बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस अमेरिका दौरे पर हैं। उन्होंने 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से मुलाकात की। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने दोनों की मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं।
बांग्लादेश के साथ मजबूती से खड़ा है अमेरिका
मोहम्मद युनूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन से भी मुलाकात की। रिपोर्ट्स के मुताबिक बाइडन ने यूनुस और उनकी सरकार के प्रति अमेरिकी सरकार के पूर्ण समर्थन की बात कही।
चीन ने रूस और यूक्रेन के बीच बीते 29 महीने से जारी युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह यूक्रेन में युद्ध के 'पक्ष' में नहीं है। समाचार एजेंसी एएफपी के हवाले से आई रिपोर्ट के मुताबिक चीनी विदेश मंत्री ने कहा कि वह जल्द संघर्ष विराम और शांति चाहता है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अमेरिका दौरे पर सिंथेटिक ड्रग खतरों से निपटने के मुद्दे पर बात की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि खतरों से निपटने के लिए वैश्विक गठबंधन के शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और अन्य नेताओं के साथ शामिल होकर प्रसन्नता हुई। डॉ जयशंकर ने कहा कि इस मिशन में सभी एकजुट हैं। हमें विश्वास है कि हमारा सामूहिक संकल्प और सहयोग सभी के लिए एक सुरक्षित, नशा मुक्त दुनिया का सपना साकार करने में मददगार साबित होगा।
विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने पीएम मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री द्विपक्षीय रूप से और क्वाड के माध्यम से अमेरिका के साथ बहुत मजबूत संबंध बना रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद पहले दिन से ही उनकी यही रणनीति रही है। वे यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि रणनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर दीर्घकालिक रिश्ते बनाए जा सकें। बड़ी कंपनियों के सीईओ के साथ उनकी बैठक यह सुनिश्चित करने का एक प्रयास है कि भारत संभावित विनिर्माण अवसरों के मायने में मजबूत भागीदार बना रहे।