गठबंधन में फेरबदल के बाद लिथुआनिया सरकार ने दिया इस्तीफा
लिथुआनिया की प्रधानमंत्री इंगा रुगिनिएने और उनकी कैबिनेट ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। सत्तारूढ़ गठबंधन में बदलाव के बाद यह कदम उठाया गया, जिससे देश में दो वर्षों के भीतर तीसरे प्रधानमंत्री के सत्ता संभालने का रास्ता साफ हो गया है। रुगिनिएने की सरकार तब संकट में आ गई जब सत्ताधारी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ने विवादों में घिरी लोकलुभावन पार्टी नेमुनो अउसरा के साथ गठबंधन समाप्त कर दिया। पार्टी के पूर्व नेता रेमिगियुस जेमैतैतिस पर यहूदी विरोधी टिप्पणियां करने और होलोकॉस्ट को कमतर बताने के आरोप हैं। पिछले वर्ष एक अदालत ने उन्हें 5,000 यूरो का जुर्माना भी लगाया था। हालांकि उन्होंने आरोपों से इनकार किया है।
राष्ट्रपति गितानास नाउसेदा के नए प्रधानमंत्री के लिए संसद में नाम प्रस्तावित करने की उम्मीद है। गठबंधन समझौते के अनुसार सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता मिंडाउगास सिंकेविचियस को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। नए गठबंधन ने चीन के साथ अधिक व्यावहारिक और स्थिर संबंध विकसित करने की इच्छा जताई है। हालांकि उसने यूरोपीय संघ, नाटो और ताइवान के साथ रणनीतिक साझेदारी बनाए रखने की भी प्रतिबद्धता दोहराई है।
अमेरिकी राजनयिक की हत्या मामले में थाई महिला पर म्यांमार में मुकदमा शुरू
म्यांमार में एक अमेरिकी राजनयिक की हत्या के मामले में आरोपी थाई महिला पविनी सुपासिरिविसान मंगलवार को अदालत में पेश हुई। हत्या के आरोप के साथ-साथ उस पर म्यांमार के आव्रजन कानून का उल्लंघन करने का भी मामला दर्ज किया गया है। मामले की सुनवाई कामायुत टाउनशिप कोर्ट में हुई, जहां अभियोजन पक्ष के तीन गवाहों, जिनमें आव्रजन विभाग के अधिकारी भी शामिल थे, ने बयान दर्ज कराए। यह मुकदमे की दूसरी सुनवाई थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आरोपी ने अदालत में अपना दोष स्वीकार किया है या नहीं।
म्यांमार के कानून के तहत किसी विदेशी नागरिक द्वारा अपराध किए जाने पर आव्रजन कानून के उल्लंघन का मामला भी चलाया जाता है। इस आरोप में छह महीने से पांच साल तक की सजा हो सकती है। वहीं हत्या के मामले में दोषी पाए जाने पर 10 साल की जेल से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान है। अमेरिकी राजनयिक 11 मई को यांगून स्थित साकुरा रेजिडेंस एंड होटल में मृत पाए गए थे। उनके सिर और गर्दन पर चाकू से वार के निशान मिले थे। अमेरिकी विदेश विभाग ने राजनयिक की मौत की पुष्टि की है, लेकिन उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। थाईलैंड ने आरोपी महिला को कांसुलर सहायता उपलब्ध कराने की पुष्टि की है।