इस साल का सुपर अल नीनो दुनिया के कई हिस्सों में जानलेवा गर्मी का कारण बन सकता है। शिकागो विश्वविद्यालय की क्लाइमेट इम्पैक्ट लैब के शोधकर्ताओं के अनुमान के मुताबिक, सितंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच अत्यधिक गर्मी के कारण दुनियाभर में करीब 4.51 लाख अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं। शोधकर्ताओं ने चेताया है कि अगर अल नीनो 2027 तक बना रहा तो यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान समेत उत्तरी गोलार्ध के देश खास तौर पर संवेदनशील हो सकते हैं।
ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में कैरिबियन और बरमूडा के स्थानीय शब्द शामिल
ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी ने बरमूडा और कैरिबियन में इस्तेमाल होने वाले एक दर्जन से अधिक शब्दों को आधिकारिक मान्यता दी। बुधवार को जिन शब्दों को मान्यता दी गई इनमें "बिमपर्ट" (मूर्ख व्यक्ति) और "हॉर्नरमैन" (बेवफा पुरुष) जैसे शब्द प्रमुख हैं। लियोनार्ड अलेक्जेंडर ने "हॉर्नरमैन" के शामिल होने पर खुशी जताई। "वेक्स मनी" वह पैसा है जो महिलाएं आपात स्थिति के लिए सुरक्षित रखती हैं। "जाब्लेस" एक दुष्ट महिला आत्मा है, जबकि "डौएन" बपतिस्मा से पहले मरे बच्चे की आत्मा है। एवियोन जॉर्ज ने कहा कि यह मान्यता युवा पीढ़ियों के लिए परंपरा बचाती है। "शेडिश", "शुगर केक", "पीनट पंच" जैसे खाद्य-संबंधी शब्द भी जोड़े गए। "नाना", "नानी" (मातृ दादा-दादी) और "हम्मा" (दोस्त) जैसे शब्द भी सूची में हैं। "ट्रिनबैगोनियन" और "कैनबौले" (दास मुक्ति का कार्निवल उत्सव) अंतिम कैरिबियन शब्द हैं। शेरविन विलियम्स ने कहा कि इससे दुनिया उनके त्रिनिदादियन मूल को समझेगी।
युद्धपोत लिंकन पर लंबी तैनाती से परेशान 8 नाविकों ने की थी आत्महत्या की कोशिश
ईरान युद्ध के दौरान रिकॉर्ड समय तक लगातार समुद्र में तैनात रहे अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन के स्ट्राइक ग्रुप में तैनाती के दौरान आठ नौसैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की थी। अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सचिव हंग काओ ने मंगलवार को सीनेटर किर्स्टन गिलिब्रैंड को भेजे पत्र में यह जानकारी दी।
काओ ने स्पष्ट किया कि इस तैनाती के दौरान पोत पर किसी नौसैनिक की आत्महत्या नहीं हुई। हालांकि, लिंकन की तैनाती शुरू होने के बाद पूरे स्ट्राइक ग्रुप में आत्महत्या की आठ कोशिशें हुईं। इनमें पोत के चालक दल के अलावा विमानन इकाइयों, स्ट्राइक ग्रुप और विध्वंसक स्क्वाड्रन के कर्मचारियों, साथ चल रहे विध्वंसक जहाजों और तैनात विमानन स्क्वाड्रनों के नौसैनिक शामिल हैं। न्यूयॉर्क की डेमोक्रेट सीनेटर गिलिब्रांड ने पिछले महीने चालक दल की स्थिति को लेकर काओ से जानकारी मांगी थी और विशेष रूप से आत्महत्या के मामलों के बारे में पूछा था। हाल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने करीब नौ महीने की तैनाती को अच्छा समय बताते हुए कहा था कि अतीत में नौसैनिकों को इससे भी ज्यादा समय तक समुद्र में रखा गया है।
--------
नवबंर, 2025 में सैन डिएगो से रवाना हुआ था पोत
लिंकन की लंबी तैनाती के दौरान चालक दल में तनाव, मानसिक स्वास्थ्य और भोजन व स्वच्छता सामग्री की कमी की खबरें सामने आई थीं। लिंकन पिछले साल नवंबर में सैन डिएगो से रवाना हुआ था और जनवरी, 2026 में ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियानों के समर्थन में पश्चिम एशिया पहुंचा था। वह 260 से ज्यादा दिनों तक लगातार समुद्र में रहा। सितंबर की शुरुआत में जहाज और कुछ सहयोगी पोत थाईलैंड में रुके थे।