फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: कोलोराडो में विमान हादसा, चार लोगों की मौत; शांति वार्ता से पहले रूसी ड्रोन हमले में एक की मौत

Sat, 14 Feb 2026 03:33 PM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति वार्ता से पहले रूसी ड्रोन हमले में एक शख्स की मौत हो गई। यूक्रेन के ओडेसा शहर पर रूसी ड्रोन हमले में एक की जान चली गई। यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने शनिवार को कहा कि ड्रोन ने ब्लैक सी पोर्ट शहर में एक रिहायशी बिल्डिंग पर हमला किया, जिसमें एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई।
विज्ञापन


इससे पहले शुक्रवार को क्षेत्रीय गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव के अनुसार रूसी सीमावर्ती शहर बेलगोरोड में यूक्रेनी मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए और पांच घायल हो गए।

छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, चार लोगों की मौत
उत्तरी कोलोराडो में स्टीमबोट स्प्रिंग्स के स्की रिसॉर्ट के पास शुक्रवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। संघीय विमानन प्रशासन के मुताबिक, छह सीटों वाला टर्बोप्रॉप विमान एपिक ई1000 रात करीब 12:20 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चार लोग सवार थे। राउट काउंटी के कोरोनर मिच लॉक ने बताया कि घटनास्थल पर ही चारों लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन


राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान अज्ञात परिस्थितियों में पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एफएए और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड दोनों ने कहा कि वे दुर्घटना की जांच कर रहे हैं। यह विमान टेनेसी के फ्रैंकलिन स्थित एएलएस एविएशन एलएलसी के नाम पर पंजीकृत है। टेनेसी के व्यावसायिक रिकॉर्ड में कंपनी के बारे में संपर्क करने के लिए किसी व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं है।

पेरिस पुलिस ने अधिकारियों पर हमला करने की कोशिश करने वाले शख्स को गोली मार कर किया घायल
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पेरिस में आर्क डी ट्रायम्फ स्मारक के नीचे एक समारोह के दौरान चाकू लिए एक व्यक्ति ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिस पर एक पुलिस अधिकारी ने गोली चलाकर उसे घायल कर दिया। 

पेरिस पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, हमलावर ने नेपोलियन युग के ऐतिहासिक स्थल पर अज्ञात सैनिकों को श्रद्धांजलि देने वाली चिरस्थायी लौ को पुनः प्रज्वलित करने के समारोह की सुरक्षा कर रहे एक अधिकारी को निशाना बनाया। अधिकारी ने बताया कि एक अन्य अधिकारी ने हमलावर पर गोली चलाई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि इस घटना में कोई भी राहगीर या पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ। फ्रांस के आतंकवाद विरोधी अभियोजक कार्यालय ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है और उसने एक जांचकर्ता को घटनास्थल पर भेजा है। आर्क डी ट्रायम्फ पेरिस के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक है और यह व्यस्त चैंप्स-एलिसी एवेन्यू के शीर्ष पर स्थित है।
विज्ञापन

महाशिवरात्रि पर पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचेंगे आठ लाख श्रद्धालु
नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि के मौके पर करीब आठ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इनमें लगभग 30 प्रतिशत भारतीय होंगे। बागमती नदी के तट पर स्थित मंदिर को देश-विदेश, विशेषकर भारत से आने वाले हिंदू श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए रंग-बिरंगी रोशनी, कागजी झंडों, फूलों, मालाओं और बैनरों से सजाया गया है। मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले पशुपति क्षेत्र विकास ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक सुभाष जोशी ने कहा, पांच मार्च को होने वाले चुनाव के मद्देनजर इस बार मंदिर की सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं और करीब 8,000 सुरक्षाकर्मियों, जिनमें नेपाली सैनिक भी शामिल हैं, की तैनाती की गई है। मंदिर प्रबंधन ने कहा, मंदिर तड़के दो बजे खुलेगा और श्रद्धालु चारों दिशाओं से शिवलिंग के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क आपातकालीन चिकित्सीय सेवा, स्वयंसेवक सेवा तथा चंदन टीका वितरण की व्यवस्था है। वृद्ध, बीमार और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

आईएसएस के लिए अंतरिक्ष यात्रियों का नया दल रवाना
केप केनावेरल। नासा के पहले चिकित्सा निकासी अभियान में समय से पहले पृथ्वी पर लौटे अंतरिक्ष यात्रियों की जगह लेने के लिए शुक्रवार को एक नया दल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना हुआ।
स्पेसएक्स द्वारा रवाना इस नए दल में अमेरिकी, फ्रांसीसी और रूसी यात्री शामिल हैं। यह मिशन आठ से नौ माह का है और शरद ऋतु तक चलेगा। नासा ने बीमार अंतरिक्ष यात्री की पहचान या सेहत का खुलासा नहीं किया है। यात्रियों में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री मीर और जैक हैथवे, फ्रांस की सोफी एडेनोट और रूस के आंद्रेई फेद्यायेव शामिल हैं।

थाईलैंड : हाथियों की आबादी पर गर्भनिरोधक टीके से नियंत्रण
मनुष्य और पशु आबादी के एक-दूसरे के आवासीय क्षेत्र में अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए थाईलैंड ने जंगली हाथियों पर गर्भनिरोधक टीके का प्रयोग शुरू कर दिया है। यह समस्या उन क्षेत्रों में अधिक गंभीर है जहां खेत जंगलों में फैल रहे हैं और हाथी वहां से विस्थापित हो रहे हैं। यह पहल घातक टकरावों को रोकने के लिए की जा रही है। जैसे-जैसे किसान कृषि भूमि बढ़ाने के लिए जंगलों को काट रहे हैं, हाथी भोजन की खोज मे बाहर आ रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गत वर्ष थाईलैंड में जंगली हाथियों ने 30 लोगों को मार डाला व 29 को घायल किया। हाथियों द्वारा फसलों को क्षति पहुंचाने की 2,000 से अधिक घटनाएं भी दर्ज की गईं।

अमेरिकी नाकेबंदी के बाद क्यूबा पहुंचे मेक्सिको के दो राहत पोत
अमेरिकी नाकेबंदी से गहराते ऊर्जा संकट के बीच मेक्सिको की नौसेना के दो जहाज मानवीय सहायता सामग्री लेकर क्यूबा पहुंचे हैं। ये पोत ऐसे समय पर क्यूबा पहुंचे जब दो सप्ताह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को तेल बेचने या उपलब्ध कराने वाले किसी भी देश पर शुल्क लगाने की धमकी दी थी। इसके बाद क्यूबा को ऊर्जा बचत करनी पड़ी। मेक्सिको सरकार ने कहा, जहाज में 536 टन खाद्य सामग्री व दूसरे जहाज में 277 टन दूध पाउडर है। इस कदम से अमेरिका चिंतित है।

हैती में सशस्त्र गिरोह लगातार कर रहा बच्चों की भर्ती : यूनिसेफ
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) की रिपोर्ट के मुताबिक, हैती में सशस्त्र गिरोह लगातार बच्चों की भर्ती कर रहा है। यह संख्या पिछले वर्ष में तिगुनी हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गरीबी और हिंसा के बीच 14 लाख लोग विस्थापित हुए हैं, इनमें आधे से अधिक बच्चे हैं। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, गिरोहों के 30 से 50 प्रतिशत सदस्य बच्चे हैं, कुछ की उम्र 9 वर्ष तक है। गिरोह राजधानी पोर्ट-एयू-प्रिंस के 90 फीसदी हिस्से पर काबिज हैं।

तुर्किये में ओनलीफैंस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 16 गिरफ्तार
तुर्किये में ओनलीफैंस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में लगभग 69 लाख डॉलर की संपत्ति जब्त की गई। यह कार्रवाई आठ प्रांतों में की गई है, इनमें इस्तांबुल, अंकारा और अंताल्या शामिल हैं। जांच में 25 संदिग्धों और दो कंपनियों को निशाना बनाया गया। अभियोजन पक्ष के अनुसार आरोपियों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा कर ओनलीफैंस और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म से कमाई की और कालेधन को संपत्तियों, बिटकॉइन व सोने में निवेश कर सफेद किया।

सिंगापुर में भारतीय पर महिला की हत्या के प्रयास का आरोप
सिंगापुर में एक भारतीय नागरिक पर इंडोनेशियाई महिला की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या के प्रयास का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पन्नीर सेल्वम ने बुधवार सुबह पूर्वी सिंगापुर के सिम्स व्यू इलाके में फजर नूर ऐनी पर हमला। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे को जानते थे। अदालत में पेश आरोपपत्र में कहा कि सेल्वम की मंशा हत्या करना थी। मामले में दोषी पाए जाने पर उसे आजीवन कारावास या 20 वर्ष तक की सजा हो सकती है।

अमेरिका-ताइवान में समझौता 99% कम होंगी टैरिफ बाधाएं
अमेरिका ताइवान की 99 फीसदी टैरिफ बाधाएं कम करने पर सहमत हुआ है। अमेरिकी प्रतिनिधि के अनुसार, ताइवान से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर 15 फीसदी या मोस्ट फेवर्ड नेशन दर लागू होगी। अमेरिका ताइवान से कंप्यूटर चिप्स की आपूर्ति पर काफी निर्भर है। इस कारण 2025 के पहले 11 महीनों में लगभग 127 अरब डॉलर का व्यापार घाटा दर्ज हुआ। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन और ताइवान के उप प्रधानमंत्री ली-चियुन चेंग की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर हुए।

शनि के छल्लों के जन्म का नया रहस्य सुलझा
शनि का वर्तमान स्वरूप मात्र 50 करोड़ साल पहले हुई एक टक्कर का नतीजा है। शनि के सबसे प्रसिद्ध चंद्रमा टाइटन और हाइपेरियन हमेशा से ऐसे नहीं थे। ये दोनों चंद्रमा दो प्राचीन प्रोटो-मून्स में हुई एक टक्कर और विलय का नतीजा हैं। अब जन्म का नया रहस्य सुलझ गया है। प्लैनेटरी साइंस जर्नल में छपे शोध के अनुसार, लगभग 40 से 50 करोड़ साल पहले इन चंद्रमाओं के बीच एक और मध्यम आकार का प्रोटो-हाइपेरियन नामक चंद्रमा मौजूद था। पेरिस के शोधकर्ताओं और प्रमुख वैज्ञानिक मतिजा क्युक ने कहा, शनि के उपग्रहों के विकास का एक नया मॉडल बताता है कि जैसे-जैसे टाइटन की कक्षा बाहर की ओर फैली, सिस्टम में अस्थिरता पैदा हुई। वैज्ञानिकों ने कहा कि इस टक्कर ने शनि के उन शानदार छल्लों को भी जन्म दिया होगा जिन्हें हम आज देखते हैं। टक्कर के दौरान टाइटन की कक्षा में जो हलचल हुई, उसने शनि के आंतरिक चंद्रमाओं को अस्थिर कर दिया। उनके बीच हुई भिड़ंत से निकले मलबे ने ही शनि के आसपास इन चमकदार छल्लों की चादर बिछाई।

पेंपा सेरिंग फिर बने निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रधानमंत्री
निर्वासित तिब्बती सरकार में निवर्तमान सिक्योंग (प्रधानमंत्री) पेंपा सेरिंग को दूसरी बार सरकार चलाने का मौका मिलेगा। प्रथम चरण के मतदान में ही उन्हें सिक्योंग (प्रधानमंत्री) चुन लिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त लोबसांग येशी ने शुक्रवार को मैक्लोडगंज में घोषणा की कि चुनाव नियमों और विनियमों के अनुच्छेद 67(4) के तहत यदि किसी उम्मीदवार को प्रारंभिक चुनाव में कुल मतों का 60 फीसदी से अधिक प्राप्त होता है, तो अंतिम दौर का चुनाव नहीं होगा और वह उम्मीदवार सिक्योंग के रूप में निर्वाचित घोषित होगा। इन्हीं नियमों के अनुसार पेंपा सेरिंग को सिक्योंग के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया है। उन्हें कुल मतों का 61.025% प्राप्त हुआ। एक फरवरी को हुए प्रारंभिक चरण के मतदान में कुल 51,140 तिब्बतियों ने मतदान किया। इसमें कुल 103 उम्मीदवारों ने भाग लिया। वर्तमान सिक्योंग पेंपा सेरिंग ने 31,225 वोट, केल्संग दोरजी औकातसंग और सेरिंग फुन्त्सोक ने क्रमशः 17,843 और 159 वोट प्राप्त किए। बता दें कि पेंपा सेरिंग मई 2021 के चुनाव में 34,348 मत प्राप्त कर पहली बार निर्वासित तिब्बत सरकार के सिक्योंग बने थे। चुनाव आयोग ने इस मौके पर निर्वासित तिब्बती संसद के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें तिब्बत के तीन पारंपरिक प्रांतों से 30 उम्मीदवार, तिब्बती बौद्ध धर्म और बोन धर्म के चार स्कूलों से 6 उम्मीदवार, उत्तर-दक्षिण अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका से 6-6 उम्मीदवार और ऑस्ट्रेलिया (भारत, नेपाल और भूटान को छोड़कर) से 3 उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव आयुक्त ने यह भी घोषणा की है कि 18वें तिब्बती संसद-इन-एग्जाइल के उम्मीदवारों को 27 फरवरी 2026 तक अपने नामांकन की पुष्टि करनी होगी। जो उम्मीदवार नामांकन वापस लेना चाहते हैं, उन्हें 28 फरवरी तक चुनाव आयोग को एक लिखित अनुरोध सौंपना होगा। 26 अप्रैल को सांसदों के 45 पदों लिए मतदान का मुख्य चरण होगा। निर्वासित तिब्बत सरकार (केंद्रीय तिब्बती प्रशासन) का मुख्यालय धर्मशाला में है। अब तक के तीन सिक्योंग (प्रधानमंत्री) रहे हैं। इनमें प्रोफेसर समदोंग रिनपोछे (2001-2011), डॉ. लोबसांग सांग्ये (2011-2021) और वर्तमान सिक्योंग (प्रधानमंत्री) पेंपा सेरिंग (2021-वर्तमान) शामिल हैं।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें