ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच जारी टकराव को दो हफ्ते बीत चुके हैं। पश्चिम एशिया में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) में गहराता संकट अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है। इसने आम नागरिकों को भारी पीड़ा पहुंचाई है। तनाव कम करना और बातचीत ही एकमात्र रास्ता है। मैं सभी पक्षों से आग्रह करता हूं कि वे शत्रुता समाप्त करें, अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करें, नागरिकों की रक्षा करें और तुरंत बातचीत की मेज पर लौटें।
पाकिस्तान: आईईडी विस्फोट में सात पुलिसकर्मियों की मौत
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के लक्की मरवत जिले में शुक्रवार को एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए आईईडी धमाके में सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने ली है। यह घटना शादी खेल बेट्टानी इलाके में हुई, जब पुलिस की गाड़ी नियमित गश्त पर थी। सड़क किनारे रखे शक्तिशाली आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एसएचओ आजम और चालक सहित छह कर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आईजी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की ऐसी कायराना हरकतें सुरक्षा बलों के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सूडान में ड्रोन हमले में 11 की मौत, 20 से अधिक घायल: एमएसएफ
फ्रांसीसी चिकित्सा संगठन मेडीसिंस सॉ फ्रोंटियर्स (एमएसएफ) ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी सूडान में ड्रोन हमले के बाद ईंधन भंडार में आग लगने से 11 लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हुए।
एमएसएफ के अनुसार, सूडान के पूर्वी सीमा के पास चाड में अडिकॉन्ग बाजार पर यह हमला हुआ और यह एक महीने से भी कम समय में दूसरा घातक ड्रोन हमला है। घायलों में सात बच्चे शामिल हैं, जिन्हें चाड के अस्पताल में लाया गया। संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने बताया कि 4 मार्च से सूडान के कुछ हिस्सों में ड्रोन हमलों में 200 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है। हमलों में कई घर, स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य केंद्र भी नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए हैं।
श्रीलंका ने ईरान को सौंपे US के हमले में मारे गए 45 नौसैनिकों के शव
श्रीलंका ने शुक्रवार को अमेरिकी पनडुब्बी हमले में मारे गए 45 ईरानी नाविकों की लाशें ईरान के दूतावास को सौंप दी। ये नाविक उस ईरानी युद्धपोत IRIS डेना पर सवार थे, जिस पर गाले के पास हमला हुआ था।इस जहाज को भारत के विशाखापत्तनम से ईरान लौटते समय निशाना बनाया गया था, जहां यह नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा ले चुका था। इससे पहले, श्रीलंका ने 84 नाविकों की लाशें बरामद की थीं और अब 45 शवों को शुक्रवार को मत्तला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ईरान भेजा जाएगा। हमले में बचे 32 नाविकों को रविवार को छुट्टी दे दी गई और गाले के निकट स्थित श्रीलंकाई एयरबेस कोग्गला भेजा गया। शवों को अस्थायी फ्रिज में रखा गया था, क्योंकि अस्पताल का शवगृह पर्याप्त नहीं था।
वांग यी ने मिस्र और क्यूबा के विदेश मंत्रियों से की फोन पर बात
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने 12 मार्च को मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अबदलती के साथ फोन पर वार्ता की। इस मौके पर अबदलती ने क्षेत्रीय स्थिति और मिस्र के रुख की जानकारी दी और कहा कि मिस्र युद्ध के हालात को लेकर बहुत चिंतित है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हाल में प्रस्ताव पारित किया। मिस्र विभिन्न पक्षों से संयम बरतने का आग्रह करता है, ताकि क्षेत्रीय उथल-पुथल बिगड़ने से बच सके। मिस्र चीन के संतुलित व निष्पक्ष रुख और महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा करता है और चीन के साथ संपर्क घनिष्ठ बनाना चाहता है, ताकि स्थिति शीघ्र ही शिथिल हो सके।
वहीं, वांग यी ने चीन का सैद्धांतिक रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार देश होने के नाते चीन और मिस्र दोनों वार्ता के जरिये क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान करने के पक्ष में हैं और बल प्रयोग का विरोध करते हैं। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध स्थानीय लोगों के लिए ज्यादा परेशानी लाएगा, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर बुरा असर डालेगा और अंतर्राष्ट्रीय व क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता को नुकसान पहुंचेगा। शीघ्र ही युद्धविराम अंतरराष्ट्रीय समुदाय की आम सहमति है। चीन मिस्र समेत क्षेत्रीय देशों के साथ संपर्क और समन्वय कायम रखना चाहता है, ताकि शांति साकार करने में रचनात्मक भूमिका निभाई जा सके।
उधर, वांग यी ने क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज के साथ फोन पर बात की। ब्रूनो रोड्रिगेज ने मौजूदा स्थिति का परिचय दिया और क्यूबा को चीन के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। दोनों पक्षों ने आपसी रिश्तों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।