों को लगातार नजरअंदाज किया, जिसके चलते दो दशकों की लापरवाही के बाद दीवार में लगभग 19 फीट का बड़ा गैप बन गया है।

स्पेन: 87 साल की बुजुर्ग महिला की बेदखली के बाद भड़का जनआक्रोश, मैड्रिड में तंबू लगाकर सड़कों पर डटे लोग
स्पेन की राजधानी मैड्रिड में गंभीर आवास संकट के बीच एक 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला, मारिया डेल कारमेन अबास्कल को उनके दशकों पुराने घर से निकाले जाने के बाद भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। इंवेस्टमेंट फंड द्वारा अचानक किराया 500 यूरो से बढ़ाकर 2,650 यूरो करने और पेंशन से भुगतान न कर पाने के कारण हुए इस इवेक्शन ने जनता का गुस्सा भड़का दिया। हजारों प्रदर्शनकारियों ने ऐतिहासिक पुएर्ता डेल सोल प्लाजा में तंबू गाड़ दिए हैं और बेदखली पर रोक तथा अनिश्चितकालीन रेंटल कॉन्ट्रैक्ट की मांग कर रहे हैं। स्पेन में किफायती मकानों की भारी कमी और बढ़ती कीमतों के कारण यह आंदोलन 2011 के ऐतिहासिक 'इंडिग्नाडोस' विरोध प्रदर्शनों की याद दिला रहा है।

अमेरिका: कैलिफोर्निया में समुद्र के बढ़ते जलस्तर से मिट रहे तट, व्यस्ततम रेल लाइन पर मंडराया संकट
दक्षिणी कैलिफोर्निया का खूबसूरत तटीय शहर सैन क्लेमेंटे समुद्र के जलस्तर में वृद्धि और भीषण तटीय कटाव की गंभीर चुनौती से जूझ रहा है। लहरों के लगातार टकराने से समुद्र तट पीछे खिसक रहा है और तटीय चट्टानों के ढहने से अमेरिका की दूसरी सबसे व्यस्त पैसेंजर रेल लाइन को बार-बार बंद करना पड़ रहा है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि जलवायु परिवर्तन और एप्रोच कर रहे 'सुपर अल नीनो' के कारण सदी के अंत तक क्षेत्र के आधे से अधिक समुद्र तट पूरी तरह नष्ट हो सकते हैं। इस संकट से निपटने और रेतीले तटों को बचाने के लिए स्थानीय निवासी अब खुद पर अतिरिक्त टैक्स लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं।

अफगानिस्तान के आरोपों पर पाकिस्तान की सफाई, 'नूरिस्तान हिंसा में हमारा हाथ नहीं, आरोप पूरी तरह बेबुनियाद'
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के तालिबान शासन द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें इस्लामाबाद पर नूरिस्तान प्रांत में सशस्त्र समूहों और आईएसआईएस आतंकियों को शह देने का दावा किया गया था। अफगान रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने नूरिस्तान के कामदेश जिले में हुए हमले का समर्थन किया और पूर्व अफगान सैनिकों को नौकरी का झांसा देकर ट्रेनिंग दी। इस पर पलटवार करते हुए पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद, तथ्यहीन और निराधार हैं। पाकिस्तान ने तालिबान सरकार से अपनी जमीन से संचालित हो रहे आतंकी संगठनों पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।

यूक्रेन पर रूस का कहर जारी, रातभर हुए हवाई हमलों में 6 लोगों की मौत
रूस और यूक्रेन के बीच हवाई युद्ध लगातार खतरनाक रूप लेता जा रहा है। न्यू यॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान जर्मनी की ओर से तनाव कम करने की अपील को खारिज करने के कुछ ही घंटों बाद, रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर ताबड़तोड़ हमले किए। इन हमलों में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई, जिनमें कीव के बाहरी इलाके, ओडेसा और सुमी क्षेत्र में हुए हमले शामिल हैं। राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के अनुसार, रूस ने कीव में एक डेटा सेंटर को भी निशाना बनाया। वहीं दूसरी ओर, रूसी कब्जे वाले एनर्होदार शहर में यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक महिला की मौत की खबर है।

तुर्किये में शेयर बाजार में हेरफेर का बड़ा मामला, राष्ट्रपति एर्दोगन की पार्टी की डिप्टी चेयरपर्सन का इस्तीफा
तुर्किये के सत्ताधारी दल जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी की उप-अध्यक्ष और पूर्व मंत्री फातमा बेतुल सायान काया ने शेयर बाजार में हेरफेर और अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विपक्ष का आरोप है कि काया ने शेयर बाजार में आई भारी गिरावट से ठीक पहले करोड़ों डॉलर के शेयर बेचकर भारी मुनाफा कमाया था। विपक्षी दलों के अनुसार, उन्होंने अप्रैल में खरीदे गए शेयरों को करीब 2.75 करोड़ डॉलर में बेचा। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और अभियोजकों ने इस वित्तीय घोटाले की जांच शुरू कर दी है।

पाकिस्तान करेगा एससीओ राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक की मेजबानी
शंघाई सहयोग संगठन की 2026-27 के लिए अध्यक्षता संभालते ही पाकिस्तान सोमवार से इस्लामाबाद में एससीओ के राष्ट्रीय समन्वयकों की तीन दिवसीय बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। 28 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में सदस्य देशों के प्रतिनिधि और एससीओ सचिवालय के अधिकारी हिस्सा लेंगे। यह बैठक अगस्त 2027 में पाकिस्तान में प्रस्तावित एससीओ राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की तैयारियों का पहला बड़ा कदम है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस कार्यकाल के दौरान 'कनेक्टिविटी, इनोवेशन और साझा समृद्धि' के विजन को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

नेपाल के पूर्व मुख्य न्यायाधीश चोलेंद्र शमशेर राणा हिरासत में
नेपाल के पूर्व मुख्य न्यायाधीश चोलेंद्र शमशेर राणा को रविवार तड़के सुरक्षा खतरों की सूचना के बाद पुलिस ने कुछ समय के लिए हिरासत में लिया। हालांकि, स्थानीय मीडिया में उन्हें तख्तापलट की साजिश और आपराधिक मामले से जोड़कर गिरफ्तारी की खबरें आईं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उन्हें संभावित हमले से बचाने के लिए सुरक्षा घेरे में लिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने उनसे पूछताछ के बाद दोपहर को रिहा कर दिया। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब नेपाल में पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और प्रचंड के नेतृत्व में सरकार विरोधी प्रदर्शनों की तैयारियां चल रही हैं।
विज्ञापन

अमेरिका में भीषण शक्तिशाली तूफान का कहर, तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी राज्यों में आए शक्तिशाली 'नॉरईस्टर' तूफान ने भारी तबाही मचाई है। न्यू जर्सी से लेकर न्यू इंग्लैंड तक के तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और समुद्र की ऊंची उठती लहरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। न्यूयॉर्क शहर में शनिवार को एक पेड़ गिरने से हाउसिंग अथॉरिटी के कर्मचारी की मौत हो गई। राष्ट्रीय मौसम सेवा (एनडब्ल्यूएस) के अनुसार, तूफान लोंग आइलैंड के दक्षिण में बना हुआ है और अगले 24 घंटों तक क्षेत्र में मंडराता रहेगा। अधिकारियों ने हाई-टाइड (उच्च ज्वार) के कारण तटीय इलाकों में फिर से गंभीर जलभराव और तटीय बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

तूफान के चलते न्यू यॉर्क, कनेक्टिकट, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स सहित कई राज्यों में 1,00,000 से अधिक घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई है। न्यू जर्सी और न्यूयॉर्क की सड़कों पर भारी जलभराव के कारण लोग कायक (एक प्रकार की छोटी नाव) चलाते नजर आए, जबकि कई वाहन बाढ़ के पानी में फंस गए। आपातकालीन एजेंसियों (FEMA) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। तूफान का असर यातायात पर भी भारी पड़ा है; बोस्टन लोगान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि नॉर्थ कैरोलिना के हैटरस आइलैंड जाने वाले हाईवे बाढ़ में बह जाने से संपर्क कट गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें