भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल इस हफ्ते रूस की यात्रा पर जाएंगे। वह ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के संगठन ब्रिक्स (BRICS) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) की बैठक में हिस्सा लेंगे। डोभाल इस दौरान रूसी एनएसए से मुलाकात कर सकते हैं। उनकी यूक्रेन संघर्ष के समाधान के उपायों पर चर्चा हो सकती है।
QUAD के मंच पर रूस-यूक्रेन समेत अन्य गंभीर मुद्दों पर होगी चर्चा
क्वाड शिखर सम्मेलन इस महीने के अंत में अमेरिका के डेलावयर में आयोजित हो सकता है। इसमें अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाग लेंगे। प्रभावशाली समूह की इस बैठक में रूस-यूक्रेन समेत गंभीर वैश्विक चुनौतियों एवं हिंद-प्रशांत के सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, शिखर सम्मेलन 21 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के गृहनगर डेलावेयर के विलमिंगटन में होने की संभावना है। इस साल क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी की बारी भारत की थी। समूह के नेताओं ने शिखर सम्मेलन को किसी सुलभ एवं सुविधाजनक स्थान पर आयोजित करने का निर्णय लिया है।