फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Update: अदला-बदली के तहत दो अमेरिकियों को रिहा करेगा तालिबान; यूएस बॉर्डर पेट्रोल एजेंट की हत्या

Sun, 02 Feb 2025 01:17 AM IST
शुभम कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

उत्तर-मध्य नाइजीरिया में एक गैसोलीन टैंकर विस्फोट में अब तक 98 लोगों की मौत हो चुकी है। यह घटना शनिवार सुबह नाइजर राज्य के सुलेजा क्षेत्र के पास हुई। लोग दुर्घटनाग्रस्त टैंकर से गैसोलीन को दूसरे ट्रक में स्थानांतरित करने की कोशिश कर रहे थे, तभी विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण गैसोलीन निकालने की कोशिश करने वाले लोग और आसपास खड़े लोग मारे गए।

मृतकों की संख्या में और वृद्धि के आसान

विज्ञापन

नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि मरने वालों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। विस्फोट के समय घटनास्थल पर बहुत भीड़ थी, जिसमें लोग तस्वीरें लेने और गैसोलीन निकालने की कोशिश कर रहे थे। इस घटना के बाद नाइजीरिया में पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं, क्योंकि एक साल पहले राष्ट्रपति ने पेट्रोल पर दी जाने वाली सब्सिडी को हटा लिया था।

कांगो में सेना और विद्रोही समूह पर बमबारी का आरोप
मानवाधिकार समूह एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कांगो की सेना और एक विद्रोही समूह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने घनी आबादी वाले इलाकों में बमबारी की, जो संभवतः युद्ध अपराध हो सकती है। एमनेस्टी की रिपोर्ट के अनुसार, कांगो के सशस्त्र बलों और M23 विद्रोही समूह ने जनवरी से जुलाई 2024 के बीच पूर्वी कांगो के घनी आबादी वाले इलाकों में 150 से अधिक बार बिना दिशा वाले रॉकेट और विस्फोटक दागे। इन हमलों में 100 से अधिक नागरिक मारे गए और सैकड़ों लोग घायल हुए।

एमनेस्टी ने की हमलों की जांच का आह्वान 
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय से इन हमलों की जांच करने का आह्वान किया है। यह रिपोर्ट तब आई है, जब कांगो के पूर्वी हिस्से में सेना और कई विद्रोही समूहों के बीच लड़ाई बढ़ गई है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के अनुसार, इस साल की शुरुआत से अब तक 237,000 से ज़्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं। M23 विद्रोही समूह उन सैकड़ों सशस्त्र समूहों में से एक है जो कांगो के खनिज-समृद्ध पूर्वी क्षेत्र में लड़ाई कर रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र दुनिया के सबसे बड़े मानवीय संकटों में से एक बन गया है, और 7 मिलियन से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं।

नेपाल सरकार ने की 31 जनवरी को संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने की सिफारिश
नेपाल सरकार ने सोमवार को संसद का शीतकालीन सत्र 31 जनवरी को बुलाने की सिफारिश की। कानून और न्याय मंत्री अजय कुमार चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि मंत्रिमंडल ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से 31 जनवरी को संसद सत्र बुलाने का अनुरोध किया है।

बता दें कि विपक्षी पार्टियां सरकार पर संसद सत्र जल्दी बुलाने का दबाव बना रही हैं, उनका कहना है कि यह पहले ही देरी हो चुकी है। इसके पहले प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने संसद के अध्यक्ष देवराज घिमिरे से संसद सत्र बुलाने पर चर्चा की थी।

बेल्जियम व लक्जमबर्ग में प्रवासी बना रहे बड़ी पहचान- गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पीयूष गोयल ने हाल ही में बेल्जियम की एक यात्रा के दौरान भारतीय छात्रों, केयू ल्यूवेन विश्वविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्यों और बेल्जियम तथा लक्जमबर्ग में भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने पिछले एक दशक में भारत की परिवर्तनकारी नीतियों और देश की प्रगति में प्रवासी भारतीयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

साथ ही उन्होंने कहा, यह देखकर खुशी होती है कि विदेश में हमारे प्रवासी उत्कृष्टता हासिल कर अपनी पहचान बना रहे हैं। पीयूष गोयल ने छात्रों से अमृत काल के दौरान इस सफलता की कहानी का हिस्सा बनने का आग्रह किया। पीयूष गोयल ने बेल्जियम और लक्जमबर्ग में रह रहे भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात की और भारत की वैश्विक कहानी में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने प्रवासियों को भारत का सबसे मजबूत ब्रांड एंबेसडर कहा। एजेंसी

