फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां: डोभाल, ईरानी समकक्ष के बीच वार्ता; काला सागर में दो जहाजों पर ड्रोन हमला, एक डूबा

Tue, 13 Oct 2026 12:30 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने सोमवार को फोन पर ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई से पश्चिम एशिया में सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि रेजाई और डोभाल ने क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाल की घटनाओं तथा दोनों देशों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। माना जा रहा है कि बातचीत में सऊदी अरब पर हुए हालिया हमलों पर भी चर्चा हुई है। भारत ने रविवार को सऊदी अरब के रियाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हुए बड़े हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में एक भारतीय समेत 13 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। नई दिल्ली ने कहा कि खाड़ी देश में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार होने वाले हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। डोभाल और रेजाई के बीच हुई बातचीत पर भारत की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

यूक्रेन में रिहायशी इमारत पर रूस का हमला, एक की मौत, 11 घायल

यूक्रेन की राजधानी कीव के उपनगर में सोमवार शाम 25 मंजिला रिहायशी इमारत पर रूसी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 घायल हो गए। शहर के सैन्य प्रशासन और मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि घायलों में से तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में इमारत के कुछ हिस्सों में आग लगी दिखाई दी। यूक्रेन पर जारी हमलों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।

विज्ञापन



काला सागर में दो जहाजों पर ड्रोन हमला, एक डूबा; बचाव अभियान शुरू
बुल्गारिया ने कहा है कि काला सागर में दो जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया, जिसमें एक जहाज डूब गया। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया है। हालांकि, हमले के लिए कौन जिम्मेदार है और दोनों जहाजों को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Trending Videos

चाकू मारने की वारदात के बाद स्कूलों में करीब 20,000 पुलिसकर्मीस, पोलैंड के पीएम बोले- पुलिस तैनाती से कम हुआ तनाव

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोमवार को कहा कि देश के स्कूलों में पुलिस की भारी तैनाती से तनाव कम करने में मदद मिली है। चार दिनों में चाकू मारने की तीन घटनाओं के बाद ऐसी ही और हिंसा होने का डर पैदा हो गया था। हालांकि, अधिकारियों ने हमलों के किसी ऑनलाइन चैलेंज या संगठित समूह से जुड़े होने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। टस्क ने एक आपातकालीन बैठक में कहा कि सरकार के कदमों और वक्त बीतने के साथ ऑनलाइन तनाव और जोखिम भरे हालात में बेहद कमी आई है। उन्होंने कहा कि आगे भी सरकारी कार्रवाई जारी रहेगी। देश में बुधवार और बृहस्पतिवार को हुई हिंसा के बाद ऑनलाइन चाकू से हमलों की एक नियोजित ब्लडी फ्राइडे (खूनी शुक्रवार) लहर आने कीअफवाहें फैली थीं। इसके बाद पुलिस ने बीते हफ्ते के आखिर में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान शुरू किया। गृह मंत्री मार्सिन किएरविंस्की ने कहा कि सोमवार को स्कूलों में देश के पुलिस बल के लगभग पांचवे हिस्से करीब 20,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया। मामले में 135 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मस्क ने अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी को दिए 2,500 करोड़ रुपये

एलन मस्क ने तीन नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की मदद के लिए 27.6 करोड़ डॉलर (करीब 2,500 करोड़ रुपये) का चंदा दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से अब तक दिए गए इस चंदे से उन राज्यों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार अभियान को मजबूती मिली है, जहां डेमोक्रेटिक पार्टी से कड़ी चुनौती मिल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 के चुनाव चक्र में मस्क अब तक रिपब्लिकन समूहों को कुल 36.6 करोड़ डॉलर दे चुके हैं। यह 2024 में डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान के लिए उनके 29 डॉलर डॉलर के योगदान से भी अधिक है। मस्क ने रिपब्लिकन सीनेट लीडरशिप फंड को 15.8 करोड़ डॉलर दिए, जिसे रिपोर्ट में अमेरिकी राजनीतिक इतिहास का सबसे बड़ा एकल राजनीतिक दान बताया गया है। इसके अलावा, उन्होंने रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय अमेरिका पीएसी को 7.6 करोड़ डॉलर, हाउस रिपब्लिकन के प्रमुख सुपर पीएसी को 2 करोड़ डॉलर और टेक्सास में सीनेट उम्मीदवार केन पैक्सटन के समर्थन वाले समूह को 1 करोड़ डॉलर दिए। रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन को भी 10 मिलियन डॉलर मिले।

भारतीय सीमा से 80 किमी दूर बांग्लादेश के बंदरगाह को विकसित करेगा चीन
भारतीय सीमा से लगभग 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित मोंगला बंदरगाह के विस्तार व आधुनिकीकरण के लिए बांग्लादेश ने चीन के साथ 33.57 करोड़ डॉलर (करीब 3,592 करोड़ टका) के रियायती ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। चीन इस बंदरगाह के करीब 110 एकड़ में आर्थिक जोन का विकास करने वाला है। भारत ने पहले भी बांग्लादेश में चीन की बढ़ती मौजूदगी पर चिंता जताई है। मोंगला बंदरगाह बंगाल की खाड़ी से 71 नॉटिकल मील ऊपर की ओर पसुर नदी के पूर्वी किनारे पर स्थित है। यह घटनाक्रम मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार द्वारा मोंगला बंदरगाह के पास 110 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित भारतीय आर्थिक क्षेत्र परियोजना को रद्द करने के एक साल बाद हुआ है। सरकार ने कहा था कि भारत सरकार की तरफ से नामित डेवलपर तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने में विफल रहा था। यह जमीन 2015 के द्विपक्षीय समझौते के तहत भारत के लिए तय की गई थी। 

नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने 20 लोगों को मार डाला
नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी ज़मफारा राज्य में सैन्य सुरक्षा में बाजार जा रहे व्यापारियों के काफिले पर बंदूकधारियों ने घात लगाकर हमला किया और 20 लोगों की हत्या कर दी। मरने वालों में चार सैनिक, तीन पुलिसकर्मी और नाइजीरियाई सिविल डिफेंस कॉर्प्स के एक अधिकारी और 12 आम नागरिक शामिल हैं। हमला शनिवार को तब हुआ जब काफिला ग्वाशी से बुक्कयुम जा रहा था।

लोगों की सतर्कता ने नेपाल में बूढ़ी गंडकी के कहर से बचाया
 
नेपाल के गोरखा जिले में आम लोगों की सतर्कता के कारण बूढ़ी गंडकी में अचानक आई बाढ़ ने कोई बड़ी तबाही नहीं मचाई। दरअसल, आधिकारिक चेतावनी जारी होने से करीब एक घंटा पहले ही स्थानीय लोगों ने फोन और सोशल मीडिया के जरिये एक-दूसरे को खतरे से आगाह कर दिया था, जिससे बड़ी जनहानि नहीं हुई। घटना रविवार तड़के की है, जब चुमनुत्री ग्रामीण पालिका-7 के जगतबगर में रहने वाले सुना गुरुंग को सुबह करीब 4:45 बजे एक परिचित का फोन आया। उसने बताया कि ऊपरी हिस्से में भूस्खलन के कारण नदी का बहाव रुक गया था और बैरियर झील टूटने से अचानक भयंकर बाढ़ आ गई है। सूचना मिलते ही गुरुंग और अन्य स्थानीय लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाई। सुबह 4:52 बजे एक स्थानीय निवासी विशाल घले ने अपनी फेसबुक लाइव स्ट्रीम के जरिये निचले इलाकों के समुदायों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।

यमन में हूतियों के ठिकानों पर कई हवाई हमले, सऊदी अरब पर लगाया आरोप
यमन में हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को अपने नियंत्रण वाले इलाकों में कई हवाई हमले होने का दावा किया। हूतियों के नियंत्रण वाले अल-मसीरा टीवी के मुताबिक, लाल सागर में स्थित कामरान द्वीप पर दो और होदेदा बंदरगाह शहर से करीब 55 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में कनाविस जिले में एक हवाई हमला हुआ। जौफ प्रांत में भी हवाई हमलों की खबर दी गई। 

हूतियों ने इन हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि रियाद की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। हूतियों ने यह भी दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब की सीमा से लगे उत्तरी यमन के सादा प्रांत में एक सऊदी ड्रोन को मार गिराया है। ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं, जब सऊदी अरब की राजधानी रियाद में सोमवार शाम हवाई हमले के सायरन बजे और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हूतियों ने किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागने का भी दावा किया।
विज्ञापन

रंजीव पुरी बन सकते हैं अमेरिका में पहले भारतीय-अमेरिकी स्पीकर, 3 नवंबर को चुनाव
भारतीय मूल के मिशिगन के विधायक रंजीव पुरी अमेरिका में नया इतिहास रच सकते हैं। 42 वर्षीय पुरी 3 नवंबर को होने वाले चुनाव के बाद राज्य की प्रतिनिधि सभा के स्पीकर बन सकते हैं। अगर डेमोक्रेटिक पार्टी सदन में बहुमत हासिल करती है, तो वह अमेरिका में किसी राज्य की प्रतिनिधि सभा के पहले भारतीय-अमेरिकी स्पीकर होंगे। पुरी 2020 में मिशिगन की प्रतिनिधि सभा के लिए चुने जाने वाले पहले सिख अमेरिकी बने थे। पंजाबी प्रवासी परिवार में जन्मे पुरी को 2025 में सदन में डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता नियुक्त किया गया था। फिलहाल मिशिगन की प्रतिनिधि सभा पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है और मैट हॉल इसके स्पीकर हैं। 

राज्य में डेमोक्रेटिक पार्टी की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर हैं। मिशिगन की अमेरिकी सांसद हेली स्टीवंस ने चुनाव प्रचार के दौरान पुरी को देश का पहला भारतीय-अमेरिकी स्पीकर बनाने की उम्मीद जताई है। पुरी ने 2008 और 2012 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनाव प्रचार अभियान में काम किया था। इसके बाद उन्होंने शिकागो विश्वविद्यालय के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए किया और मिशिगन लौटकर वाहन उद्योग में काम किया। राज्य की प्रतिनिधि सभा में यह उनका तीसरा कार्यकाल है। आगामी चुनाव में उनका मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी की एलिसन के फुलर से है। रिपब्लिकन रणनीतिकार अनंग मित्तल की ओर से तैयार इंडियन अमेरिकन वोटर एटलस के मुताबिक, मिशिगन में भारतीय मूल के करीब 1.27 लाख लोग रहते हैं, जो राज्य की कुल आबादी का 1.27 प्रतिशत हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें