अमेरिकी के न्यूयॉर्क शहर के एक होटल के बाहर यूनाइटेड हेल्थकेयर समूह के मुख्य कार्यकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार को हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आतंकवादियों के सोशल मीडिया यूज पर रोक लगाएगा पाकिस्तान; परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में उतरेगी मेटा
पाकिस्तान सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाएगी। राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपी) समन्वय समिति की बैठक में गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) के साथ मिलकर सरकार आतंकवादी समूहों के सोशल मीडिया खातों को ब्लॉक करेगी। इसके अलावा, अवैध सिम कार्ड के इस्तेमाल को रोकने के लिए एक एकीकृत रणनीति लागू करने की योजना है।
खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले की निंदा की
नकवी ने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में हाल की आतंकवादी घटनाओं की निंदा करते हुए उन्हें "गहरा खेदजनक और निंदनीय" बताया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से निपटने के लिए आतंकवाद विरोधी बलों (सीटीएफ) की क्षमताओं को बढ़ाया जाएगा और इन क्षेत्रों में उन्हें पूरा समर्थन दिया जाएगा।
इसके साथ ही मंत्री ने कहा कि सुरक्षा सुधार के लिए पुलिस और फ्रंटियर कांस्टेबुलरी जैसी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को मजबूत करने की प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कानून और व्यवस्था सुधारने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। सभी प्रांतों में पुलिस बलों को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा।
नकवी की घोषणा
नकवी ने घोषणा की कि संघीय सरकार कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तत्काल जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी और सभी संस्थाओं से यह रिपोर्ट सात दिनों के भीतर आंतरिक मंत्रालय को देने के लिए कहा। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक प्राधिकरण (एनएसीटीए) आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मुख्य भूमिका निभाएगा और इसमें सुधार की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।
नेपाल में सीता राम विवाह महोत्सव की तैयारी तेज
नेपाल में कड़ी सुरक्षा के बीच सीता राम विवाह महोत्सव के लिए जनकपुर में तैयारियां चल रही हैं। 26 नवंबर को अयोध्या के रामसेवक पुरम से भगवान राम की 'बारात यात्रा' शुरू हुई और 3 दिसंबर की शाम को जनकपुर पहुंची। 4 और 5 दिसंबर को मिथिला की संस्कृति के अनुसार विवाह की रस्में होंगी।
वहीं 6 दिसंबर को भगवान राम की विवाह पंचमी है। विवाह संपन्न होगा और 7 दिसंबर को 'कलेवर' का आयोजन होगा। 8 दिसंबर को जनकपुर से 'बारात' निकलेगी और 9 दिसंबर की रात को अयोध्या पहुंचेगी।
ओली-जिनपिंग मुलाकात के बाद नेपाल-चीन में नौ सूत्री समझौते
नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली की बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद दोनों पक्षों ने मंगलवार को नौ सूत्री समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं ने कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास, ढांचागत विकास और व्यापार और पर्यटन सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले चार दिनी आधिकारिक यात्रा पर चीन पहुंचे ओली ने बीजिंग में अपने चीनी समकक्ष ली कियांग के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक में मुख्य रूप से चिकित्सा सहयोग, कृषि विकास, निवेश, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, खेल, आपदा प्रबंधन से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई।
चीन ने अंटार्कटिका में स्थापित किया स्टेशन
चीन ने अंटार्कटिका में अपना पहला वायुमंडलीय निगरानी स्टेशन स्थापित किया है। चीन इस बर्फीले दक्षिणी महाद्वीप में अनुसंधान केंद्र बनाकर अपनी मौजूदगी को मजबूत कर रहा है। चीन मौसम विज्ञान प्रशासन के अनुसार, पूर्वी अंटार्कटिका के लार्समैन हिल्स स्थित झोंगशान नेशनल एटमॉस्फेेरिक एडमिनिस्ट्रेशन में रविवार से कामकाज शुरू हो गया है। एजेंसी
परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में उतरेगी मेटा, बिजली की बढ़ती मांग के चलते लिया फैसला
सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा ने परमाणु ऊर्जा डेवलेपर्स के प्रस्ताव मांगे हैं। दरअसल कंपनी ने अपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता और पर्यावरणीय लक्ष्यों को पाने के लिए परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में उतरने की योजना बनाई है। साथ ही आने वाले दिनों में ऊर्जा की मांग भी काफी ज्यादा बढ़ने की संभावना है, ऐसे में भी मेटा परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र पर फोकस कर रही है।
मेटा 2030 के दशक की शुरुआत में एक से चार गीगावाट क्षमता वाले परमाणु ऊर्जा प्लांट लगाने की इच्छुक है। अमेरिका में सामान्य तौर पर एक परमाणु ऊर्जा प्लांट की क्षमता एक गीगावाट होती है। कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि मेटा में हम मानते हैं कि परमाणु ऊर्जा भविष्य में स्वच्छ, विश्वसनीय, विविध इलेक्ट्रिक ग्रिड ऊर्जा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगी। गोल्डमैन सैक्स के अनुमानों के अनुसार, अमेरिकी डेटा सेंटर्स में बिजली का उपयोग 2023 और 2030 के बीच लगभग तीन गुना होने की उम्मीद है और इसके लिए लगभग 47 गीगावाट नई उत्पादन क्षमता की आवश्यकता होगी।
फिलीपींस में भूकंप के झटके
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने बताया कि बुधवार को उत्तरी फिलीपींस में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र जमीन में 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलीपींस की भूकंप विज्ञान एजेंसी PHIVOLCS ने बताया कि भूकंप इलोकोस प्रांत के उत्तरी शहर बांगुई में आया। एजेंसी ने भूकंप से होने वाले आफ्टरशॉक और नुकसान की चेतावनी दी। भूकंप से अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं हैं।
शेख हसीना जनसंहार की अपराधी, अत्यंत क्रूर शासन चलाया: शफीकुल आलम
बांग्लादेश में अशांति के मुद्दे पर अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा, (पूर्व प्रधानमंत्री) शेख हसीना जनसंहार की अपराधी हैं। उन्होंने एक अत्यंत क्रूर तानाशाही का शासन चलाया है। हम हैरान हैं कि उन्हें अब भी अपने निवास से मीडिया से बातचीत करने की अनुमति दी जा रही है।
भारतीय विदेश सचिव के बांग्लादेश दौरे पर उन्होंने कहा, हम भारत के विदेश सचिव की यात्रा का इंतजार कर रहे हैं। दोनों समकक्ष आपसी हितों के मुद्दों पर बात करेंगे। हमें उम्मीद है कि बैठक से दोनों देशों के बीच संबंध और गहरे होंगे। बारत के साथ हमारे संबंध ठीक हैं और दोनों देश संबंधों को और गहरा करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले महीनों में हमारे संबंध और बेहतर होंगे। इस्कॉन पर पाबंदी लगाने की मांग पर उन्होंने कहा, हमने बार-बार कहा है कि हमारे पास इस्कॉन पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस जल्द ही सभी सियासी पार्टियों से राष्ट्रीय एकता का आह्वान करेंगे, ताकि देश में फैल रही झूठी जानकारी और राजनीतिक अशांति का मुकाबला किया जा सके। बांग्लादेश में भारतीय टीवी चैनलों पर प्रतिबंध लगाने की याचिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह अधालत का मामला है और वह मीडिया की आजादी में भरोसा रखते हैं ।
पाकिस्तान: इमरान खान ने की न्यायिक आयोग बनाने की मांग
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस्लामाबाद में उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं की कथित हत्या की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के नेतृत्व एक न्यायिक आयोग बनाने की मांग की है। आरोप है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे पीटीआई कार्यकर्ताओं को सीधे गोलीबारी कर उनकी हत्या की। खान अभी रावलपिंडी की जेल में हैं।
पीटीआई ने 24 नवंबर को एक विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें पार्टी के चुनावी अधिकार की बहाली, हिरासत में लिए पार्टी सदस्यों की रिहाई और 26वें संशोधन को उलटने की मांग की गई थी। पार्टी का मानना है कि यह संशोधन तानाशाही वाले शासन को मजबूत करता है। पीटआई के कार्यकर्ता जब इस्लामाबाद के डी-चौक के पास पहुंचे, तो पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें तितर-बितर किया। इमरान ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें बताया गया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वालों को सीधे गोली मारी गई है। वह संविधान और कानून के शासन के लिए आवाज उठा रहे थे। उनकी हत्या कर दी गई। सैकड़ों लोग घायल हुए।
ईरानी नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मदी इलाज के लिए जेल से रिहा
ईरानी नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को इलाज के लिए ईविन जेल से रिहा कर दिया गया है। उनके वकील मुस्तफा नीली ने बुधवार सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि डॉक्टर की सलाह पर नरगिस मोहम्मदी की जेल की सजा को तीन सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। नरगिस को ट्यूमर है। 21 दिन पहले उनका ऑपरेशन हुआ था। डॉक्टरों ने कहा है कि हर तीन महीने में उनकी जांच करनी पड़ेगी। बता दें कि मोहम्मदी को महिला अधिकारों और ईरान में मृत्युदंड के उन्मूलन के लिए उनके तीन दशक के अभियान के बाद 2023 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। ईरान सरकार ने इस्लामिक रिपब्लिक के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाने सहित अन्य आरोपों के चलते उन्हें जेल की सजा सुनाई थी।
ब्रिटेन ने वीजा जानकारी को ई-वीजा में बदलने के लिए दिया मार्च 2025 तक का समय
ब्रिटेन सरकार ने बुधवार को एक नया फैसला लिया है, जिसके तहत मार्च 2025 तक पुराने वीजा दस्तावेजों को यात्रा के लिए मान्य किया जाएगा। यह फैसला तब लिया गया है, जब वीजा धारकों अपनी वाजा जानकारी को पूरी तरह से ऑनलाइन ई-वीजा प्रणाली में बदल रहे हैं। वीजा धारकों को पहले अपने पुराने बायोमेट्रिक रेजिडेंस परमिट (बीआरपी), वीजा स्टीकर या पासपोर्ट में लगी मुहर को ई-वीजा में बदलने के लिए दिसंबर के अंत तक का समय दिया गया था। गृह मंत्रालय ने कहा कि अब तक 31 लाख लोग ई-वीजा में बदल चुके हैं। लेकिन कुछ लोग तकनीकी कारणों या अन्य दिक्कतों के कारण बदलाव नहीं कर पाए हैं। ब्रिटेन की प्रवासन और नागरिकता मंत्री सीमा मल्होत्रा ने कहा, जो लोग अभी तक ई-वीजा में नहीं बदल पाए हैं, उनके लिए मदद उपलब्ध है।