मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं पर ड्रोन हमला
ईरान के दक्षिणी तट के पास सोमवार रात मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं पर ड्रोन हमला हुआ, जिसके बाद कई मछुआरे लापता बताए जा रहे हैं। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, हमला बंदरगाह शहर कारगन के तट और लारक द्वीप के आसपास हुआ। होर्मोजगान प्रांत के राजनीतिक एवं सुरक्षा मामलों के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने बताया कि लापता मछुआरों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और घटना की जांच जारी है। इसी बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहा विशाल तेल टैंकर ‘एल गैया’ समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गया, जिससे उसमें विस्फोट के बाद आग लग गई। सेपाह न्यूज के मुताबिक, आग बुझाने की कोशिश नाकाम रही और पूरा जहाज आग की चपेट में आ गया। आईआरजीसी ने कहा कि दक्षिणी हिस्से में प्रतिबंधित समुद्री मार्ग के इस्तेमाल के खतरे को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद बताते हुए उस पर अपना नियंत्रण होने का दावा किया है। वहीं, पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी ने बीमा कंपनियों और जहाजों के प्रमाणन एवं वर्गीकरण संस्थाओं से नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को सेवाएं नहीं देने की अपील की है।