फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: पाकिस्तान को सात अरब डॉलर का ऋण देगा IMF; US में यात्री के लैपटॉप में धुआं, सभी को विमान से उतारा

Sat, 13 Jul 2024 05:23 AM IST
विशांत श्रीवास्तव वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
नकदी की कमी से जूझ रहे पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने 7 अरब डॉलर के नए ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके ऐवज में पाकिस्तान को कर (टैक्स) आधार व्यापक बनाने के अलावा राजकोषीय और मौद्रिक नीति को मजबूत करने, राज्य स्वामित्व वाले उद्यमों के प्रबंधन में सुधार, प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने, निवेश के लिए सुरक्षित व्यवस्था करने आदि शर्तों को पूरा करना होगा।
विज्ञापन


मियामी की उड़ान में यात्री के लैपटॉप में धुआं, सभी को उतारा
अमेरिका के सान फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मियामी जा रही उड़ान में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक यात्री के बैग में रखे लैपटॉप में से धुआं निकलने लगा। इसके बाद विमान को खाली कराना पड़ा। अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा, जब यात्री विमान में चढ़ रहे थे, तभी क्रू मेंबर ने लैपटॉप से धुआं निकलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही विमान में अफरातफरी मच गई। लेकिन किसी को क्षति नहीं हुई।

अवसर, समानता व स्थिरता के नए दौर के लिए तैयार हैं भारत-सिंगापुर : सिंगापुर राष्ट्रपति थर्मन बोले
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शणमुगारत्नम ने कहा कि दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में औद्योगिक नीतियों के पुनरुत्थान के बावजूद भारत व सिंगापुर अवसर, समानता व स्थिरता के नए दौर के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं।शणमुगारत्नम ने कहा, अन्य जिम्मेदार शक्तियों के साथ काम करते हुए दोनों देशों में बहुपक्षवाद को मजबूत करने की क्षमता है। सिंगापुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय के थिंक टैंक माने जाने वाले दक्षिण एशियाई अध्ययन संस्थान (आईएसएएस) की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित रात्रिभोज समारोह के दौरान शणमुगारत्नम ने कहा, अपनी खामियों के बावजूद दोनों देशों में एक ऐसी व्यवस्था रही है, जिसने दशकों से अमीरों और गरीबों की अच्छी तरह से सेवा की है।
विज्ञापन


थर्मन ने कहा, घरेलू स्तर पर खास उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कर छूट और सब्सिडी जैसी औद्योगिक नीतियां उस दर पर लौट रही हैं जो 1960 और 1970 के दशक के बाद से नहीं देखी गई थी, हालांकि तब ये नीतियां काफी हद तक विफल रही थीं। 
 

10वें ब्रिक्स सम्मेलन में द्विपक्षीय बैठकों में शामिल हुए ओम बिरला
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में गुरुवार से शुरू हुए दो दिवसीय 10वें ब्रिक्स संसदीय मंच में भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। वह शुक्रवार को सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठकों में शामिल हुए। बिरला के साथ प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह, राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी व राज्यसभा सदस्य शंभूशरण पटेल शामिल हैं।

लोकसभा सचिवालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त अजरबैजान, आर्मिनिया, बेलारूस, कजाखस्तान, किर्गिज गणराज्य, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान व तुर्कमेनिस्तान के अध्यक्ष, सांसद व अंतर-संसदीय संघ की अध्यक्ष  तुलिया एक्सन भी हिस्सा ले रहे हैं।

 

ब्रिटेन : गुरुद्वारे पर हमला करने का 17 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
स्थानीय पुलिस ने दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड के केंट के एक गुरुद्वारे में ‘धारदार हथियार’ से हुई एक संदिग्ध धार्मिक घटना में दो महिलाओं के घायल होने के बाद एक 17 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा, बृहस्पतिवार शाम को श्री गुरु नानक दरबार गुरुद्वारा में एक पुरुष ने पूजा स्थल में प्रवेश किया और सभा के सदस्यों पर हमला करने का प्रयास किया था। यूरोप के सबसे बड़े गुरुद्वारों में से एक इस गुरुद्वारे के प्रबंधन ने बताया कि  गनीमत यह रही कि घटना के समय ‘गुरु ग्रंथ साहिब जी’ दरबार हॉल में मौजूद नहीं थे।

 

जापान : 200 अफसरों-कर्मियों पर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई
जापान के रक्षा मंत्रालय ने गोपनीय दस्तावेजों के कुप्रबंधन व अन्य अनियमितताओं पर 200 से अधिक वरिष्ठ अफसरों-कर्मियों के खिलाफ शुक्रवार को अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। मंत्रालय व उसके आत्मरक्षा बल संवेदनशील सूचना सुरक्षा कानून का उल्लंघन करने समेत कई आरोपों को लेकर जांच के दायरे में हैं। मंत्रिस्तरीय पदों पर आसीन रहे लोगों पर भी सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगा है। रक्षा मंत्री मिनोरू ने दशवासियों से माफी मांगते हुए कहा कि इससे मंत्रालय और जापान के रक्षा बलों के प्रति लोगों के विश्वास को काफी ठेस पहुंची है।

अमेरिका: भारत ने सिएटल और बेलेव्यू में नए वीजा आवेदन केंद्र खोले
सिएटल के मेयर ब्रूस हैरेल और सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने संयुक्त रूप से शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) सिएटल और बेलेव्यू शहरों में पहले भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) का शुभारंभ किया। अपने उद्घाटन भाषण में हैरे ने ग्रेटर सिएटल क्षेत्र में भारतीय समुदाय की प्रशंसा की और भारत व अमेरिका के बीच दोस्ती के बंधन को प्रगाढ़ बाने में उनकी भूमिका व योगदान की भी सराहना की। 

वहीं, महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने जोर देकर कहा कि सिएटल और बेलेव्यू में इन नए वीजा आवेदन केंद्रों का शुभारंभ प्रशांत उत्तर-पश्चिम राज्यों के साथ अपने संबंधों को गहरा करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दिखाता है। 
विज्ञापन

फेसबुक ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर लगाए प्रतिबंध हटाए
फेसबुक ने 6 जनवरी को अमेरिकी संसद कैपिटल पर हुए हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटा दिया है। इससे रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन से कुछ दिन पहले पूर्व राष्ट्रपति को राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ प्लेटफॉर्म पर बराबरी का दर्जा मिल गया है।

सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी ने 2021 में कैपिटल पर ट्रंप के समर्थकों के हमला करने के बाद पूर्व राष्ट्रपति के अकाउंट को प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बाद फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने पिछले साल उस प्रतिबंध को हटा दिया था, लेकिन घोषणा की थी कि अगर पोस्ट उसके मानकों का उल्लंघन करती है तो ट्रंप को निलंबित करते हुए उन पर ज्यादा अर्थदंड लगाया जाएगा। अब कंपनी ने यह कहते हुए सारे प्रतिबंध हटा दिए हैं कि ट्रंप ने कुछ गलत नहीं किया था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें