फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: रूस-यूक्रेन के बीच टकराव बढ़ा, मॉस्को के रणनीतिक ठिकानों पर ड्रोन हमले में 7 की मौत और 50 घायल

Sun, 19 Jul 2026 03:01 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस के कई रणनीतिक रसद और तेल ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। उन्होंने एक्स पर बताया कि जवाबी हमलों में मॉस्को और तांबोव क्षेत्रों में दो बड़े रसद केंद्र प्रभावित हुए, जो अग्रिम पंक्ति से काफी दूर थे। रूस इनका उपयोग ड्रोन उत्पादन के प्रतिबंधित पुर्जों की आपूर्ति कर रहा था। यूक्रेनी हमलों ने आजोव सागर, काला सागर और क्रीमिया के जलक्षेत्र में भी लक्ष्यों को भेदा। ड्यूश वैले (DW) की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेनी ड्रोन हमलों में रूस में सात लोग मारे गए और 51 घायल हुए। तांबोव के कोटोवस्क में वाइल्डबेरीज़ गोदाम पर हमले में सात कर्मचारी मारे गए और 25 घायल हुए। मॉस्को के पास एलेक्ट्रोस्टाल में एक अन्य गोदाम पर भी हमला हुआ, जिससे 24 लोग घायल हुए। जेलेंस्की ने कमांडरों के साथ रणनीति पर चर्चा की, जिसमें 155 मिमी तोपखाने के गोले और मानवरहित ज़मीनी वाहनों की आपूर्ति पर जोर दिया गया।

विज्ञापन

माली में जिहादी आतंकियों का तांडव, कई सैनिकों को घेरकर उतारा मौत के घाट;दर्जनों को बनाया बंदी

माली के अशांत उत्तरी इलाके में जिहादी आतंकियों और अलगाववादियों ने सेना के एक बड़े काफिले पर हमला कर दिया है। घात लगाकर किए गए इस भीषण हमले में दर्जनों सैनिकों के मारे जाने या पकड़े जाने की खबर है। इस काफिले में माली की सेना के साथ रूस के 'अफ्रीका कॉर्प्स' के लड़ाके भी शामिल थे। विद्रोहियों ने कई वीडियो भी जारी किए हैं, जिनमें सेना की गाड़ियों को तबाह होते और सैनिकों को सरेंडर करते हुए देखा जा सकता है। माली की सेना ने हमले की बात मानी है और कहा है कि उनकी तरफ से जवाबी कार्रवाई की जा रही है।

इस बड़े हमले की जिम्मेदारी अल-कायदा से जुड़े गुट जेएनआईएम और अलगाववादी संगठन एफएलए ने ली है। इन दोनों गुटों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। रेगिस्तानी इलाके में हुआ यह हमला माली की सरकार और वहां की सेना के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि आतंकियों और अलगाववादियों का यह तालमेल माली की स्थिरता के लिए बेहद खतरनाक है। इस इलाके में अलग देश की मांग को लेकर वर्षों से हिंसा चल रही है, जो अब और भयानक रूप ले चुकी है।

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल और हवाई ईंधन महंगा, जनता पर बढ़ा बोझ
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल मची है। इसका सीधा असर पाकिस्तान पर पड़ा है, जहां सरकार ने हवाई ईंधन (जेट फ्यूल) की कीमत में 40.35 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी कर दी है। अब हवाई ईंधन की नई कीमत 291.55 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पिछले दो हफ्तों में ही इसमें कुल 53.58 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। इस फैसले के बाद एयरलाइंस का खर्च बढ़ जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में हवाई सफर के टिकट काफी महंगे होने की पूरी आशंका है।

सिर्फ हवाई ईंधन ही नहीं, पाकिस्तान सरकार ने आम जनता और परिवहन को भी बड़ा झटका दिया है। हाई-स्पीड डीजल की कीमत 31.05 रुपये बढ़ाकर 354.35 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, पेट्रोल की कीमत में भी 5.44 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, जिससे यह 316.15 रुपये पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए पाकिस्तानी सरकार ने अब हर हफ्ते के बजाय रोज तेल की कीमतों की समीक्षा (डेली प्राइस रिव्यू) करने का फैसला किया है।

कोविड लोन धोखाधड़ी में भारतीय मूल की महिला को दो साल कैद
ब्रिटेन में कोरोना महामारी के दौरान व्यवसायों की मदद के लिए सरकार द्वारा दिए जा रहे पांच लोन अवैध रूप से प्राप्त करने की धोखाधड़ी में भारतीय मूल की महिला को दो साल से ज्यादा की जेल हुई है। 50 वर्षीय रूपाली वाघ ने मई से सितंबर 2020 के बीच अपनी चार कंपनियों का टर्नओवर बढ़ा-चढ़ाकर दिखाकर कुल 2.80 करोड़ रुपये का लोन लिया था। रुपाली ने रकम का इस्तेमाल शेयर खरीदने और व्यक्तिगत कर्ज चुकाने में किया।

ईरान : प्रदर्शन में सुरक्षाकर्मी की हत्या के आरोपी को फांसी
ईरानी अधिकारियों ने रविवार को 2022 के देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के दौरान एक सुरक्षाकर्मी की हत्या का दोषी को फांसी दे दी। यह विरोध प्रदर्शन नैतिकता पुलिस (मॉरल पुलिस) की हिरासत में एक महिला की मौत के बाद भड़के थे। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, तेहरान में प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर सुरक्षा बलों के साथ झड़प की थी। इस दौरान आरिफ खुशकार ने पेलेट गन से सुरक्षाकर्मी सलमान अमीराहमदी पर गोली चलाई, जिससे अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

किशोर की हत्या में शामिल ब्रिटिश सिख महिला को जेल
दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड में एक किशोर की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे ब्रिटिश सिख युवक की मां को अपराध स्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार हटाने के आरोप में तीन साल जेल की सजा सुनाई गई है। साउथेम्प्टन क्राउन कोर्ट ने 53 वर्षीय किरन कौर को अपराधी की मदद करने का दोषी पाया। किरन पर आरोप है कि उसने अपने बेटे विक्रम दिगवा द्वारा हेनरी नोवाक (18) की हत्या के बाद जांच में बाधा डालने के लिए हथियार छिपाया था।
विज्ञापन

चीन विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार जांच शुरू

चीन विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष ओयांग वेमिन के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में जांच शुरू कर दी गई है। चीन की शीर्ष भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने रविवार को बताया कि उन पर पार्टी अनुशासन और कानून के गंभीर उल्लंघन का शक है।

केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग ने एक बयान में कहा कि ओयांग वेमिन की जांच आयोग और राष्ट्रीय निगरानी आयोग दोनों कर रहे हैं। हालांकि, एजेंसी ने इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी।

सरकारी मीडिया चाइना डेली के अनुसार, ओयांग वेमिन ने 1986 में अपना करियर शुरू किया था और उसी साल चीन की कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने अपने शुरुआती करियर का काफी समय चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना में बिताया।

रिपोर्ट के मुताबिक, ओयांग गुआंगदोंग प्रांत के डिप्टी-गवर्नर भी रह चुके हैं। गुआंगदोंग हांगकांग के पास स्थित चीन का एक प्रमुख आर्थिक क्षेत्र है। साल 2019 में उन्हें चीन विकास बैंक का अध्यक्ष और उप पार्टी सचिव नियुक्त किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने 2023 में अध्यक्ष पद छोड़ दिया।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें