पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भारी बारिश से अब तक 22 लोगों की मौत हो गई है। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने रविवार को बताया कि बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान के कारण शनिवार को अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई शहर प्रभावित हो गए। बारिश, तूफान और ओलावृष्टि के कारण पिछले 48 घंटे में 22 लोगों की मौत हो गई।
अयोध्या से श्रीलंका जाएगा सरयू नदी का जल
भारत ने विशेष अनुष्ठान के लिए अयोध्या से सरयू नदी का जल श्रीलंका भेजा है। देवी सीता को समर्पित सीता अम्मा मंदिर के अभिषेक समारोह के लिए पवित्र सरयू नदी का पानी श्रीलंका भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सीता अम्मा मंदिर का अभिषेक समारोह 19 मई को होगा। यह निर्णय श्रीलंका के प्रतिनिधियों के फैसले के बाद हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर धार्मिक समारोहों के लिए सरयू नदी का पानी भेजने की अपील की गई थी। इससे मंदिर में देवी सीता की मूर्ति का अभिषेक होना है।
चीन में बवंडर से पांच की मौत
दक्षिणी चीन के ग्वांगझोउ में आए बवंडर में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 33 अन्य घायल हो गए। सीएनएन ने चीन के सरकारी मीडिया के हवाले से यह जानकारी दी।
एक करोड़ 90 लाख की आबादी वाले शहर ग्वांगझोउ में स्तर-तीन (लेवल-3) की तीव्रता वाले बवंडर आ रहे हैं, जो उच्चम स्तर-पांच से दो कम हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि इस बवंडर से 141 कारखानों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। लेकिन कोई आवासीय घर नहीं गिरा।
बैयुन जिले के लियांगतियान गांव के मौसम केंद्र में अधिकतम 20.6 मीटर प्रति सेकंड की गति वाला हवा का झोंका दर्ज किया। रात 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) तक बचाव और राहत अभियान समाप्त हो गया था। बवंडर के बाद दक्षिणी चीन में कई दिनों तक भारी बारिश हुई। जिससे बाढ़ आ गई और लाखों लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया। बचावकर्मी पानी में फंसे हुए निवासियों को निकाल रहे हैं।
ग्वांगडोंग प्रांत में बाढ़ के कारण 11,10,000 से ज्यादा लोगों को स्थानांतरित किया जा रहा है। इस हफ्ते की शुरुआत में ग्वांगडोंग में बाढ़ के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई।चीन की मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी दी है कि इस महीने के अंत तक भारी बारिश और तेज तूफान रहेगा।
ब्लिंकन का कल से दो दिवसीय सऊदी अरब दौरा
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन कल से दो दिवसीय सऊदी अरब दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्री भागीदारों के साथ बैठक करेंगे। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि ब्लिंकन अपने दौरे के दौरान गाजा में संघर्ष विराम हासिल करने के लिए चल रहे प्रयासों पर चर्चा करेंगे, जो बंधकों की रिहाई सुरक्षित कर सकेगा। इसमें आगे कहा गया है कि हमास फलस्तीनी लोगों और संघर्ष विराम के बीच में खड़ा है। इसके अलवा, ब्लिंकन गाजा को दी जा रही मानवीय ममद में वृद्धि पर भी चर्चा करेंगे।
पाकिस्तान: एक लाख हिंदुओं ने हिंगलाज माता मंदिर में किए दर्शन
पाकिस्तान में हिंदुओं के प्रमुख तीर्थस्थल हिंगलाज मंदिर में करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। आयोजकों ने बताया कि तीर्थयात्रा की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी और रविवार को माता के दर्शन के साथ संपन्न हुई। इस दौरान हिंदू श्रद्धालु सैकड़ों सीढ़ियां चढ़कर एक पर्वत के शिखर तक पहुंचते हैं, जहां माता मंदिर स्थित है। वहां पहुंचकर श्रद्धालु प्राचीन मंदिर के दर्शन करते हैं और तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं।