अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने पेनसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो से मुलाकात की। उन्होंने आर्थिक व तकनीकी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
गवर्नर शापिरो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वे निवेश बढ़ाने, प्रतिभा के अवसरों का विस्तार करने और दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए अच्छे रोजगार बनाने के लिए साथ काम जारी रखने को उत्सुक हैं। वहीं, भारतीय दूतावास के अनुसार, क्वात्रा ने भारत में बुनियादी ढांचे, डिजिटल और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) में तेजी से हो रहे बदलावों की जानकारी दी और पेनसिल्वेनिया में भारतीय समुदाय के समर्थन के लिए शापिरो का धन्यवाद किया।
जर्मनी में कार ने लोगों को कुचला, दो की मौत, तीन घायल
जर्मनी के लाइपजिग शहर के एक व्यस्त बाजार में सोमवार दोपहर एक कार ने लोगों को कुचल दिया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ अन्य को मामूली चोटें आई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मेयर बुर्खार्ड जुंग ने इसे 'बहुत दुखद त्रासदी' बताया। पुलिस ने जर्मन नागरिक चालक (33 वर्षीय) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अभियोजकों ने कहा कि उस पर हत्या और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। लेकिन हमले के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
सैक्सनी राज्य के गृह मंत्री आर्मिन शुस्टर ने कहा कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि आरोपी ने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि अब किसी तरह का खतरा नहीं है। घटना के बाद की तस्वीरों में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त और शीशा टूटा हुआ दिखाई दिया।
पाकिस्तानी नौसेना ने अरब सागर में फंसे भारतीय जहाज के चालक दल की मदद की
पाकिस्तानी नौसेना ने अरब सागर में फंसे एक भारतीय जहाज के चालक दल को मानवीय सहायता प्रदान की है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। इस बचाव और सहायता अभियान में पाकिस्तान समुद्रीय सुरक्षा एजेंसी ने भी मदद की।
रिपोर्ट के अनुसार, इस जहाज पर छह भारतीय और एक इंडोनेशियाई नागरिक सवार थे। यह जहाज ओमान से भारत की ओर जा रहा था, तभी इसमें तकनीकी खराबी आ गई। मुंबई में स्थित समुद्री सुरक्षा और समन्वयक केंद्र ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क कर सहायता मांगी थी, जिसके बाद यह अभियान शुरू किया गया।
फंसे हुए चालक दल को भोजन, चिकित्सा सहायता और तकनीकी मदद दी गई। जहाज को सुरक्षित करने के प्रयास अभी भी जारी हैं। इससे पहले पिछले महीने भी पाकिस्तान नौसेना ने अरब सागर में एक व्यापारी जहाज से 18 चालक दल के सदस्यों को बचाया था, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
तीन दिन के राजकीय दौरे पर आज दिल्ली पहुंचेंगे वियतनाम के राष्ट्रपति
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम तीन दिन की राजकीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा जिसमें वियतनाम सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी तथा एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल है।
कीर्तिवर्धन सिंह ने फिलीपींस के प्रवासी कामगार विभाग के सचिव से की मुलाकात
विदेश मामलों के राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने फिलीपींस के प्रवासी कामगार विभाग के सचिव हंस लियो कैकडैक से मुलाकात की। राज्य मंत्री ने बताया कि उनकी मुलाकात के दौरान उन्होंने आवागमन और प्रवासन से संबंधित साझा मुद्दों पर सहयोग की चर्चा की।
डब्ल्यूएचओ ने हंता वायरस के एक और मामले की पु्ष्टि की
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने पुष्टि की है कि अटलांटिक महासागर में एक डच क्रूज जहाज पर हंता वायरस संक्रमण का दूसरा मामला सामने आया है, जिससे जहाज पर कुल मामलों की संख्या दो हो गई है। क्रूज ऑपरेटर ओशनवाइड एक्सपेडिशंस के अनुसार, हाल ही में पुष्टि हुई मरीज एक डच महिला यात्री थी, जिनकी 27 अप्रैल को मृत्यु हो गई।
रिपोर्ट में बताया गया कि जहाज पर लगभग 150 लोग अभी भी मौजूद हैं। इससे पहले एक डच दंपती और एक जर्मन नागरिक की मौत हो चुकी है, जबकि दो क्रू सदस्य बीमार हुए हैं। एक अन्य संक्रमित ब्रिटिश यात्री को जहाज से निकालकर दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। कंपनी ने कहा कि जहाज पर मौजूद दो क्रू सदस्य अभी भी गंभीर और हल्के सांस संबंधी लक्षणों से पीड़ित हैं और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता की जरूरत है।
हंता वायरस मुख्य रूप से चूहों जैसे जानवरो से फैलता है और उनके मल, मूत्र या लार के संपर्क से इंसानों में संक्रमण हो सकता है। यह बीमारी अधिकतर ग्रामीण और संक्रमित इलाकों में पाई जाती है और इसके लक्षणों में बुखार, सिर दर्द, सांस लेने में दिक्कत और पेट संबंधी समस्याएं शामिल होती हैं।
दो भारतीय पत्रकारों को प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार
भारतीय पत्रकार आनंद आरके और सुपर्णा शर्मा ने साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल निगरानी पर रिपोर्टिंग के लिए प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार जीता है। दोनों के लिए इस सम्मान की घोषणा सोमवार को की गई। उन्होंने इलस्ट्रेटेड रिपोर्टिंग और कमेंट्री श्रेणी में यह पुरस्कार जीता। इस पुरस्कार में उनके साथ ब्लूमबर्ग की पत्रकार नताली ओबिको पियर्सन भी शामिल हैं।
पुलित्जर पुरस्कार की वेबसाइट के अनुसार, 'ट्रैप्ड' नाम की इस रिपोर्ट में भारत की एक न्यूरोलॉजिस्ट की कहानी दिखाई गई है, जिसे फोन के जरिये 'डिजिटल गिरफ्तारी' में रखा गया था। इसमें तस्वीरों और शब्दों के माध्यम से डिजिटल निगरानी और ऑनलाइन धोखाधड़ी की बढ़ती वैश्विक समस्या को दिखाया गया है। कोलंबिया विश्वविद्यालय की ओर से दिए जाने वाले पुलित्जर पुरस्कार को पत्रकारिता, साहित्य और संगीत के क्षेत्र में सबसे बड़े सम्मानों में गिना जाता है।
पाकिस्तान में लू से दस लोगों की मौत
पाकिस्तान के कराची शहर में लू के कारण 10 लोगों की मौत हो गई है। इस लू ने सिंध प्रांत को बुरी तरह प्रभावित किया है और तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है। ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के फैसल ईधी के अनुसार, सोमवार को कराची के अलग-अलग इलाकों से पांच शव बरामद किए गए, जबकि हीटस्ट्रोक जैसे लक्षणों से पीड़ित पांच लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पाकिस्तान मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को कराची में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जो 2018 के बाद का सबसे गर्म दिन रहा।
पाकिस्तान ने पांच दशक बाद शुरू किया शराब का निर्यात
पाकिस्तान में लगभग पांच दशक बाद शराब का निर्यात फिर शुरू हो गया है। देश की एकमात्र शराब बनाने वाली कंपनी मुर्री ब्रेवरी ने अब शराब और अन्य नशीले उत्पादों का निर्यात शुरू कर दिया है, जबकि देश की मुस्लिम आबादी के लिए यह उत्पाद अब भी प्रतिबंधित है। कंपनी के निर्यात प्रबंधक रमीज शाह के अनुसार, अप्रैल में शराब का निर्यात ब्रिटेन, जापान, पुर्तगाल और थाईलैंड जैसे देशों में किया गया, जो इस्लामी देशों के संगठन का हिस्सा नहीं हैं।
मुर्री ब्रेवरी कई वर्षों से जूस, मिनरल वॉटर और फलों से बने पेय जैसे नॉन-अल्कोहलिक उत्पादों का निर्यात कर रही थी। साल 2025 में पाकिस्तान सरकार ने इसे शराब निर्यात की अनुमति दी। कंपनी 1860 के दशक में ब्रिटिश उद्यमियों ने स्थापित की थी और बाद में भारत के विभाजन से पहले पारसी परिवार के पास चली गई। इसके मौजूदा प्रमुख इस्फानयार भंडारा हैं, जो पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के सदस्य भी हैं।
पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में इस्लामी धर्मगुरू की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक बड़े धर्मगुरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह एक सुनियोजित हमला था। चारसद्दा जिले के उत्मानजई इलाके में अज्ञात हमलावरों ने शेख-उल-हदीस मौलाना मुहम्मद इदरीस की गाड़ी पर घात लगाकर हमला किया। इस दौरान उनके साथ मौजूद दो सुरक्षा गार्ड घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि मौलाना इदरीस उस समय दारुल उलूम उत्मानजई में धार्मिक व्याख्यान देने जा रहे थे। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मौलाना इदरीस को पाकिस्तान के सम्मानित और वरिष्ठ धार्मिक विद्वानों में गिना जाता था। उनकी मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक अस्पताल पहुंच गए।
घटना के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने फरूक-ए-आजम चौक पर धरना भी दिया। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने घटना की रिपोर्ट मांगी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।