बांग्लादेश में बीते 24 घंटों में खसरे जैसे लक्षणों के चलते चार और बच्चों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, देश में खसरे से जुड़ी मौतों की कुल संख्या बढ़कर 788 हो गई है। सभी नई मौतों को खसरा से संदिग्ध रूप से जुड़ी मौत माना गया है। नए अपडेट के अनुसार, बांग्लादेश में खसरे से संदिग्ध मौतों की संख्या बढ़कर 693 हो गई है, जबकि प्रयोगशाला जांच में पुष्टि हुई मौतों का आंकड़ा 95 है। यह जानकारी यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश के हवाले से सामने आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान बांग्लादेश में खसरे के 938 नए संदिग्ध मामले सामने आए, जिससे देश में संदिग्ध मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,17,648 हो गई। इसी अवधि में खसरे के 113 नए पुष्ट मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद प्रयोगशाला जांच से पुष्टि किए गए संक्रमणों की कुल संख्या बढ़कर 14,431 हो गई।
विज्ञापन
इस महीने की शुरुआत में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी थी कि डेंगू के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य व्यवस्था पर और दबाव पड़ सकता है और मौतों का खतरा बढ़ सकता है। बांग्लादेश के अस्पताल पहले से ही खसरे के रोजाना 900 से ज्यादा मरीजों के भर्ती होने के कारण दबाव में हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, ढाका के बड़े सरकारी अस्पताल, जहां पहले डेंगू के प्रकोप के दौरान हजारों मरीजों का इलाज किया गया था, अभी खसरे के मरीजों के बोझ से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर डेंगू के मामलों में अचानक बढ़ोतरी होती है, तो पहले से सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं पर और दबाव पड़ेगा और इलाज की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
मध्य अफ्रीकी देश कैमरून में सात यात्रियों का अपहरण
कैमरून के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में शनिवार देर रात (स्थानीय समय) सात यात्रियों का अपहरण कर लिया गया। रविवार को सुरक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी। ये यात्री वेस्ट क्षेत्र की राजधानी बाफौसम से उत्तर पश्चिम क्षेत्र की राजधानी बामेंडा जा रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और यात्रियों को अपने साथ ले गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि अपहरणकर्ताओं ने यात्रियों को छोड़ने के बदले फिरौती की मांग की है। रिपोर्ट के मुताबिक इस इलाके में फिरौती के लिए अपहरण की घटनाएं आम हैं। यहां अलगाववादी समूह स्वतंत्र देश की मांग को लेकर सरकारी सुरक्षा बलों से संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस इलाके में यात्रा करने वाले लोगों को अक्सर ऐसे हथियारबंद लोग निशाना बनाते हैं, जिनके अलगाववादी लड़ाकों से जुड़े होने का शक है। पिछले महीने भी कैमरून के नॉर्थवेस्ट क्षेत्र में करीब 12 लोगों का अपहरण किया गया था। इनमें एक बस के 10 यात्री शामिल थे। स्थानीय लोगों और सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस इलाके में हुई जहां लंबे समय से अलगाववादी हिंसा जारी है।
विज्ञापन
बाकू में भारत के विश्व धरोहर स्थलों की प्रदर्शनी का आगाज
अजरबैजान की राजधानी बाकू में स्थित भारतीय दूतावास परिसर में भारत के यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों पर एक स्थायी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के राजनयिक, अजरबैजान के सांसद, व्यापारिक समुदाय, ट्रैवल ऑपरेटर और भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनी का उद्घाटन भारत के राजदूत अभय कुमार और यूएन-हैबिटेट अजरबैजान प्रमुख अन्ना सोवे ने संयुक्त रूप से किया। वर्तमान में भारत में 44 यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हैं, जिनमें 36 सांस्कृतिक, 7 प्राकृतिक व 1 मिश्रित स्थल शामिल हैं।
भ्रष्टाचार में चाइना विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ जांच
चाइना डेवलपमेंट बैंक के पूर्व अध्यक्ष ओउयांग वेइमिन पर गंभीर अनुशासन और कानून के उल्लंघन के संदेह में शिकंजा कसा गया है। चीन की शीर्ष भ्रष्टाचार विरोधी संस्था ने रविवार को उनके खिलाफ जारी जांच की जानकारी दी। केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग ने संक्षिप्त बयान में बताया कि राष्ट्रीय पर्यवेक्षण आयोग के साथ मिलकर ओउयांग वेइमिन के खिलाफ जांच की जा रही है। ओउयांग ने 1986 में कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल होकर अपना कॅरिअर शुरू किया था और वे पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना में भी रहे।
यूक्रेन ने मॉस्को पर दागे 400 से ज्यादा ड्रोन
यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को को निशाना बनाते हुए 400 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं। मॉस्को के मेयर ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह बड़ा ड्रोन हमला रूस की ओर से कीव और यूक्रेन के अन्य शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से किए गए हमलों के कुछ घंटे बाद हुआ। दोनों देशों के बीच लगातार जारी जवाबी हमलों के कारण मॉस्को के चार साल से ज्यादा पुराने पूर्ण सैन्य अभियान को खत्म करने के लिए किसी समझौते की संभावना दूर होती दिखाई दे रही है।
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि वह सोमवार को अहम बातचीत करेंगे। वह पिछले सप्ताह हुए सरकार में फेरबदल के बाद पैदा हुए घरेलू राजनीतिक संकट को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बदलाव ने युद्ध लड़ने के तरीके को लेकर सेना के पुराने नेतृत्व और युवा सुधार समर्थकों के बीच गहरे मतभेद को सामने ला दिया है।
जेलेंस्की को यूक्रेन के लोगों को भरोसा दिलाना होगा कि 35 वर्षीय मिखाइलो फेडोरोव को रक्षा मंत्री पद से हटाने और सोवियत दौर में प्रशिक्षित 60 वर्षीय जनरल ओलेक्जेंडर सिरस्की को सेना प्रमुख बनाए रखने से रूस के खिलाफ लड़ाई कमजोर नहीं होगी।
पुतिन ने उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री से की मुलाकात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री चोए सोन हुई से मुलाकात की। रूस की सरकारी मीडिया के अनुसार, पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ अपने युद्ध में समर्थन देने के लिए प्योंगयांग का धन्यवाद किया। दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय कूटनीतिक गतिविधियों के बीच यह एक और अहम बैठक है।
उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री चोए सोन हुई की यह यात्रा किसी बहुपक्षीय कूटनीतिक कार्यक्रम या सरकारी वर्षगांठ के अवसर पर नहीं हुई है। इससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की संभावित रूस यात्रा की तैयारियों को लेकर बातचीत कर सकती हैं।
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने बताया कि चोए शनिवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के निमंत्रण पर रूस के लिए रवाना हुई थीं। हालांकि, उनकी यात्रा के उद्देश्य के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।
कांगो में फैले इबोला संक्रमण से अब तक कम से कम 930 लोगों की मौत हो चुकी है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि शनिवार तक इबोला के 2,344 मामलों की पुष्टि हुई थी, जिनमें से 930 लोगों की मौत दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 37 नई मौतें हुई हैं, जो एक दिन में दर्ज होने वाली सबसे अधिक मौतों में से एक है।
पूर्वी कांगो में 15 मई को घोषित किया गया यह अब तक का सबसे तेजी से फैलने वाला इबोला प्रकोप है। इस संक्रमण के लिए जिम्मेदार बंडिबुग्यो वायरस इबोला बीमारी फैलाने वाले अन्य वायरस की तुलना में कम पाया जाता है। इस वायरस के लिए अभी तक कोई स्वीकृत टीका या इलाज उपलब्ध नहीं है।