गाजा में रुकी हुई शांति प्रक्रिया को फिर से बहाल करने के लिए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक प्रयास के तहत अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर, पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और 'बोर्ड ऑफ पीस' के महानिदेशक निकोले म्लाडेनोव के नेतृत्व वाले एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मिस्र के एल-अलामीन में हमास नेतृत्व के साथ सीधी बातचीत की थी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य युद्ध-ग्रस्त गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण और शासन के लिए अमेरिका समर्थित 15-सूत्रीय "रोड मैप" को बचाना था।
'बोर्ड ऑफ पीस', जिसे फरवरी 2026 में स्थापित किया गया था और जिसका नेतृत्व अमेरिका कर रहा है, युद्ध के बाद गाजा की देखरेख के लिए एक अंतरराष्ट्रीय निकाय है। यह निकाय फलस्तीनी तकनीकी सरकार को अधिकार हस्तांतरित करने की दिशा में काम कर रहा है। इस बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में डोनाल्ड ट्रंप को आजीवन नियुक्त किया गया है।
मिस्र, कतर, तुर्किये और अन्य क्षेत्रीय शक्तियां बातचीत में सक्रिय रूप से मध्यस्थता कर रही हैं। हालांकि, हाल ही में कई अरब देशों ने रोड मैप की इस्राइल द्वारा सार्वजनिक अस्वीकृति की आलोचना की है और चेतावनी दी है कि इससे दीर्घकालिक क्षेत्रीय स्थिरता बाधित हो सकती है।
ट्रंप ने सऊदी अरब-तुर्किये-पाकिस्तान रक्षा समझौते को ‘बड़ा और साहसिक’ कदम बताया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए रक्षा समझौते को अपने देशों की अधिक प्रभावी तरीके से रक्षा की दिशा में बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण पहला कदम बताया है। ट्रंप की रविवार को की गयी इस टिप्पणी से कुछ दिन पहले ही तीनों देशों ने मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते के तहत तीनों में से किसी भी देश पर होने वाले सशस्त्र हमले को सभी तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, मैं यह देखकर बहुत खुश हूं कि सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने हाल ही में और आखिरकार मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह दिखाता है कि पश्चिम एशिया एकजुट हो रहा है और ये देश अधिक प्रभावी तरीके से अपनी रक्षा कर सकेंगे। तीनों देशों के महान नेतृत्व को बधाई। यह एक बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण पहला कदम है-वाह।’’
इंडोनेशिया में विनाशकारी भूकंप: स्वतंत्रता दिवस पर भी राहत का इंतजार, 68 की मौत
इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप पर हजारों लोग अभी भी राहत सामग्री का इंतजार कर रहे हैं, जबकि देश अपना 81वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। हाल ही में आए एक शक्तिशाली भूकंप ने कम से कम 68 लोगों की जान ले ली, 200 से अधिक घायल हुए और सैकड़ों घरों व अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचाया।
पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के फ्लोरेस द्वीप के कई निवासी स्वतंत्रता दिवस पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और उन समुदायों तक सहायता पहुंचाने की प्रतीक्षा में रहे, जो विनाशकारी भूकंप के कारण अभी भी कटे हुए हैं। राजधानी जकार्ता में इंडोनेशिया के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान, राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो ने उपस्थित लोगों से पूर्वी नुसा तेंगारा और देश के अन्य हिस्सों में आपदाओं से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (बीएनपीबी) के अनुसार, शनिवार को पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में आए भूकंप से 1,300 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें से अकेले फ्लोरेस में लगभग 250 घर पूरी तरह नष्ट हो गए। लगभग 5,000 लोगों को अस्थायी आश्रयों में भेजा गया और 213 लोग घायल हुए। प्रांत के राज्यपाल ने रविवार को 14 दिनों के लिए आपातकाल की घोषणा की।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप शनिवार को सुबह 6 बजे से ठीक पहले 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद लोग घबराकर भागने लगे थे, लेकिन बाद में इसे हटा लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार तक 1,576 आफ्टरशॉक्स दर्ज किए हैं, हालांकि इनमें से बहुत कम ही लोगों ने महसूस किए।
श्रीलंका में 1 अरब डॉलर ट्रांसफर करने मामले में 4 बैंकों के प्रबंधकों की गिरफ्तारी
श्रीलंका पुलिस ने सोमवार को आयात के बहाने विदेश में 1 अरब अमेरिकी डॉलर के हस्तांतरण से जुड़े एक मामले में चार निजी बैंकों के प्रबंधकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के वित्तीय अपराध जांच प्रभाग के अनुसार, ये गिरफ्तारियां हाल ही में एक विदेशी मुद्रा व्यापारी की बिना किसी आयात दस्तावेज के विदेश में धन हस्तांतरित करने के आरोप में हुई गिरफ्तारी से जुड़ी हैं।
जांचकर्ताओं का मानना है कि प्रबंधकों को हस्तांतरण के लिए कई बैंक चैनलों का उपयोग करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। द्वीप राष्ट्र में संदिग्ध बैंक हस्तांतरणों पर कुछ समय से नजर रखी जा रही है। जून में, राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा था कि ऐसे लेनदेन अवैध गतिविधियों, जिसमें नशीली दवाओं की तस्करी और संगठित अपराध शामिल हैं, से जुड़े हो सकते हैं। बाद में, सरकार ने आयातों के लिए अग्रिम डॉलर भुगतान के नियमों को कड़ा करने की दिशा में कदम उठाया, जिसमें उन आयातकों के लिए ऐसे भुगतानों को संसाधित करने से बैंकों को प्रतिबंधित करना शामिल है जो श्रीलंका सीमा शुल्क के साथ ठीक से पंजीकृत नहीं हैं।
दक्षिण कोरिया में भारी बारिश से एक की मौत, फिलीपींस में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त
मूसलाधार बारिश ने दक्षिण कोरिया के दक्षिणी हिस्सों में कहर बरपाया है, जिससे कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। वहीं, फिलीपींस में भारी मानसून की बारिश ने प्रमुख सड़कों को जलमग्न कर दिया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
दक्षिण कोरिया के इंटीरियर और सुरक्षा मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, जियोजे शहर में भूस्खलन की चपेट में आने से एक अपार्टमेंट भवन की इमारत ढह गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जियोजे में दो लोग घायल हुए, जबकि पास के शहरों में दो अन्य घायल हुए। शनिवार से दक्षिणी दक्षिण कोरिया को प्रभावित करने वाली भारी बारिश के कारण लगभग 390 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा है और लगभग 3,580 घरों में बिजली गुल हो गई है।
फिलीपींस में, मेट्रोपॉलिटन मनीला और आसपास के एक दर्जन से अधिक प्रांतों में भारी मानसून की बारिश ने सोमवार तड़के मुख्य सड़कों को जलमग्न कर दिया और यातायात जाम कर दिया। इसके चलते सरकार को दोपहर से सरकारी कामकाज निलंबित करना पड़ा और सभी स्तरों पर स्कूलों में कक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। स्कूलों को ऑनलाइन शिक्षण पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा गया है।
चीन में 'विकसित भारत' दौड़ का आयोजन
शंघाई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 'विकसित भारत' दौड़ का आयोजन किया। यह दौड़ चीन के यिवू शहर में आयोजित की गई, जहां कई भारतीय व्यवसायी रहते हैं। वाणिज्य दूत जनरल प्रतीक माथुर ने रविवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। माथुर ने स्थानीय सरकार और समुदाय द्वारा कार्यक्रम के आयोजन में प्रदान किए गए समर्थन की सराहना की और प्रवासी भारतीयों के समर्थन, देशभक्ति और युवाओं के एजेंडे में फिटनेस लक्ष्यों को शामिल करने और एक मजबूत सामुदायिक बंधन बनाने में मदद करने के लिए धन्यवाद दिया।
ब्रिटेन की राजकुमारी यूजिनी ने बेटी का नाम रखा एडिलेड एलिजाबेथ अन्नीना
ब्रिटेन की राजकुमारी यूजिनी ने सोमवार को अपनी पहली बेटी का नाम एडिलेड एलिजाबेथ अन्नीना रखा। तीन किलोग्राम वजन वाली बच्ची का जन्म 3 अगस्त को पुर्तगाल के लिस्बन में हुआ था। वह यूजिनी और उनके पति जैक ब्रुक्सबैंक की तीसरी संतान हैं।
यूजिनी ने इंस्टाग्राम पर कहा, "आज से दो सप्ताह पहले हमने अपनी बेटी का दुनिया में स्वागत किया था। तब से हमने उसके साथ बेहद खास, सुकून भरा और प्यार से भरा समय बिताया है।" यूजिनी पूर्व प्रिंस एंड्रयू और उनकी पूर्व पत्नी सारा फर्ग्यूसन की छोटी बेटी हैं। वह किंग चार्ल्स तृतीय की भतीजी हैं।
बच्ची के दो बड़े भाई हैं। इनमें 5 वर्षीय ऑगस्ट और 3 वर्षीय अर्नेस्ट शामिल हैं। यूजिनी ने बताया कि बेटी का नाम उन तीन लोगों के सम्मान में रखा गया है, "जिनसे हम प्यार करते हैं और जिनकी प्रशंसा करते हैं, चाहे वे अतीत के हों या वर्तमान के।" इनमें यूजिनी की दिवंगत दादी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय भी शामिल हैं। नाम में उनकी अंग्रेजी और पुर्तगाली जड़ों को भी दर्शाया गया है।
इस नाम की प्रेरणा क्वीन एडिलेड (1792-1849) से भी मिली, जिनका विवाह किंग विलियम चतुर्थ से हुआ था। इसके अलावा पुर्तगाल की मारिया एडिलेड भी नाम के चयन की प्रेरणा रहीं। अन्नीना यूजिनी की एक करीबी दोस्त का नाम है।
ग्रीस में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में तीन की मौत
ग्रीस के लोकप्रिय पर्यटन द्वीप सिफ्नोस पर सोमवार को एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। ग्रीक अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर सिफ्नोस के थोलोस क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ और आग लग गई। अग्निशमन विभाग ने बताया कि घटनास्थल से तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान और दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
अब भूकंप से 85 दिन पहले अंतरिक्ष से मिलेगा सिग्नल
यूरोपियन स्पेस एजेंसी (ईएसए) के स्वार्म सैटेलाइट्स के विशाल डेटासेट और मशहूर रिसर्च जर्नल नेचर साइंटिफिक रिपोर्ट्स के मुताबिक जब जमीन के गर्भ में एक महाविनाशकारी भूकंप की तैयारी चल रही होती है, तो उसके संकेत सैकड़ों किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में चक्कर लगा रहे उपग्रहों के सिग्नलों में दर्ज होने लगते हैं। भूकंप से करीब 85 दिन पहले ही धरती की टेक्टोनिक प्लेटों में हलचल शुरू हो जाती है। इस बदलाव को सैटेलाइट्स ने रिकॉर्ड किया है। वैज्ञानिकों ने भूकंप के केंद्र से करीब 300 किलोमीटर के दायरे में इन चुंबकीय बदलावों को दर्ज किया है।
बिहार के मंदिर में भगदड़
- फोटो : अमर उजाला
ताकतवर अल नीनो से मंडरा रहा अमेजन के अस्तित्व पर संकट
दुनिया का सबसे बड़ा वर्षावन अमेजन गंभीर जलवायु संकट की ओर बढ़ रहा है। लगातार बढ़ता तापमान, सूखा और जंगल की आग उसकी प्राकृतिक पुनर्प्राप्ति क्षमता को कमजोर कर रहे हैं। अब प्रशांत महासागर में विकसित हो रहा अत्यंत शक्तिशाली अल नीनो इस संकट को और गहरा कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन ने वर्ष के अंत तक इसके बहुत मजबूत होने की संभावना करीब 80% जताई है। कुछ पूर्वानुमान इसे कम से कम 150 वर्षों का सबसे शक्तिशाली अल नीनो मान रहे हैं। 2023-24 का अल नीनो अमेजन पर भारी पड़ा था। व्यापक सूखे के कारण प्रमुख नदियों का जलस्तर ऐतिहासिक रूप से नीचे चला गया और दो दशक से अधिक समय में सबसे भीषण आग का मौसम आया। बीजिंग विश्वविद्यालय ने 33 वर्षों के रडार उपग्रह आंकड़ों का अध्ययन कर पाया कि उस दौरान अमेजन में नमी और जीवित वनस्पति का स्तर सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था। ऐसे में नया अल नीनो ऐसे समय आ रहा है, जब जंगल पिछले सूखे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया है।
इटली के सिसिली संग्रहालय से करोड़ों की कलाकृतियां चोरी
इटली के सिसिली स्थित मेसीना शहर के संग्रहालय से प्रसिद्ध चित्रकार एंटोनेलो दा मेसीना की करोड़ों रुपये मूल्य की चार अनमोल कलाकृतियां चोरी हो गईं। कला विशेषज्ञ अल्बर्टो फिज ने चोरी हुई इन कलाकृतियों की अनुमानित कीमत सात करोड़ से आठ करोड़ यूरो के बीच आंकी है। यह चोरी शनिवार शाम करीब दस बजे उस समय हुई जब शहर में पारंपरिक अजम्पशन की छुट्टियों का जश्न मनाया जा रहा था। चोरों ने संग्रहालय की सुरक्षा और अलार्म प्रणालियों को चकमा देते हुए 1473 की प्रसिद्ध सैन ग्रेगोरियो पॉलीपाइच के पांच में से तीन पैनल और पिएटा में वर्जिन मैरी और ईसा मसीह को दर्शाने वाले पैनल को चुरा लिया। चोरों ने फ्रेम से सभी पांच पैनल निकाले थे, लेकिन भागते समय दो पैनल एक दीवार के पीछे छोड़ गए। मेसीना के शीर्ष संस्कृति अधिकारी एंजो कारूसो ने इस चोरी को आपदा करार दिया। जांच एजेंसियां कलाकृतियों की तलाश में जुट गई हैं।
अमेरिका में पहली बार: एआई बॉस ने अपने कर्मचारी को नौकरी से निकाला
कैलिफोर्निया के सान फ्रांसिस्को में एक प्रयोगात्मक स्टोर एंडोन मार्केट में एआई बॉस ने पहली बार किसी कर्मचारी को नौकरी से निकालने की सिफारिश की है। एंडोन लैब्स के इस स्टोर में एआई को वास्तविक कारोबार चलाने और इंसानों/कर्मचारियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। एंडोन लैब्स ने बताया कि उसकी एआई मैनेजर लूना ने पाया कि संबंधित कर्मचारी 23 में से 17 शिफ्ट में ऑफिस देर से पहुंचा था। इंसानी स्टाफ ने उसकी सलाह की समीक्षा की और आखिरकार उसे बर्खास्त कर दिया गया। एंडोन लैब्स ने स्पष्ट किया कि यह फैसला पूरी तरह से लूना ने खुद नहीं लिया था बल्कि इंसानों के याद दिलाने पर लिया। दरअसल, एआई ने कुछ महीने पहले ही अटेंडेंस पॉलिसी बनाई थी लेकिन बाद में वह उसे भूल गया। नतीजन, कर्मचारी महीनों तक देर से आता रहा और उसे नौकरी से नहीं निकाला गया।
भूल चुका था मशीन, फिर कैसे हुई कार्रवाई?
जब इंसानी शोधकर्ताओं ने लूना को उसके बनाए गए नियमों की याद दिलाई और कर्मचारी के प्रदर्शन का आकलन करने को कहा, तब एआई ने अपनी मेमोरी खंगाली और कर्मचारी को बर्खास्त करने की सिफारिश की। इस घटना ने यह चर्चा छेड़ दी है कि जब इंसानों को मैनेज करने की कमान पूरी तरह किसी एआई एजेंट के हाथ में होती है, तो कार्यस्थल पर किस तरह की चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
बलूचिस्तान में आईईडी धमाके में दो की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार दोपहर एक वाहन में आईईडी धमाका हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग घायल हुए। पुलिस के मुताबिक, वाहन पानी की पाइपलाइन से जुड़ा सामान ले जा रहा था। घायलों और मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
30 से अधिक नागरिकों के मारे जाने का दावा
यह घटना सुराब के गिदर इलाके में कथित पाकिस्तानी वायुसेना की बमबारी के कुछ दिनों बाद हुई है। बलूच यकजेहती कमेटी की नेता सबिहा बलूच ने आरोप लगाया कि उस हमले में महिलाओं और बच्चों समेत 30 से अधिक नागरिक मारे गए और कई घायल हुए। उन्होंने दावा किया कि इलाके को सैन्य बलों ने घेर रखा है और बचाव दल, मेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस तथा पत्रकारों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
धमाके की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच की मांग
वहीं, बलूच वॉयस फॉर जस्टिस ने क्वेटा धमाके और संबंधित घटनाओं की तत्काल, स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच की मांग की है। संगठन ने मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक करने तथा जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की अपील की। उसने कहा कि नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है और सभी सैन्य कार्रवाइयों में अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन होना चाहिए।
लीबिया में 13,000 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराया, तीन भारतीयों ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहने वाले तीन भारतीयों ने लीबिया में 13,000 फीट की ऊंचाई से स्काईडाइविंग कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। केरल के कन्नूर निवासी जमशीर थानालोट, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के अभिषेक रावत और बिहार की ईशा राज इस सात अगस्त आयोजित समारोह अभियान में शामिल 65 स्काईडाइवर्स में एकमात्र भारतीय थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सभी प्रतिभागियों ने एक ही सैन्य इल्यूशिन आईएल-76टीडी विमान से छलांग लगाई और अपने-अपने देशों के राष्ट्रीय ध्वज साथ लेकर उतरे।
38 देशों के स्काईडाइवर्स ने लिया हिस्सा: करीब 38 देशों के स्काईडाइवर्स ने इस प्रयास में हिस्सा लिया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने 14 अगस्त को सबसे अधिक स्काईडाइवर्स के एक विमान से एक साथ राष्ट्रीय ध्वज लेकर छलांग लगाने के रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि की। रिकॉर्ड प्रयास से पहले उन्होंने तीन बार पूर्वाभ्यास भी किया।
जिम्बाब्वे फेरी हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या 84 पहुंची, लापता लोगों की तलाश जारी
अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे की करिबा झील में पिछले सप्ताह एक ओवरलोड फेरी पलटने से मरने वालों की संख्या 84 हो गई है। अधिकारी रविवार को और शवों की तलाश कर रहे हैं। फेरी मंगलवार को तेज लहरों के कारण पलटी थी। पुलिस ने रविवार को बताया कि 72 से बढ़कर 84 शव बरामद हुए हैं। जिम्बाब्वे की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने 77 लोगों को बचाया है। फेरी में 90 लोगों की क्षमता के मुकाबले 153 से अधिक यात्री सवार थे। पुलिस ने कहा कि लापता पीड़ितों की तलाश जारी है। मृतकों में 18 बच्चे शामिल हैं, जिनमें सबसे छोटा 1 साल का था। यह पुरानी फेरी करिबा शहर से ग्रामीण समुदायों की ओर जा रही थी, जहां सड़कें खराब हैं। करिबा झील दुनिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित झील है।
ब्रिटिश पीएम ने अमेरिकी अधिकारी बनकर मैसेज करने वाले ठग से की बातचीत
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने कथित तौर पर ऐसे व्यक्ति से मैसेज के जरिए बातचीत की, जो खुद को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स बता रहा था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बर्नहम को बाद में शक हुआ और उन्होंने बातचीत बंद कर दी। पोलिटिको ने चार अधिकारियों के हवाले से बताया कि बर्नहम को शुरू में लगा था कि वह वास्तव में सूसी वाइल्स से ही बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें संदेह हुआ कि सामने वाला व्यक्ति असली अधिकारी नहीं है। बर्नहम के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर टिप्पणी नहीं की जाती है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
अमेरिका में पिछले साल भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं। कई निर्वाचित नेताओं, कारोबारी अधिकारियों और अन्य प्रमुख लोगों को किसी व्यक्ति ने सूसी वाइल्स बनकर मैसेज भेजे थे। इन घटनाओं की अमेरिकी सरकार ने जांच भी की थी। इसके बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने राजनयिकों को चेतावनी दी थी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर अमेरिकी अधिकारियों की पहचान की नकल करने की कोशिशें हो रही हैं। विदेश विभाग को पता चला था कि किसी व्यक्ति ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो बनकर कम से कम तीन विदेशी मंत्रियों, एक अमेरिकी सीनेटर और एक गवर्नर से संपर्क करने की कोशिश की थी। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने भी चेतावनी दी थी कि कुछ शरारती तत्व एआई की मदद से वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों की पहचान की नकल कर रहे हैं।