फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्ल्ड अपडेट्स: चटगांव से ढाका जेल भेजे गए संत चिन्मय दास; चीन यात्रा पर किम जोंग से मिल सकते हैं ट्रंप

Tue, 17 Nov 2026 02:06 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
विदेश की सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बांग्लादेश के प्रमुख हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास को सोमवार को अचानक चटगांव सेंट्रल जेल से ढाका सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। इस अचानक हुए तबादले को लेकर उनके वकीलों और समर्थकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता चिन्मय दास को सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच चटगांव से ढाका ले जाया गया, जहां उनका वाहन स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे ढाका सेंट्रल जेल पहुंचा। चिन्मय कृष्ण दास के वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी एक वैष्णव संत और कठोर शाकाहारी हैं, जो केवल अपने हाथ का बना भोजन ही ग्रहण करते हैं। वकील ने बताया कि संत चिन्मय लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और हर तरह का खाना नहीं खा सकते। ढाका सेंट्रल जेल में खुद खाना बनाने की सुविधा न होने के कारण वे अब तक केवल फल खाकर ही रह रहे हैं। इससे उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

चीन में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग से मुलाकात कर सकते हैं ट्रंप, परमाणु कार्यक्रम पर होगी बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि चीन यात्रा के दौरान वह उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका, उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके साथ फिर से बातचीत शुरू करना चाहता है। ट्रंप की एशिया यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार के बाद उनका प्रशासन वाशिंगटन में बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि वह शेनझेन में अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर भी चर्चा करेंगे। एशियाई यात्रा पर रवाना होने से पहले ट्रंप ने मीडिया के साथ बातचीत में यूक्रेन को अपना पसंदीदा विषय बताया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोग यूक्रेन को खो रहे हैं। रूस को हर महीने 25 हजार सैनिकों का नुकसान हो रहा है। एशियाई यात्रा के दौरान ट्रंप का ध्यान आर्थिक समझौतों पर भी होगा। एशिया की उनकी यह यात्रा मनीला से शुरू होकर चीन के तकनीकी केंद्र शेनझेन तक जाएगी।

विज्ञापन
Trending Videos

अमेरिकी स्पेस कंपनी के रॉकेट ने बर्बाद किए अमेजन के 40 सैटेलाइट

अमेरिका की स्पेस कंपनी यूनाइटेड लॉन्च अलायंस (यूएलए) का वल्कन रॉकेट लॉन्च के करीब 10 मिनट बाद ही तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गया। इस मिशन में अमेजन के 40 सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजे जाने थे, लेकिन रॉकेट उन्हें निर्धारित कक्षा तक पहुंचाने में नाकाम रहा। यह यूएलए के करीब दो दशक के इतिहास में पहली पूर्ण मिशन विफलता है। फिलहाल कंपनी ने गड़बड़ी की असली वजह स्पष्ट नहीं की है। मामले की जांच की जाएगी और इसके बाद ही पता चल पाएगा कि रॉकेट के किस हिस्से में तकनीकी खराबी आई थी। 3200 से अधिक सैटेलाइट लॉन्च कर अमेजन मस्क की स्टारलिंक  को टक्कर देना चाहती है। 

मंगोलिया के राष्ट्रपति ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद इस्तीफा देने की घोषणा की
मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने मंगलवार को इस्तीफा देने की घोषणा की। उन पर सत्ताधारी 'मंगोलियन पीपुल्स पार्टी' के ही एक अन्य नेता ने आरोप लगाया है कि सात साल पहले, जब वे प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने एक सरकारी रेलवे परियोजना से आर्थिक लाभ उठाया था। यह घोषणा तब हुई जब देश की राजधानी उलानबटार के पूर्व मेयर न्याम्बातार खिशगी ने शनिवार को खुरेलसुख पर 'तावानतोल्गोई-गाशुन्सुखैत' रेलवे परियोजना के सिलसिले में 2.5 करोड़ (25 मिलियन) डॉलर लेने का आरोप लगाया। पूर्व मेयर उसी पार्टी के एक अलग गुट से जुड़े हैं, जिससे राष्ट्रपति आते हैं। इन आरोपों के बाद, विपक्षी 'डेमोक्रेटिक पार्टी' ने खुरेलसुख से इस्तीफे की मांग की।

हालांकि, खुरेलसुख ने गलत काम करने के आरोपों को खारिज कर दिया। मंगलवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से अधिक समय से उनकी छवि को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने इस्तीफा देने की बात भी कही। उन्होंने कहा, "मैंने कभी अपने लोगों या अपने देश से कुछ नहीं चुराया है। मैं राष्ट्रपति के रूप में अपनी जिम्मेदारियां सौंप दूंगा और एक आम नागरिक बन जाऊंगा।" उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की भी बात कही।

ईरान -अमेरिका युद्ध खत्म करने की पहल, विदेश मंत्री अराघची ने सुल्तान से की मुलाकात
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने मंगलवार को ओमान की राजधानी मस्कट में सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा हुई। ईरान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अराघची ने सुल्तान को अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने के लिए ईरान की नई कूटनीतिक पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने के लिए गंभीर रहा है। हालांकि, वह अपनी क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ओमान के सुल्तान ने ईरान के साथ पुराने और दोस्ताना रिश्तों को अहम बताया। उन्होंने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए ईरान के रुख की सराहना की और तनाव बढ़ने से रोकने के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच लगातार बातचीत पर जोर दिया। इससे पहले अराघची ने ओमान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों के साथ भी त्रिपक्षीय बातचीत की। इसमें अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए समुद्री रास्तों पर सुरक्षित आवाजाही और जहाजों के आवागमन की आजादी बहाल करने पर जोर दिया गया। वहीं, कतर ने भी कहा कि वह अमेरिका और ईरान के बीच मतभेद कम करने के लिए ईरानी अधिकारियों से बातचीत करेगा। अराघची पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आर्थिक सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के बाद सोमवार रात मस्कट पहुंचे थे।
विज्ञापन

इमरान खान ने जेल से लगाई गुहार, बोले- इलाज नहीं मिला तो जिंदा बाहर नहीं लौट पाऊंगा; पत्नी बुशरा भी बीमार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान ने अपने और पत्नी बुशरा बीबी के इलाज के लिए देश के वरिष्ठ न्यायाधीशों से गुहार लगाई है। उनके वकील सलमान सफदर के जरिए सामने आए खुले पत्र में इमरान ने कहा कि उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है और लंबे समय से अकेले रखे जाने के कारण उनकी हालत और खराब हो गई है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर उन्हें समय पर इलाज नहीं मिला तो शायद वह जिंदा जेल से बाहर नहीं लौट पाएंगे। इमरान ने आरोप लगाया कि अदालत के आदेश के बावजूद उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों से पूरा इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने ब्रेन हैमरेज और दिल का दौरा पड़ने का खतरा होने की बात भी कही है। उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने भी आंखों की रोशनी लगातार कमजोर होने का हवाला देकर विशेषज्ञ अस्पताल में इलाज की मांग की है।

इमरान अगस्त 2023 से जेल में हैं। जनवरी 2025 में जमीन से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें 14 साल की सजा सुनाई गई थी। इसी मामले में बुशरा बीबी को सात साल की सजा मिली थी। उनकी गिरफ्तारी और मुकदमों को लेकर इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ राजनीतिक साजिश का आरोप लगाती रही है। इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने अगस्त में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से इमरान को उचित इलाज देने की अपील की थी। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें