फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Update: बाघ के बाड़े में घुसी महिला, मुश्किल से बची जान, सामने आया वीडियो

Thu, 22 Aug 2024 10:56 AM IST
विशांत श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

पाकिस्तान से इराक जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 28 शियाओं की मौत

विज्ञापन

शिया जायरीनों को पाकिस्तान से इराक ले जा रही एक बस मध्य ईरान में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें कम से कम 28 जायरीनों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। घायलों में 14 लोगों की हालत गंभीर बताई जाती है। जायरीन अरबईन के लिए कर्बला जा रहे थे, जो सातवीं शताब्दी में एक शिया पैगंबर की शहादत के 40वें दिन किया जाने वाला एक अनुष्ठान है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने इस बारे में जानकारी दी है। 

Bangladesh: लापता लोगों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय  सम्मेलन पर हस्ताक्षर करेगा बांग्लादेश
बांग्लादेश में 30 अगस्त से पहले लापता हुए लोगों को लेकर बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन पर हस्ताक्षर करने की योजना बना रहा है। अंतरिम सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि अपदस्थ शेख हसीना सरकार के शासनकाल के दौरान कई लोगों को अगवा किया गया था। 

मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने विदेश सेवा अकादमी में संवाददाताओं से कहा कि अंतरिम सरकार मामले में आयोग बनाने पर भी विचार कर रही है।

पश्चिम टेक्सास में विमान हादसे में पायलट सहित यात्री की मौत
पश्चिम टेक्सास के पड़ोस में मंगलवार को एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया। इसमें पायलट सहित एक यात्री की मौत हो गई। इसके जमीन पर गिरते ही इसमें आग लगने से एक महिला घायल हो गई। दरअसल, ओडेसा एयरपोर्ट से से उड़ान भरने के बाद विमान को ऊंचाई हासिल करने में संघर्ष करना पड़ा। इस दौरान यह बिजली के तार से टकराया और हादसे का शिकार हो गया। 

भारत समेत 35 देशों के नागरिक कर सकेंगे श्रीलंका की वीजा मुक्त यात्रा
श्रीलंका सरकार ने 35 देशों के नागरिकों के लिए छह महीने के लिए अपने देश में वीजा-मुक्त प्रवेश की घोषणा की है। सूची में भारत, ब्रिटेन, चीन, अमेरिका, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, पोलैंड, कजाकिस्तान, सऊदी अरब, यूएई, नेपाल, इंडोनेशिया, रूस, मलयेशिया, जापान, फ्रांस, कनाडा, चेक गणराज्य, इटली, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, इस्राइल, बेलारूस, ईरान, स्वीडन, द. कोरिया, कतर, ओमान, बहरीन, थाईलैंड और न्यूजीलैंड शामिल हैं। 

कांगो में मंकीपॉक्स के 1,000 से ज्यादा नए मामले
अफ्रीकी देश कांगो में मंगलवार को समाप्त हुए सप्ताह में 1,000 से अधिक मंकीपॉक्स के नए मामले सामने आए। अफ्रीकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बीमारी के बढ़ते खतरे से लड़ने के लिए टीकों की मांग की है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने अफ्रीका में मंकीपॉक्स के प्रकोप को वैश्विक आपातकाल घोषित कर दिया है। 54 अफ्रीकी देशों में से 12 देशों में एमपॉक्स के मामलों की पुष्टि हो चुकी है। अफ्रीका रोग नियंत्रण व रोकथाम केंद्र ने बताया कि मौजूदा वर्ष में कुल 18,910 मामलों में से 94 प्रतिशत या 17,794 मामले अकेले कांगो में सामने आए हैं। इस साल इससे 541 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 535 मौतें कांगो में हुई हैं।

अमेरिका: भारतीय डॉक्टर नग्न तस्वीरें लेने में गिरफ्तार
अमेरिका में एक भारतीय डॉक्टर बच्चों-बड़ों की नग्न तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने के यौन अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कई साल से 40 साल का डॉक्टर ओमैर एजाज यह काम कर रहा था। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, एजाज को 8 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। उसे 16.48 करोड़ रुपये के बॉन्ड पर अमेरिकी जेल में रखा गया है।  


 

हत्या के मामले में महिला को 11 साल जेल की सजा

संयुक्त राज्य अमेरिका में एक 24 वर्षीय महिला को एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में दोषी ठहराए जाने के बाद 11 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। हत्या करने वाली महिला का दावा है कि मृतक ने उसकी तस्करी की थी। महिला की पहचान क्रिस्टुल किजर के रूप में हुई है, जिसे सोमवार को सजा सुनाई गई। सजा के 11 साल में से 570 दिन कम किए गए हैं क्योंकि इतना समय किजर ने मुकदमे की प्रतिक्षा में बिताया है। किजर ने 2018 में 34 वर्षीय रान्डेल वोलर को उनके केनोशा, विस्कॉन्सिन स्थित घर में गोली मार दी थी, जब वह 17 वर्ष की थीं। उसने उसके सिर में गोली मारी, उसके घर को जला दिया और उसकी BMW चुरा ली। किजर 16 साल की थीं जब वोलर से उनकी मुलाकात हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वोलर ने कई बार उनका यौन शोषण किया और उसे यौन शोषण के उद्देश्य से बेच दिया था। 

बाघ के बाड़े में घुसी महिला, मुश्किल से बची जान

संयुक्त राज्य अमेरिका में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दरअसल वहां की एक महिला रविवार को दोपहर 2 बजे के आसपास न्यू जर्सी के कोहनज़िक चिड़ियाघर में बंगाल टाइगर के बाड़े में पहुंच गई। ब्रिजटन पुलिस विभाग के अनुसार, उसने बाघ को छूने की कोशिश की, इस दौरान बाघ ने महिला को काटने की कोशिश भी की। हालांकि इस दौरान दोनों के बीच एक पतली जाली थी। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में, महिला जंगली जानवर के बाड़े में हाथ डालने की कोशिश करती हुई दिखाई दे रही थी। बाघ ने उस पर लगभग हमला कर ही दिया था और वह महिला का हाथ काटने की कोशिश कर रहा था। फिर वह तेज़ी से पीछे हट गई।
 
विज्ञापन

मोदी के साथ दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की: आरजू देउबा

नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने हाल ही में नयी दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान भारत के शीर्ष नेतृत्व के साथ सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर 18 अगस्त को भारत की पांच-दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर गईं देउबा आज दिन में स्वदेश लौट आईं। पिछले माह नेपाल में नयी सरकार गठित हुई थी। कार्यभार संभालने के बाद देउबा की यह पहली आधिकारिक विदेश यात्रा थी।

यात्रा के दौरान देउबा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर के साथ बैठक की। भारत से आने के बाद त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देउबा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठकों के दौरान हमने सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का मौका मिला। बैठक के दौरान हमने नेपाल और भारत के बीच मौजूदा मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने से जुड़े मसलों पर चर्चा की और हमारे दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर विचार साझा किए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक के दौरान, हमने व्यापार और पारगमन, ऊर्जा, संपर्क, निवेश, हवाई मार्ग, बाढ़, पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना, खेल, सीमा अवसंरचना सहित नेपाल-भारत संबंधों के समग्र पहलुओं की समीक्षा की।’’
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें