पूर्वी कांगो में कीवू झील पर एक नाव पलटने के कारण 78 लोगों की मौत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, नाव पर 278 यात्री सवार थे, तभी अचानक पलट गई। कीवू झील एक मुख्य जल परिवहन मार्ग है। लेकिन यह दुर्घटनाओं को लेकर चर्चाओं में रहता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, नावों में क्षमता से अधिक यात्री सवार होने के कारण ऐसी घटनाएं होती हैं।
अमेरिका: तूफान 'हेलिन' से मरने वालों का आंकड़ा 200 पार पहुंचा
हाल ही में आए तूफान हेलिन के चलते जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलिना में मृतकों का आंकड़ा 200 पार पहुंच गया है। एपी की रिपोर्ट में मुताबिक, इस भीषण तूफान ने कई राज्यों में तबाही मचाई, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ है। तूफान के बाद राहत और बचाव कार्य जारी हैं। जबकि प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को सुधारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय एजेंसियां प्रभावित परिवारों को मदद के लिए काम कर रही हैं।
अमेरिका: सिएटल सेंटर में बापू की प्रतिमा का अनावरण
महात्मा गांधी की जयंती पर सिएटल सेंटर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। यहां के मेयर ब्रूस हैरेल, सांसद एडम स्मिथ और भारतीय मूल की सांसद प्रमिला जयपाल की मौजूदगी में बुधवार को प्रतिमा का अनावरण हुआ। बता दें, प्रतिमा प्रसिद्ध स्पेस नीडल के नीचे तथा चिहुली गार्डन एवं ग्लास म्यूजियम के पास स्थापित की गई है।
यह लोग भी रहे मौजूद
अनावरण समारोह का नेतृत्व सिएटल में भारत के महावाणिज्यदूत प्रकाश गुप्ता ने किया। इसमें प्रशांत नॉर्थवेस्ट में यूएस फर्स्ट कॉर्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जेवियर ब्रूनसन और मार्टिन लूथर किंग-गांधी इनिशिएटिव के अध्यक्ष एडी राई भी शामिल हुए। इस अवसर पर, वाशिंगटन के गवर्नर जे इंसली ने एक आधिकारिक घोषणा जारी की, जिसमें इस प्रतिमा को गांधीजी की शिक्षाओं के प्रति एक स्थायी श्रद्धांजलि तथा परिवर्तन लाने में अहिंसा के प्रभाव की एक शक्तिशाली याद दिलाने वाला बताया गया।
किंग काउंटी ने एक अन्य घोषणा जारी कर दो अक्तूबर को सिएटल क्षेत्र के सभी 73 शहरों में 'महात्मा गांधी दिवस' घोषित किया। सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पिछले साल नवंबर में वाशिंगटन, ओरेगन, इडाहो, मोंटाना, व्योमिंग, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा, नेब्रास्का और अलास्का के नौ प्रशांत नॉर्थवेस्ट राज्यों में वाणिज्य दूतावास अधिकार क्षेत्र के साथ काम करना शुरू किया था। वाणिज्य दूतावास ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सिएटल में गांधी की प्रतिमा स्थापित करना वाणिज्य दूतावास के अधिकार क्षेत्र में लागू की जा रही पहलों की श्रृंखला में से एक है।
पीयूष गोयल ने भी दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले को श्रद्धांजलि! महात्मा गांधी के आदर्श दुनिया के लिए आशा की किरण बने हुए हैं।'
'महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करके अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुरुआत की'
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथानेनी हरीश ने कहा, 'महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करके अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुरुआत की। संयुक्त राष्ट्र भवन में उनकी उपस्थिति सत्य और अहिंसा के उनके मार्ग पर चलने और 'शांति ही मार्ग है' की निरंतर याद दिलाती है। आज गांधीवादी मूल्यों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर हमारी चर्चाओं की प्रतीक्षा है।'