पोप फ्रांसिस ने मंगलवार को एक माफीनामा जारी किया है। बता दें कि उन्होंने पिछले सप्ताह इटली के बिशप्स के साथ एक बैठक की थी। उन पर आरोप है कि बैठक के दौरान उन्होंने कथित तौर पर समलैंगिकों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। हालांकि अब उन्होंने अपने बयान पर माफी मांगी है। वेटिकन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि पोप की मंशा कभी भी किसी को आहत करने की नहीं थी। आगे लिखा गया है कि जो लोग पोप की बात से आहत हुए हैं, उनसे पोप माफी मांगते हैं।
इस्राइल में भारत के राजदूत संजीव सिंगला ने जेरूसलम में भारतीय धर्मशाला के निदेशक शेख मोहम्मद मुनीर नजीर हसन अंसारी के निधन पर शोक व्यक्त किया। बता दें कि अंसारी को इससे पहले प्रवासी दिवस पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 96 वर्ष के अंसारी का जन्म 1998 में जेरुसलम में हुआ था। उनका परिवार वहां मौजूद एक भारतीय धर्मशाला की देख रेख करता है। कहा जाता है कि इस धर्मशाला में पंजाब के 12वीं सदी के प्रसिद्ध सूफी संत बाबा फरीद ने 40 दिनों तक एकांत में प्रार्थना की थी। 24 मई को शेख अंसारी का निधन हुआ था। भारत सरकार ने शेख अंसारी को अगस्त 2011 में प्रवासी दिवस सम्मान से पुरस्कृत किया था।
नेपाल ने मंगलवार को अपना 17वां गणतंत्र दिवस मनाया। इस मौके पर राष्ट्रपति रामचंच्र पौडेल ने कहा कि संघीय लोकतांत्रिक गणतंत्र प्रणाली ने देश में पूर्ण राजनीतिक अधिकार सुनिश्चित किए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल प्रचंड ने कहा कि गणतंत्र प्रणाली सिर्फ राजनीतिक प्रणाली नहीं, बल्कि एक जीवनशैली भी है। नेपाल की संसद ने 17 वर्ष पहले 2008 में पीपुल्स मूवमेंट द्वितीय के सफल समापन के बाद एक ऐतिहासिक घोषणा के जरिये 240 साल पुराने राजशाही तंत्र को समाप्त कर दिया था। नेपाल को 28 मई, 2008 को एक संघीय गणराज्य लोकतांत्रिक राष्ट्र घोषित किया गया था।
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की अध्यक्षता वाली यूनाइटेड नेशनल पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव और आम चुनाव को स्थगित करने के लिए जनमत संग्रह कराने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका में फिलहाल आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए चुनावों को दो साल के लिए स्थगित करना आवश्यक है। हालांकि, इस प्रस्ताव की तुरंत आलोचना की गई। विपक्षी दलों ने इस सुझाव को असंवैधानिक बताया है। बता दें कि श्रीलंका के चुनाव आयोग ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि द्वीप राष्ट्र में राष्ट्रपति चुनाव 17 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच कराए जाएंगे।
भारत के स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा को जिनेवा में सतहत्तरवीं विश्व स्वास्थ्य सभा (77 WHA) में समिति ए का प्रमुख नियुक्त किया गया है। अपूर्व चंद्रा ने कहा ‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं इस समिति को कुशल तरीके से निर्देशित करने की कोशिश करूंगा।’ उन्होने बताया कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य सभा की थीम 'सभी स्वास्थ्य के लिए, सभी के लिए स्वास्थ्य' है। उन्होंने आगे कहा कि यह भारत के 'वसुधैव कुटुंबकम' के मूल सिद्धांतों से काफी मेल खाता है।
हांगकांग पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि इन सभी लोगों ने सोशल मीडिया पर देश के खिलाफ कुछ पोस्ट किया था। बता दें कि हाल ही में हांगकांग में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून पारित किया गया है। इन छह लोगों को गिरफ्तार करने में पहली बार इस कानून का इस्तेमाल किया गया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
अमेरिकी सांसदों के ताइवान दौरे पर चीन ने नाराजगी जताई। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने अमेरिका और ताइवान के बीच सैन्य संपर्क और ताइवान को हथियार प्रदान करने के प्रयास की निंदा की। चीन ने ताइवान में नई सरकार बनने के बाद ही आसपास के इलाकों में कई सैन्य अभ्यास किए। चीन की इस हरकत के बाद अमेरिकी सांसदों ने ताइवान का दौरा किया।
पापुआ न्यू गिनी में 24 मई को एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें सैकड़ों लोग जब गए। इस घटना के बाद भारत सरकार ने राहत और पुनर्निर्माण प्रयासों का समर्थन करने के लिए दस लाख डॉलर की तत्काल राहत सहायता प्रदान करने का एलान किया।