विदेश मंत्री एस जयशंकर दो दिवसीय दौरे के लिए सोमवार को मंगोलिया की राजधानी उलानबटार पहुंच गए। मंगोलिया पहुंचने पर वहां के विदेश मंत्री मनकुशिग इखानजाव ने जयशंकर का स्वागत किया। जयशंकर ने बताया कि उनकी इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है। मंगोलिया के बाद विदेश मंत्री दक्षिण कोरिया का भी दौरा करेंगे।
फिलीपींस स्थित एक हाई स्कूल में सोमवार को दो लोगों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिसमें तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घटना के सिलसिले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक आरोपी सैन जोस नेशनल हाई स्कूल का छात्र बताया जा रहा है, जहां यह गोलीबारी हुई। यह घटना टैकलोबान शहर में स्थित स्कूल परिसर में हुई। गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत फैल गई और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। पुलिस जांच एजेंसियां अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि स्कूल में हुई इस हिंसक घटना के पीछे क्या कारण थे। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल मनी लॉन्ड्रिंग में गिरफ्तार
नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग विभाग ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पौडेल नेपाल की सत्तारूढ़ राजनीति में प्रभावशाली माने जाते हैं और वे नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के उपाध्यक्ष हैं। वह केपी शर्मा ओली सरकार में वित्त मंत्री रह चुके हैं। यह सरकार पिछले वर्ष सितंबर में जन-आंदोलन के बाद सत्ता से बाहर हो गई थी।
क्रीमिया पर यूक्रेनी हमलों में पांच की मौत
रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में यूक्रेनी हमलों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए। इसे देखते हुए अधिकारियों ने रविवार को आम लोगों के लिए पेट्रोल की बिक्री रोक दी। यूक्रेन ने काला सागर प्रायद्वीप पर ईंधन की आपूर्ति शृंखलाओं पर हमले तेज कर दिए हैं। क्रेमलिन की तरफ से नियुक्त क्रीमिया के प्रमुख गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्थानीय गैस स्टेशन, गैर-सरकारी कंपनियों और आम लोगों को ईंधन की बिक्री अनिश्चित काल के लिए रोक देंगे। अक्स्योनोव ने कहा, ईंधन सिर्फ उन सरकारी एजेंसियों को बेचा जाएगा जो क्रीमिया गणराज्य के कामकाज और सुरक्षा को सुनिश्चित करती हैं। मैं सभी से शांत रहने और जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील करता हूं। एजेंसी
यूक्रेन लगातार ईंधन आपूर्ति को बना रहा निशाना
हाल के हफ्तों में यूक्रेनी सेना ने बार-बार क्रीमिया की ईंधन आपूर्ति को निशाना बनाया है। इससे 2014 में रूस द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए जाने के बाद से इस क्षेत्र में सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, रूस केवल ताकत की भाषा समझता है। हमारी लंबी दूरी की ताकत निश्चित रूप से शांति के लिए काम कर रही है। जेलेंस्की ने अभियान में शामिल यूक्रेनी सेनाओं की तारीफ की।