ब्रिटेन की हाईकोर्ट ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को बड़ा झटका दिया है। अदालत ने बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े बकाया ऋण मामले में ट्रायल टालने की उनकी याचिका खारिज कर दी। नीरव मोदी ने खराब सेहत, दृष्टि हानि और जेल की परिस्थितियों का हवाला देकर सुनवाई आगे बढ़ाने की मांग की थी। अदालत ने इन दलीलों को पर्याप्त आधार नहीं माना। जज साइमन टिंकलर ने साफ कहा कि ट्रायल से आरोपी को कोई गंभीर कानूनी नुकसान नहीं होगा और उसे पूरा मौका दिया जाएगा। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि यह आवेदन देरी की कोशिशों के पैटर्न जैसा दिखता है। अब 23 मार्च से शुरू होने वाला आठ दिन का ट्रायल तय कार्यक्रम के अनुसार ही चलेगा। सुनवाई में नीरव मोदी उत्तर लंदन की पेंटनविल जेल से वीडियो लिंक के जरिए पेश हुए। बचाव पक्ष ने कहा कि उनकी आंखों की रोशनी करीब 60 प्रतिशत तक घट गई है और वह क्लिनिकल अवसाद से पीड़ित हैं। साथ ही जेल में कानूनी दस्तावेजों तक समय पर पहुंच नहीं मिल रही। अदालत ने माना कि ये कारण ट्रायल टालने की ऊंची कानूनी कसौटी पूरी नहीं करते। यह मामला पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी केस से अलग है। नीरव मोदी मार्च 2019 से ब्रिटेन की जेल में बंद हैं और जमानत के कई प्रयास असफल रहे हैं।
विज्ञापन
इस्लामाबाद मस्जिद बम धमाके के संदिग्ध गिरफ्तार
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर में पुलिस ने इस्लामाबाद में शुक्रवार को हुए शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमले से जुड़े दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया। इस हमले में कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 घायल हुए थे। गिरफ्तार लोगों में हमलावर के दो भाई और एक महिला शामिल हैं। उनके कब्जे से मिली पहचान पत्र से हमलावर की पहचान यासिर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, यासिर का स्थायी पता पेशावर के अब्बास कॉलोनी, शिरो जंगी, चारसदा रोड में था, जबकि अस्थायी निवास गंज मोहल्ला काज़ियान, पेशावर में था। जांच में पता चला है कि हमले से पहले यासिर लगभग पाँच महीने अफगानिस्तान में था, जहां उसने हथियार और आत्मघाती हमले की ट्रेनिंग ली।पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस हमले के पीछे काम करने वाले नेटवर्क को पकड़ने पर ध्यान दे रही हैं। पेशावर और नवशेरा में और छापेमारी की जा रही है ताकि अन्य मददगार और संपर्कों की पहचान की जा सके।
विज्ञापन
यूरोप में जंगल की आग से निपटने के लिए नया एलान
यूरोपीय संघ ने पूरे यूरोप में बढ़ती जंगल की आग की घटनाओं से निपटने के लिए 300 दमकलकर्मियों की एक संयुक्त त्वरित प्रतिक्रिया फोर्स बनाने का ऐलान किया है। ईयू के जलवायु आयुक्त ने बताया कि यह बल 27 सदस्य देशों से चुने गए प्रशिक्षित कर्मियों का होगा। जरूरत पड़ते ही इन्हें किसी भी प्रभावित देश में तुरंत भेजा जाएगा। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब वर्ष 2025 यूरोप में जंगल की आग के लिहाज से सबसे खराब साल दर्ज किया गया। एक हालिया अध्ययन में कहा गया कि जलवायु परिवर्तन ने आग की तीव्रता और फैलाव दोनों बढ़ाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक भविष्य में इस बल में और संसाधन तथा उपकरण जोड़े जा सकते हैं। पिछले साल पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में भीषण आग लगी थी, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, सूखा और तेज हवाएं चलीं। इन आग की घटनाओं में 20 लोगों की मौत हुई और करीब 80 हजार लोगों को घर छोड़ना पड़ा। दस लाख हेक्टेयर से ज्यादा जमीन जल गई। अध्ययन में पाया गया कि अब लंबे सूखे और गर्म मौसम की संभावना पहले से कई गुना बढ़ चुकी है।
हिजबुल्लाह में बड़ा फेरबदल, वफीक सफा हटे
लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह ने आंतरिक पुनर्गठन के तहत अपने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी वफीक सफा को उनके पद से हटा दिया है। समूह से जुड़े सूत्रों के अनुसार सफा ने खुद पद छोड़ने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद नेतृत्व ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया। वह कई दशकों से संगठन की संपर्क और समन्वय इकाई के प्रमुख थे और लेबनान की सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल का काम देखते थे। उनकी जगह अब हुसैन अब्दुल्ला को जिम्मेदारी दी गई है, जो अब तक सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चित चेहरा नहीं रहे हैं। बताया गया है कि हाल में इस इकाई की कुछ शक्तियां भी कम की गई हैं और दूसरे विभागों को सौंपी गई हैं। यह बदलाव इस्राइल के साथ 14 महीने चले युद्ध के बाद किया गया है, जिसमें संगठन को बड़ा नुकसान हुआ और उसके कई राजनीतिक व सैन्य नेता मारे गए। सफा पहले इस्राइल के साथ कैदी अदला-बदली वार्ताओं में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन पर बेरूत पोर्ट विस्फोट मामले के जज को धमकाने के आरोप भी लगे थे। वर्ष 2019 में अमेरिका ने उन पर प्रतिबंध लगाया था।
हांगकांग में पूर्व मीडिया दिग्गज के लिए सजा का एलान सोमवार को
स्वायत्तशासी क्षेत्र हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक पूर्व मीडिया दिग्गज जिमी लाई (78) को चीनी राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत दोषी ठहराने के बाद सोमवार को सजा सुनाई जाएगी। बंद हो चुके एपल डेली अखबार के संस्थापक लाई को उम्रकैद तक की सजा संभव है। एजेंसी
भारत ने सागरबंधु अभियान में श्रीलंका को 10 पुल भेजे
श्रीलंका में आए दित्वाह चक्रवात के बाद पुनर्निर्माण के तहत भारतीय सेना-नौसेना ने सागरबंधु अभियान के तहत उसे दस अतिरिक्त चौड़े पुल भेजे हैं। भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय ने कहा, सैन्य-नागरिक समन्वय का सशक्त प्रदर्शन करते हुए यह कदम उठाया है। भारतीय सेना के इंजीनियर, श्रीलंका सड़क विकास प्राधिकरण के साथ समन्वय कर मध्य, उवा व सबरागमुवा प्रांतों में सात पुल स्थलों की क्षति का आकलन कर रहे हैं।
एपस्टीन मामले को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की कुर्सी खतरे में
ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने जेफ्री एपस्टीन से कभी मुलाकात नहीं की, लेकिन उसके कई वैश्विक नेताओं-शख्सियतों से संबंधों का खुलासा होने के बाद अब इसकी आंच उन तक भी पहुंच रही है। स्टार्मर की कुर्सी खतरे में है। एपस्टीन के साथ मित्रता के कारण ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर पहले ही सवालों के घेरे में हैं और वाशिंगटन में ब्रिटेन के राजदूत पीटर मैंडेलसन को पद से हटना पड़ा। निवेशक एपस्टीन से संबंधों के कारण स्टार्मर ने पहले ही कुछ अफसरों बर्खास्त कर दिया है। अब नए खुलासों ने स्टार्मर की मध्यमार्गी-वामपंथी सरकार में उथल-पुथल है। स्टार्मर को सत्तारूढ़ लेबर पार्टी में दबाव झेलना करना पड़ रहा है।
स्पेन और पुर्तगाल में लियोनार्डो तूफान कई शहर जलमग्न
यूरोप के स्पेन और पुर्तगाल देशों में लियोनार्डो तूफान ने भारी कहर बरपाया है। इसके चलते कई शहर जलमग्न हो गए हैं तथा बाढ़-भूस्खलन के चलते करीब 4,000 लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं।
फिलीपीन में तूफान से 4 मौतें
फिलीपीन में पेन्हा तूफान में बाढ़-भूस्खलन से 4 मौतें हुईं और 6,000 से अधिक विस्थापित हो गए।