कतर की सरकारी मीडिया कंपनी अल जजीरा ने दावा किया है कि गाजा में जारी संघर्ष के लिए भारत ने इस्राइल को विस्फोटक और हथियारों की आपूर्ति की है। अल जजीरा ने फिलिस्तीनी कब्जे के खिलाफ एकजुटता नेटवर्क से मिली जानकारी के आधार पर बड़ा दावा किया है कि अप्रैल-मई के दौरान भारत की तरफ से इस्राइल को 20 टन रॉकेट इंजन, 12.5 टन विस्फोटक चार्ज वाले रॉकेट, 1,500 किलो विस्फोटक और 740 किलो गोला-बारूद की आपूर्ति की गई। यह भी दावा किया गया है कि 15 मई को एक कार्गो जहाज स्पेन के तट पर पहुंचा था।
चीनी दवा नियामक ने कैंसर थेरेपी को दी परीक्षण की मंजूरी
चीनी दवा निर्माता कंपनी सीएसपीसी फार्मास्युटिकल ग्रुप की कैंसर सेल थेरेपी को चीन में मानव परीक्षण की मंजूरी दी गई है। कंपनी ने मंगलवार देर रात यह जानकारी देते हुए कहा कि सिंथेटिक मैसेंजर आरएनए तकनीक का उपयोग के आधार पर तैयार थैरप्टिक दवा को दवा नियामक की तरफ से मानवीय परीक्षण की मंजूरी दी गई है।
करतारपुर साहिब में महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण
सिख साम्राज्य के पहले शासक महाराजा रणजीत सिंह की पुनर्स्थापित प्रतिमा का बुधवार को करतारपुर साहिब में 450 से अधिक भारतीय सिखों की उपस्थिति में अनावरण किया गया। इस प्रतिमा को फिर से बनाया गया है, क्योंकि 2021 में धार्मिक चरमपंथियों ने इसे तोड़ दिया था। पाकिस्तान और भारत के सिख समुदाय के सदस्यों ने प्रतिमा के सामने तस्वीरें भी खिंचवाईं। पंजाब के पहले सिख मंत्री (अल्पसंख्यकों के लिए) और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (पीएसजीपीसी) के अध्यक्ष रमेश सिंह अरोड़ा ने प्रतिमा का उद्घाटन किया। करतारपुर साहिब को गुरुद्वारा दरबार साहिब के नाम से भी जाना जाता है और यह भारतीय सीमा के करीब लाहौर से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर पूर्व में स्थित है।
10 यूरेशियन राष्ट्रों के पत्रकारों से मिले विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को यूरेशियन देशों के पत्रकारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से उनके देशों के साथ भारत के पुराने संबंधों और बीते एक दशक में भारत आए बड़े बदलावों पर विस्तार से बात की। जयशंकर ने लिखा, 10 यूरेशियन देशों के पत्रकारों से मिलकर खुशी हुई, जो भारत को गहराई से जानने के लिए आए हुए हैं।
गाजा में हमास की जगह अपनी सरकार बनाएगा इस्राइल
इस्राइली सेना के शीर्ष अधिकारियों की तरफ से बार-बार संकेत दिए जा रहे हैं कि गाजा में अब युद्ध खत्म होने वाला है। वहीं, मंगलावार को इन संकेतों को मजबूती देते हुए इस्राइल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार तजाची हानेग्बी ने कहा कि जल्द ही उत्तरी गाजा में हमास की जगह प्रशासन संभालने के लिए नई योजना पेश की जाएगी। हालांकि, अमेरिका इस्राइल को ऐसे प्रयासों से मना कर रहा है लेकिन इस्राइली पीएम नेतन्याहू अपने फैसले पर अडिग हैं।
अमेरिकी व्यापार एजेंसी ने हिसार में विमानन केंद्र बनाने को अनुदान को मंजूरी दी
अमेरिकी व्यापार एवं विकास एजेंसी (यूएसटीडीए) ने हरियाणा के हिसार में एकीकृत विमानन केंद्र बनाने में तकनीकी सहायता के लिए अनुदान निधि को मंजूरी दी है। इसका मकसद भारत में हवाई अड्डे के कार्गो और लॉजिस्टिक्स संबंधी बुनियादी ढांचे का विकास करना है।
मिस्र के पिरामिडों के ऊपर भारतीय राफेल की गर्जना
- फोटो : ANI
मिस्र में आज भारतीय राफेल ने मिस्र के राफेल के साथ महान पिरामिडों के ऊपर से उड़ान भरी है। वहीं मिस्र में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
श्रीलंका ने रूस में मारे गए भाड़े के सैनिकों के लिए मांगा मुआवजा
श्रीलंका ने रूस में कार्रवाई में मारे गए 17 श्रीलंकाई नागरिकों के लिए मुआवजे का भुगतान करने की मांग की है, रूस में श्रीलंका के दूतावास के एक बयान में कहा गया है कि विदेश राज्य मंत्री थारका बालासुरिया के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल की रूस यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की गई है।