राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने सोमवार को फोन पर ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई से पश्चिम एशिया में सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि रेजाई और डोभाल ने क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाल की घटनाओं तथा दोनों देशों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। माना जा रहा है कि बातचीत में सऊदी अरब पर हुए हालिया हमलों पर भी चर्चा हुई है। भारत ने रविवार को सऊदी अरब के रियाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हुए बड़े हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में एक भारतीय समेत 13 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। नई दिल्ली ने कहा कि खाड़ी देश में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार होने वाले हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। डोभाल और रेजाई के बीच हुई बातचीत पर भारत की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
यूक्रेन की राजधानी कीव के उपनगर में सोमवार शाम 25 मंजिला रिहायशी इमारत पर रूसी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 घायल हो गए। शहर के सैन्य प्रशासन और मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि घायलों में से तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में इमारत के कुछ हिस्सों में आग लगी दिखाई दी। यूक्रेन पर जारी हमलों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोमवार को कहा कि देश के स्कूलों में पुलिस की भारी तैनाती से तनाव कम करने में मदद मिली है। चार दिनों में चाकू मारने की तीन घटनाओं के बाद ऐसी ही और हिंसा होने का डर पैदा हो गया था। हालांकि, अधिकारियों ने हमलों के किसी ऑनलाइन चैलेंज या संगठित समूह से जुड़े होने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। टस्क ने एक आपातकालीन बैठक में कहा कि सरकार के कदमों और वक्त बीतने के साथ ऑनलाइन तनाव और जोखिम भरे हालात में बेहद कमी आई है। उन्होंने कहा कि आगे भी सरकारी कार्रवाई जारी रहेगी। देश में बुधवार और बृहस्पतिवार को हुई हिंसा के बाद ऑनलाइन चाकू से हमलों की एक नियोजित ब्लडी फ्राइडे (खूनी शुक्रवार) लहर आने कीअफवाहें फैली थीं। इसके बाद पुलिस ने बीते हफ्ते के आखिर में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान शुरू किया। गृह मंत्री मार्सिन किएरविंस्की ने कहा कि सोमवार को स्कूलों में देश के पुलिस बल के लगभग पांचवे हिस्से करीब 20,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया। मामले में 135 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एलन मस्क ने तीन नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की मदद के लिए 27.6 करोड़ डॉलर (करीब 2,500 करोड़ रुपये) का चंदा दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से अब तक दिए गए इस चंदे से उन राज्यों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार अभियान को मजबूती मिली है, जहां डेमोक्रेटिक पार्टी से कड़ी चुनौती मिल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 के चुनाव चक्र में मस्क अब तक रिपब्लिकन समूहों को कुल 36.6 करोड़ डॉलर दे चुके हैं। यह 2024 में डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान के लिए उनके 29 डॉलर डॉलर के योगदान से भी अधिक है। मस्क ने रिपब्लिकन सीनेट लीडरशिप फंड को 15.8 करोड़ डॉलर दिए, जिसे रिपोर्ट में अमेरिकी राजनीतिक इतिहास का सबसे बड़ा एकल राजनीतिक दान बताया गया है। इसके अलावा, उन्होंने रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय अमेरिका पीएसी को 7.6 करोड़ डॉलर, हाउस रिपब्लिकन के प्रमुख सुपर पीएसी को 2 करोड़ डॉलर और टेक्सास में सीनेट उम्मीदवार केन पैक्सटन के समर्थन वाले समूह को 1 करोड़ डॉलर दिए। रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन को भी 10 मिलियन डॉलर मिले।