फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: जापान के डेंगू टीके को WHO से मिली मंजूरी; कविता कृष्णमूर्ति को यूके में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

Thu, 16 May 2024 06:35 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
मशहूर अर्थशास्त्री और सिंगापुर में सत्ताधारी पीपुल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) के उपनेता लॉरेंस वोंग बुधवार को सिंगापुर के प्रधानमंत्री बने। 51 वर्षीय वोंग ने पार्टी के नेता व देश के तीसरे प्रधानमंत्री 72 वर्षीय ली सीन लूंग की जगह ली है। पीएपी बीते पांच दशक से सिंगापुर में सत्ता में है। प्रधानमंत्री मोदी ने वोंग को पीएम बनने पर बधाई दी है।
विज्ञापन


जापान की डेंगू वैक्सीन क्यूडेंगा को डब्ल्यूएचओ ने दी मंजूरी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने जापानी कंपनी ताकेदा की डेंगू वैक्सीन क्यूडेंगा को इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। बुधवार को इसके संबंध में डब्ल्यूएचओ ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि अमेरिका सहित दुनिया के कई हिस्सों में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। इसे ध्यान में रखकर जापानी फार्मास्युटिकल ताकेदा की बनाई गई डेंगू वैक्सीन क्यूडेंगा को मंजूरी दी गई है। डेंगू के उच्च प्रसार वाले क्षेत्रों में रहने वाले 6 से 16 वर्ष के बच्चों में इसके उपयोग की सिफारिश की गई है। इस वैक्सीन को दो खुराक में दिया जाता है और डेंगू के चार स्वरूपों के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करती है।

गायिका कविता कृष्णमूर्ति को यूके में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
भारतीय गायिका कविता कृष्णमूर्ति को यूके (ब्रिटेन) में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। संगीत में उनके योगदान के लिए लंदन में वार्षिक यूके एशियन फिल्म फेस्टिवल (यूकेएएफएफ) की तरफ से कविता को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 'मिस्टर इंडिया' और 'हम दिल दे चुके सनम' जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों में अपनी गायिकी दिखा चुकीं कविता लगभग 45 भारतीय भाषाओं में 50,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड कर चुकी हैं।
विज्ञापन


पाकिस्तानी वकीलों ने मनाई सुखदेव की 117वीं जयंती
लाहौर उच्च न्यायालय के वकीलों के एक समूह ने बुधवार को भगत सिंह के साथी सुखदेव की 117वीं जयंती मनाई। इस दौरान समूह ने पाकिस्तान सरकार से महान स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रीय नायक का दर्जा देने की मांग की।

अफगानिस्तान की स्थिति पर रूस के राजदूत ने की बातचीत
अफगानिस्तान की समग्र स्थिति पर रूस के विशेष राष्ट्रपति दूत जमीर काबुलोव ने बुधवार को वरिष्ठ भारतीय राजनयिक जेपी सिंह के साथ बातचीत की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मुलाकात की पुष्टि की। उन्होंने कहा, भारत और रूस ने नई दिल्ली में अफगानिस्तान की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और अफगान लोगों के कल्याण के लिए विकास सहायता प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। 

अमेरिका : डेमोक्रेटिक थिंक टैंक के विरुद्ध एकजुट हुए हिंदू संगठन
भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों और अधिकारियों पर निशाना साधने वाले लोगों व समूहों को कथित तौर पर एक समारोह में आमंत्रित करने वाले एक डेमोक्रेटिक ‘थिंक टैंक’ के विरुद्ध कई हिंदू संगठन एकजुट हो गए हैं। ‘थिंक टैंक-इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट’ का दो दिनी कार्यक्रम शुरू हो चुका है। हिंदू अमेरिकी पीएसी बोर्ड के सदस्य राजीव ने कहा, इसका मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका की राजनीतिक उपस्थिति का दर्ज कराना है।

वॉलमार्ट में सैकड़ों कर्मियों की होगी छंटनी व तबादले

वालमार्ट (फाइल) - फोटो : एएनआई
वॉलमार्ट ने छंटनी की घोषणा की है जिससे खुदरा दिग्गज के कैंपस कार्यालयों में सैकड़ों लोगों की नौकरियां प्रभावित होंगी। कंपनी के अनुसार, इसके साथ ही वॉलमार्ट के डलास, अटलांटा तथा टोरंटो कार्यालयों के श्रमिकों व कर्मियों को बेंटनविले, अर्कांसस, होबोकेन (न्यू जर्सी) और सान फ्रांसिस्को बे एरिया स्थित उसके मुख्य कार्यालयों में स्थानांतरित किया जाएगा। वॉलमार्ट स्टाफ विज्ञप्ति के माध्यम से बताई गई खबर में कहा गया है कि ‘यह स्थानांतरण हममें से अधिक लोगों को अधिक बार एक साथ लाने’ के लक्ष्य को पूरा करेगा। विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘निजी रूप से एक साथ रहना हमें बेहतर बनाता है और हमें सहयोग करने, नवाचार करने और और भी तेजी से आगे बढ़ने में मदद करता है।’ विज्ञप्ति में छंटनी का कोई कारण नहीं बताया गया हैष हालांकि लिखा है कि हमारे व्यवसाय के कुछ हिस्सों ने बदलाव किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप नौकरी छूट जाएगी। वॉलमार्ट के प्रवक्ता ने भी इस संबंध में किए गए सवाल का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।

भारत का फोन-पे यूपीआई श्रीलंका में लॉन्च, क्यूआर कोड से होगा भुगतान

श्रीलंका में फोन पे यूपीआई की शुरुआत - फोटो : एएनआई
भारत की फिनटेक कंपनी फोनपे यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) श्रीलंका में लॉन्च हो गया है। बुधवार को कार्यक्रम में श्रीलंकाई सेंट्रल बैंक के गवर्नर नंदलाल वीरसिंघे और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने भाग लिया। भारतीय उच्चायोग ने कहा, फिनटेक कनेक्टिविटी में नए मोर्चे खुल रहे हैं! फोनपे यूपीआई भुगतान श्रीलंका में लॉन्च हो गया है। इससे श्रीलंका में भारतीय पर्यटकों को और आसानी होगी। बता दें कि लंकापे के सहयोग से यूपीआई भुगतान स्वीकृति को सक्षम किया गया है। फोन पे ने बयान में कहा कि श्रीलंका जाने वाले लोग व अब पूरे देश में लंकापे से क्यूआरकोड स्कैन करके भुगतान कर सकते हैं। यह सुरक्षित व आसान है। यूपीआई भारत की मोबाइल-आधारित तेज भुगतान प्रणाली है, जो ग्राहकों को ग्राहक के वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (वीपीए) का उपयोग करके चौबीसों घंटे तुरंत भुगतान करने की सुविधा देती है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन पहुंचे

पुतिन और जिनपिंग (फाइल) - फोटो : एएनआई
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार तड़के दो दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे। इस दौरे को पश्चिम के साथ भारी तनाव के बीच मॉस्को और बीजिंग के बीच गहरे होते संबंधों का नया संकेत माना जा रहा है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले सप्ताह एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद यह पुतिन की पहली प्रतीकात्मक विदेश यात्रा है।

फ्रांस : न्यू कैलेडोनिया में तनाव 2 की मौत, आपात स्थिति में राष्ट्रपति मैक्रों ने बुलाई बैठक

न्यू कैलेडोनिया के फ्रांसीसी-प्रशांत क्षेत्र में हिंसा भड़क गई है। इसमें दो लोगों की मौत हुई है और तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बढ़ती हिंसा पर चर्चा के लिए शीर्ष मंत्रियों की बैठक बुलाई है। यहां पुलिस के काफिले पर हमला कर कैदी को छुड़ाने का मामला सामने आया था, जिसमें दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए फ्रांस ने आपातकाल की घोषणा की है।

पाकिस्तान की बदहाली पर सांसद ने संसद में उठाई आवाज

पाकिस्तानी सांसद ने कराची में सुविधाओं की कमी का जिक्र किया है। उन्होंने कहा, एक तरफ भारत चंद्रमा पर अपना अंतरिक्ष यान उतारने में सफलता पा चुका है, दूसरी तरफ पाकिस्तान में बच्चे गटर में गिरकर अपनी जान गंवाने पर मजबूर हैं। पाकिस्तानी सांसद सैयद मुस्तफा कमाल मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के नेता हैं। उन्होंने कहा, दुनिया चांद पर जा रही है, वहीं कराची में बच्चे गटर में गिरकर मर रहे हैं। टीवी स्क्रीन पर खबर आ रही है कि भारत चांद पर उतरा है, और ठीक दो सेकेंड बाद कराची की बदहाली सामने आती है, जिसमें खुले गटर में एक बच्चे की मौत की खबर सामने आती है। कराची में ताजे पानी की भी कमी है। उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, कराची में 70 लाख और पाकिस्तान में 2.6 करोड़ से अधिक बच्चे हैं, जो स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।

यमन में हूती विद्रोहियों ने अमेरिकी जहाज को निशाना बनाने की बात कबूल की है। हूती विद्रोहियों ने कहा है कि लाल सागर में जिस अमेरिकी पोत से मिसाइल को निशाना बनाया गया उस पर जवाबी हमला किया गया। समाचार एजेंसी एपी के हवाले से एएनआई ने यह जानकारी दी है।

पीओके : कानून-व्यवस्था पर पाकिस्तान के पीएम की दिक्कत बढ़ी, दौरे की योजना

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर पीएम शहबाज शरीफ की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उन्होंने संघीय कैबिनेट की बैठक में हालात सामान्य करना सर्वोच्च प्राथमिकता घोषित किया है। शरीफ ने कहा, वह व्यक्तिगत रूप से हालात का आकलन करेंगे। उन्होंने वार्ता के माध्यम से मुद्दों से निपटने का संकल्प भी जताया। पीओके में पिछले करीब एक हफ्ते से अराजकता है। 

अधिसूचना महज धोखाधड़ी
पीओके के प्रमुख कार्यकर्ता अमजद अयूब मिर्जा ने क्षेत्रीय सरकार द्वारा जारी हालिया अधिसूचना में बिजली दरों व करों को घटाने के इरादे पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इसे अस्पष्ट और धोखाधड़ी वाला माना है। मिर्जा ने कहा, जम्मू कश्मीर संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) का नेतृत्व अधिसूचना को स्वीकार करने और एक लंबे मार्च और धरने सहित एक महत्वपूर्ण विरोध आंदोलन को बंद करने से पहले कानूनी सलाह लेने में विफल रहा। अधिसूचना कर-मुक्त बिजली, पिछले बिलों का समाधान और पीओके को लोड-शेडिंग-मुक्त क्षेत्र घोषित करने में नाकाम रही है।
विज्ञापन

यूक्रेन को अमेरिकी सैन्य सहायता; ब्लिंकन बोले- फंड का देश के बाहर इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे

यूक्रेन के समकक्ष के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन (फाइल) - फोटो : एएनआई
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि यूक्रेन को दो बिलियन डॉलर की अतिरिक्त सैन्य सहायता दी जाएगी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से आई रिपोर्ट के मुताबिक एएनआई की खबर के मुताबिक ब्लिंकन ने साफ किया है कि इसका इस्तेमाल केवल यूक्रेन के भीतर ही किया जा सकेगा। यह अपनी तरह की पहली और इतनी बड़ी पेशकश है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें