आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे भारत-जापान
भारत और जापान ने बृहस्पतिवार को दक्षिण एशिया में आतंकवाद विरोधी गतिविधियों और इस चुनौती से एकजुट होकर मुकाबला करने के तरीकों पर व्यापक चर्चा की। भारत-जापान संयुक्त कार्य समूह की बैठक में दोनों पक्षों ने कट्टरपंथ, आतंकवाद की चुनौतियों से निपटने के लिए सुझावों और तकनीकों के प्रयोग में सहयोग बढ़ाने पर विमर्श किया। विदेश मंत्रालय ने कहा गया कि दक्षिण पूर्व एशिया व मध्य पूर्व में आतंकवाद के साथ-साथ अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए दोनों पक्षों ने संगठित अपराध और नार्को-आतंक नेटवर्क का मुकाबला करने पर भी चर्चा की।
भारत की सिलिकॉन वैली देख अभिभूत : गार्सेटी
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने अपनी हालिया बंगलूरू यात्रा के बारे में बताया कि वह भारत की सिलिकॉन वैली देखकर अभिभूत हैं। सिलिकॉन वैली में कदम रखते ही उन्हें ऐसा लगा जैसे वे ऊर्जा और नवाचार के भंवर में गोता लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, वह बंगलूरू में अमेरिका-भारत संबंधों को मजबूत करने के लिए किए जा रहे काम को देखकर आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने बंगलूरू प्रवास और इसरो चेयरमैन एस सोमनाथ के साथ हुई मुलाकात सहित अपनी बैठकों का वर्णन किया।
पाकिस्तान ने चीन की मदद से अंतरिक्ष में भेजा संचार उपग्रह
पाकिस्तान ने चीन की मदद से तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए अंतरिक्ष में एक संचार उपग्रह को प्रक्षेपित किया है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने एक महीने के भीतर अंतरिक्ष की कक्षा में दूसरा उपग्रह भेज दिया है।
इस बहु मिशन संचार उपग्रह को पाकसेट एमएम 1 नाम दिया गया है। इस उपग्रह को जिचांग उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से प्रक्षेपित किया गया है। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि उपग्रह में अंतरिक्ष की कक्षा में प्रवेश कर लिया है। पाकिस्तान का कहना है कि यह उपग्रह सबसे बेहतर इंटरनेट सुविधा प्रदान करेगा।
अलास्का : भारतीय वायुसेना ने रेड फ्लैग सैन्य अभ्यास में लिया हिस्सा
भारतीय वायुसेना ने बृहस्पतिवार को अमेरिका के अलास्का में 16 दिवसीय बहुराष्ट्रीय मेगा सैन्य अभ्यास में हिस्सा लिया। सैन्य अभ्यास 77,000 वर्ग मील से अधिक क्षेत्र में चल रहा है। 30 मई से 14 जून तक चलने वाले 'रेड फ्लैग' अभ्यास के लिए भारतीय वायुसेना ने राफेल विमानों को तैनात किया है। अमेरिका की प्रशांत वायु सेना ने कहा कि अभ्यास के दौरान लगभग 3100 सेवा सदस्य 100 से अधिक विमानों को उड़ाने और रखरखाव का प्रशिक्षण देंगे।
भारत में गिरफ्तार चार श्रीलंकाई नागरिक धार्मिक चरमपंथी नहीं
श्रीलंका सरकार ने कहा है कि पिछले हफ्ते भारत के गुजरात में आईएस के आतंकी गुट से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार उसके चार. नागरिकों का धार्मिक चरमपंथी होने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। हालांकि वे ड्रग्स के लती हैं। श्रीलंका के रक्षा सचिव कमल गिनारत्ने ने कहा कि अधिकारियों को भारत में गिरफ्तार किए गए लोगों की पृष्ठभूमि की जांच करने के लिए कहा गया था।
इमरान खान को 9 मई के दंगों के मामलों में कोर्ट ने बरी किया
पाकिस्तान में जिला एवं सत्र न्यायालय ने पीटीआई के संस्थापक इमरान खान को 9 मई की हिंसा के दो मामलों में बरी कर दिया। उन्हें यह राहत अपर्याप्त सबूतों के आधार पर मिली है। खान के वकील मिर्जा आसिम बेग व नईम पंजोथा ने यह जानकारी दी। हालांकि इमरान खान की तोशाखाना, बुशरा बीबी से अवैध निकाह और सिफर मामले में सजा अभी भी लंबित है और वे अभी जेल से रिहा नहीं होंगे।
अमेरिका और चीन के शीर्ष राजनयिकों ने की बातचीत: व्हाइट हाउस
चीन के विदेश उप मंत्री मा झाओशू ने गुरुवार को अमेरिकी प्रधान उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइन के साथ स्पष्ट और रचनात्मक बातचीत की। अमेरिका के चार दिवसीय दौरे पर आए शीर्ष चीनी राजनयिक ने विदेश मंत्रालय के फॉगी बॉटम मुख्यलाय में उप विदेश मंत्री कर्ट कैंपबेल से भी मुलाकात की। व्हाइट हाउस ने एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया, दोनों पक्षों ने एक स्पष्ट और रचनात्मक बातचीत की। दोनों नेताओं ने सैन्य संपर्क जारी रखने और नशीले पदार्थों पर रोकथाम जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न मतभेदों पर भी चर्चा की।
वेदांत पटेल ने राष्ट्रपति जो बाइडन की तारीफ की
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के भारतीय मूल के वेदांत पटेल ने राष्ट्रपति जो बाइडन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब हमारे प्रयासों व हिंद-प्रशांत और एशिया क्षेत्र पर व्यापक रूप से ध्यान केंद्रित करने की बात आती है तो हमने इससे अपनी नजरें नहीं हटाई हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि केवल पिछले वर्ष में ही आपने राष्ट्रपति को जापान और कोरिया गणराज्य के बीच कैंप डेविड में ऐतिहासिक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन का आयोजन करते देखा है।
उन्होंने आगे कहा, 'आपने उन्हें पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के राष्ट्रपति के साथ वुडसाइड कैलिफोर्निया में एक ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन करते देखा। वहीं ब्लिंकन खुद भी पिछले 12 महीनों में दो बार चीन जा चुके हैं। आपने देखा कि इस प्रशासन ने हमारे जापानी भागीदारों और फिलीपींस में हमारे भागीदारों के बीच एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय रखा है।'