पोप फ्रांसिस ने पेरू स्थित कैथोलिक आंदोलन सोदालितियम क्रिस्टियानी वीटाए को किया खत्म
पोप फ्रांसिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पेरू स्थित कैथोलिक आंदोलन सोडालितियम क्रिस्टियानी वीटाए को खत्म करने का फैसला किया। यह निर्णय वर्षों की सुधार कोशिशों और एक वैटिकन जांच के बाद लिया गया। जांच में इस आंदोलन के संस्थापक द्वारा यौन शोषण, इसके नेताओं द्वारा वित्तीय गड़बड़ी और इसके प्रमुख सदस्यों द्वारा आध्यात्मिक शोषण के मामले सामने आए थे।

सोदालितियम ने सोमवार को इस फैसले की पुष्टि की, जिसे ब्राज़ील के अपारिसेडा में आयोजित एक सभा में पोप के शीर्ष कानूनी सलाहकार कार्डिनल जियानफ्रांको घिर्लांडा ने बताया। इस फैसले के बारे में जानकारी देने वाली रिपोर्ट में आंदोलन ने कहा कि दो सदस्यों द्वारा जानकारी लीक की गई थी, जिन्हें "अंतिम रूप से निष्कासित" कर दिया गया। हालांकि, रिपोर्ट में कुछ ग़लत जानकारी भी थी, लेकिन वे किस जानकारी को ग़लत मानते हैं, इसका खुलासा नहीं किया गया।

 

वर्मोंट में अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल एजेंट की हत्या, जांच जारी
सोमवार को उत्तरी वर्मोंट में कनाडाई सीमा के पास एक अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल एजेंट की हत्या कर दी गई, अधिकारियों ने बताया। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के यूएस कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन ने एक बयान में कहा कि एजेंट कर्तव्य के दौरान मारे गए, हालांकि उन्होंने और जानकारी नहीं दी।

वर्मोंट राज्य पुलिस ने दी जानकारी
वर्मोंट राज्य पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार दोपहर को कोवेंट्री में हुई, जो कनाडा सीमा से लगभग 32 किमी दूर है। राज्य पुलिस अधिकारियों ने फेडरल अधिकारियों, जैसे FBI और होमलैंड सिक्योरिटी की मदद की।

साथ ही इस घटना के बाद, राजमार्ग का एक हिस्सा दोनों दिशाओं में लगभग दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया। उत्तर दिशा की लेन को शाम 5 बजे के बाद फिर से खोल दिया गया। कोवेंट्री यूएस कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन के न्यूपोर्ट स्टेशन के पास स्थित है, जो स्वैंटन सेक्टर का हिस्सा है, जो वर्मोंट और न्यू यॉर्क और न्यू हैम्पशायर के कुछ हिस्सों को कवर करता है। यह क्षेत्र कनाडा के साथ 475 किमी की अंतरराष्ट्रीय सीमा में शामिल है।

अमेरिका के दो कैदियों को रिहा करेगा तालिबान

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने मंगलवार को कैदियों की अदला-बदली के तहत दो अमेरिकी कैदियों को रिहा करने की घोषणा की। काबुल में तालिबान के विदेश मंत्रालय ने दो अमेरिकी नागरिकों के नाम नहीं बताए, लेकिन कहा कि उन्हें खान मोहम्मद के बदले में रिहा किया गया है। खान मोहम्मद को दो दशक पहले पूर्वी अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह कैलिफोर्निया की जेल में आजीवन कारावास की सजा काट काट रहा है। अदला-बदली के तहत शामिल अमेरिकियों में से एक रयान कॉर्बेट के परिवार ने इस पर खुशी जताई। कॉर्बेट, जो साल 2021 में अमेरिका समर्थित सरकार के पतन के समय अपने परिवार के साथ अफगानिस्तान में रह रहे थे। अगस्त 2022 में तालिबान ने कार्बेट को व्यापारिक यात्रा के दौरान अगवा कर लिया था।

ग्वादर हवाई अड्डा चीन का ‘उपहार’, इससे पूरे देश को फायदा होगा: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल ही में शुरू हुए ग्वादर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को चीन की ओर से एक ‘उपहार’ करार दिया। उन्होने मंगलवार को कहा कि इससे न केवल बलूचिस्तान प्रांत की अर्थव्यवस्था बल्कि पूरे देश को लाभ होगा। ग्वादर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बलूचिस्तान में स्थित है। चीन द्वारा वित्तपोषित और निर्मित यह हवाई अड्डा पाकिस्तान का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है।

सोमवार को कराची से 46 यात्रियों को लेकर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन के विमान के उतरने के साथ ही इस हवाई अड्डे पर परिचालन शुरू हो गया। सरकारी रेडियो पाकिस्तान की खबर के अनुसार, शरीफ ने संघीय मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह टिप्पणी की। प्रधानमंत्री ने कहा कि 23 करोड़ अमेरिकी डॉलर के चीनी अनुदान से निर्मित ग्वादर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ‘चीन की ओर से पाकिस्तान के लिए एक उपहार है और हमें इसका सम्मान करना चाहिए’।

अरबों डॉलर की लागत वाली चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा परियोजना (सीपीईसी) के तहत निर्मित इस हवाई अड्डे को दोनों देशों द्वारा व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जियो न्यूज ने प्रधानमंत्री शरीफ के हवाले से बताया, “अगर ग्वादर हवाई अड्डे को वाणिज्यिक आधार पर चलाया जाए तो यह बलूचिस्तान के लोगों के साथ-साथ पूरे देश के लिए बहुत लाभकारी हो सकता है।” शरीफ ने ग्वादर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान परिचालन शुरू होने को एक स्वागत योग्य कदम बताया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस हवाई अड्डे से क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देने और वैश्विक व्यापार तथा बुनियादी ढांचे के विकास में पाकिस्तान की स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाये जाने की उम्मीद है।

कोटे डी आइवरी में बस और ट्रक की टक्कर, 15 की मौत और 23 घायल
पश्चिम अफ्रीकी देश कोटे डी आइवरी में मंगलवार को एक ट्रक और यात्री बस की भिड़ंत हो गई, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 23 लोग घायल हो गए। हादसा कोटे डी आइवरी के पश्चिमी क्षेत्र में पोनेन-ओइनलो गांव में हुआ। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने फेसबुक पर इस घटना की जानकारी दी, हालांकि दुर्घटना के कारणों में कोई विस्तृत विवरण नहीं दिया। 

भारत, अन्य देशों के साथ एफटीए में सफलता की उम्मीद: जर्मनी के चांसलर
जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने मंगलवार को कहा कि उन्हें भारत और कुछ अन्य देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) में सफलता मिलने की उम्मीद है। शोल्ज ने कहा कि यूरोप को दुनिया के हर हिस्से से सहयोग की आवश्यकता है।

उन्होंने यहां विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में कहा, "जिन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की बातचीत हो रही है, उन्हें पहले से ज्यादा सफल होना चाहिए। यदि हम दूसरे देशों और क्षेत्रों के साथ अधिक मुक्त व्यापार समझौते करेंगे तो इससे मदद मिलेगी।" शोल्ज ने कहा कि यूरोप को पूरी दुनिया के साथ सहयोग की जरूरत है और यूरोप इसके लिए तैयार है।

चांसलर ने कहा कि दुनिया भर में कई क्षेत्र और देश मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, इसमें भारत, इंडोनेशिया, मलेशिया और कई अन्य देश और क्षेत्र शामिल हैं।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये बातचीत पहले की वार्ताओं से अधिक सफल होंगी।

अमेरिका के उप राष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने मार्को रुबियो को अमेरिका के विदेश मंत्री के रूप में शपथ दिलाई।
विज्ञापन

जेलेंस्की ने ट्रम्प से बातचीत के बाद युद्ध समाप्ति की उम्मीद जताई 
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनसे कहा कि वह युद्ध को समाप्त करना चाहते हैं। लेकिन फिलहाल इस युद्ध से बाहर निकलने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक के दौरान मीडिया से बात करते हुए जेलेंस्की ने कहा, हमारी टीमें राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक की व्यवस्था करने की प्रक्रिया में हैं। अब तक की चर्चा सामान्य रही है। अभी तक हमें कोई तारीख नहीं मिली है। जब उनसे पूछा गया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कोई बात हुई है तो जेलेंस्की ने कहा, इस बारे में मेरे साथ कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा, अगर नेता बातचीत नहीं कर रहे और खुफिया सेवाएं बात कर रही हैं, तो यह काम नहीं करेगा। पुतिन को वार्ता की मेज पर आना चाहिए। यह स्पष्ट करना जरूरी है कि हम एक जैसे नहीं हैं। हम पीड़ित हैं, पुतिन आक्रामक हैं। हमने युद्ध की शुरुआत नहीं की, उन्होंने की। लेकिन हम युद्ध को समाप्त करना चाहते हैं। ट्रंप ने कहा है कि वह युद्ध को खत्म करना चाहते हैं। लेकिन पुतिन युद्ध को खत्म नहीं करना चाहते, क्योंकि उन्हें वह नहीं मिला जो वह चाहते थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें