फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Update: पेरू में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की सड़क हादसे में मौत; गाजा में इस्राइली हमलों में 12 की मौत

Mon, 16 Mar 2026 02:14 PM IST
Devesh Tripathi वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
पेरू के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की रविवार को एक राजमार्ग पर कार हादसे में मौत हो गई। वह एक राजनीतिक रैली में शामिल होने जा रहे थे। 61 वर्षीय नेपोलियन बेसेरा 12 अप्रैल को हुए चुनाव में पेरू की वर्कर्स एंड एंटरप्रेन्योर्स पार्टी के उम्मीदवार थे। वामपंथी विचारधारा वाले बेसेरा 36 उम्मीदवारों में से एक थे और हाल ही में हुए एक सर्वेक्षण में उन्हें एक फीसदी से भी कम मतदान मिलने की संभावना जताई गई थी।
विज्ञापन


स्थानीय पुलिस ने बताया कि राजधानी लीमा से 430 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित पिलपिचाका शहर के ग्रामीण इलाके में बेसेरा का वाहन सड़क से उतर गया। मेयर बल्विन हुआमानी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि उम्मीदवार की कार में सवार तीन यात्री घायल हो गए। 

पश्चिम एशिया संकट: पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने सऊदी अरब के समकक्ष से की बात
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट को हल करने के लिए संवाद की आवश्यकता है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उप प्रधानमंत्री डार ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान से बातचीत की और क्षेत्र में जारी स्थिति और उसके व्यापक प्रभावों पर विचार साझा किए। बयान में कहा गया कि डार ने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए कूटनीतिक संवाद और निरंतर प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। 
विज्ञापन


पाकिस्तान में 2025 में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के 3,630 मामले
पाकिस्तान में साल 2025 के दौरान बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के 3,630 मामले सामने आए। यह संख्या उससे पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। यह  खुलासा एक गैर-सरकारी संगठन की ओर से जारी आंकड़ों में सोमवार को हुआ। 

बच्चों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की निगरानी वाली संस्था साहित ने एक बयान में बताया कि ये मामले देश के चारों प्रांतों के साथ-साथ इस्लामाबाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) और गिलगित बाल्टिस्तान क्षेत्र से प्रकाशित 81 अलग-अलग अखबारों में रिपोर्ट किए गए थे। संगठन के अनुसार, साल 2025 में कुल 3,630 बाल दुर्व्यवहार के मामले 81 अलग-अलग अखबारों में दर्ज किए गए। रिपोर्ट में बताया गया कि लिंग के आधार पर किए गए विश्लेषण में कुल मामलों में से 1,924 यानी 53 प्रतिशत पीड़ित लड़कियां थीं, जबकि 1,625 यानी 47 प्रतिशत लड़के थे। इसके अलावा, 116 मामले नवजात शिशुओं से जुड़े थे। आंकड़ों के अनुसार 2025 में हर दिन औसतन नौ से अधिक बच्चों के साथ दुर्व्यवहार हुआ।

पाकिस्तान: व्यक्ति ने पत्नी और पांच बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या की
पाकिस्तान में सोमवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और पांच बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह घटना सुबह सरगोधा जिल के एक गांव में हुई, जो लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी मुहम्मद यासीन ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी, 15 साल की बेटी और एक से 12 साल की उम्र के चार बेटों की हत्या कर दी। उसे शक था कि उसकी पत्नी का पास के गांव के एक व्यक्ति के साथ संबंध था। उसे यह भी शक था कि बच्चों में से कुछ उसके नहीं हैं। यासीन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। उसके हवाले से कहा गया, जब मुझे पता चला कि मेरी पत्नी का किसी से संबंध है और वह अपने प्रेमी के साथ भागने की योजना बना रही है, तो मैंने उसे और अपने सभी बच्चों को मारने का फैसला किया। मुझे शक था कि उनमें से कुछ बच्चे मेरे नहीं हैं। आधी रात को यासीन ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी और बच्चों पर उस समय हमला किया, जब वे सो रहे थे और उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने कहा कि उसने खुद की जान लेने की भी कोशिश की और इस दौरान वह घायल हो गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की हालत स्थिर है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, पाकिस्तान में हर साल लगभग 1,000 महिलाओं की इज्जत के नाम पर हत्या कर दी जाती है।

चीन के विश्वविद्यालय में पढ़ाई जाएगी पंजाबी भाषा
चीन की बीजिंग फॉरेन स्टडीज यूनिवर्सिटी ने अपनी विदेशी भाषाओं की सूची में पंजाबी भाषा को शामिल कर लिया है। विश्वविद्यालय ने पंजाबी भाषा पढ़ाने के लिए जमीरपाल कौर संधू बाजवा को नियुक्त किया है। वह बठिंडा में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय में भाषा, साहित्य और संस्कृति स्कूल की पूर्व डीन और प्रोफेसर रह चुकी हैं। कौर ने पीटीआई को बताया कि वह भाषा पढ़ाने के साथ-साथ पंजबी इतिहास और संस्कृति की कक्षाएं भी लेंगी और चीनी शिक्षकों को पंजाबी भाषा पढ़ाने का प्रशिक्षण भी देंगी। बीजिंग फॉरेन स्टडीज यूनिवर्सिटी में पहले से 101 भाषाओं के अध्ययन पाठ्यक्रम हैं, जिनमें हिंदी भाषा, तमिल भाषा और उर्दू भाषा भी शामिल हैं। अब पंजाबी को सूची में जोड़ दिया गया है, जिससे यह विश्वविद्यालय में पढ़ाई जाने वाली 102वीं भाषा बन गई है। 

गाजा में इस्राइली हवाई हमलों में 12 फिलिस्तीनियों की मौत, बच्चों और गर्भवती महिला भी शामिल
गाजा पट्टी में इस्राइली हवाई हमलों में रविवार को कम से कम 12 फलस्तीनियों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे, एक गर्भवती महिला और आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह जानकारी अस्पताल अधिकारियों ने दी।

आईईए बोला- जल्द वैश्विक बाजारों में पहुंचेगा तेल का आपातकालीन भंडार
अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने रविवार को कहा कि एशिया और ओशिनिया में उसके सदस्य देश तेल के आपातकालीन भंडार को तत्काल जारी करने की योजना बना रहे हैं और यूरोप और अमेरिका के भंडार मार्च के अंत से उपलब्ध कराए जाएंगे। एक बयान में कहा गया है, "यह आपातकालीन सामूहिक कार्रवाई, जो अब तक की सबसे बड़ी है, एक महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य सुरक्षा प्रदान करती है।"

पेरिस स्थित यह एजेंसी कीमतों को कम करने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के समन्वय में मदद कर रही है। आईईए ने बुधवार को घोषणा की थी कि वह सदस्य देशों के आपातकालीन भंडार से 400 मिलियन बैरल तेल उपलब्ध कराएगा। यह मात्रा 182.7 मिलियन बैरल से दोगुनी से भी अधिक है, जिसे आईईए के 32 देशों ने 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए पूर्ण पैमाने के आक्रमण के जवाब में जारी किया था।

अमेरिका: ट्रंप की सलाहकार सुसी वाइल्स को शुरुआती चरण का स्तन कैंसर, इलाज के दौरान भी व्हाइट हाउस में रहेंगी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को बताया कि उनकी प्रमुख सलाहकार और चीफ ऑफ स्टाफ सुसी वाइल्स में शुरुआती चरण के स्तन कैंसर का पता चला है। उन्होंने कहा कि वाइल्स ने इस चुनौती का सामना तुरंत करने का फैसला किया है। अपने इलाज के दौरान भी लगभग पूरा समय वह व्हाइट हाउस में काम करेंगी।

राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि सुसी वाइल्स एक अद्वितीय चीफ ऑफ स्टाफ और बहुत मजबूत व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मेडिकल टीम शानदार है और स्वास्थ्य की स्थिति सकारात्मक है। ट्रंप ने वाइल्स के साहस और अपने काम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की, जो वह इलाज के दौरान भी जारी रखेंगी। ट्रंप ने कहा कि वाइल्स अमेरिका की जनता की सेवा के प्रति प्रतिबद्ध हैं और जल्द ही पहले से भी बेहतर होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि (प्रथम महिला) मेलानिया और वह हर तरह से सुसी वाइल्स के साथ हैं और देश के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर उनके साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं।
विज्ञापन

टैरिफ को लेकर फिर कोर्ट पर भड़के ट्रंप, कहा-मेरे साथ हो रहा अन्याय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ से जुड़े अदालती फैसले पर फिर से कड़ी नाराजगी जताते हुए सुप्रीम कोर्ट और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि अदालत के इस रुख से उन देशों और कंपनियों को फायदा होगा, जो अमेरिका का आर्थिक शोषण कर रहे। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनके लिए टैरिफ का मुद्दा सबसे महत्वपूर्ण था। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला देश के आर्थिक हितों की रक्षा करने के उनके प्रयासों को कमजोर करता है। ट्रंप ने न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अदालत को पता था कि मैं इस मामले में देश के लिए जीत कितनी शिद्दत से चाहता था। इसके बावजूद उन्होंने खरबों डॉलर उन देशों और कंपनियों को देने का रास्ता खोल दिया, जो अमेरिका का फायदा उठाते आए हैं। ट्रंप ने कहा-अदालतें रिपब्लिकन और मेरे साथ बहुत अन्यायपूर्ण व्यवहार करती हैं।  ट्रंप ने फिर से 2020 के राष्ट्रपति चुनाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने न्यायपालिका की आलोचना करते हुए कहा कि अदालतों ने चुनाव से जुड़ी कानूनी चुनौतियों पर सुनवाई करने से इन्कार कर दिया था। मामले के तथ्य मायने नहीं रखते, बल्कि यह मायने रखता है कि जज कौन है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अदालत ने उन्हें दूसरे रूपों में टैरिफ लगाने का अधिकार दिया है और उन्होंने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। इससे पहले भी ट्रंप टैरिफ को लेकर संघीय अदालत को घेरते रहे हैं।

आर्थिक हितों की रक्षा का संकल्प, कड़े बदलावों के संकेत
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वे अमेरिकी व्यापार स्थिति को मजबूत करने के लिए वैकल्पिक टैरिफ तंत्र अपनाना जारी रखेंगे। उन्होंने अपने मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (एमएजीए) अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका फिर महानता की ओर बढ़ रहा है और किसी भी बाधा को देश के आर्थिक विकास के आड़े नहीं आने दिया जाएगा। विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक हलकों में ट्रंप के इस बयान को अमेरिकी व्यापार नीति में आने वाले भविष्य के कड़े बदलावों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप ने कहा, अदालत में डेमोक्रेट हमेशा एकजुट होते हैं, चाहे केस कितना भी मजबूत क्यों न हो। जबकि रिपब्लिकन ऐसा नहीं करते। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वे अमेरिकी आर्थिक हितों की रक्षा के लिए वैकल्पिक टैरिफ तंत्र का पालन जारी करेंगे और देश की व्यापार स्थिति को मजबूत करने के लिए नीतियों को प्राथमिकता देंगे।

तीन जजों को बताया बुद्धिमान और साहसी
राष्ट्रपति ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के तीन रूढ़िवादी न्यायाधीशों-सैमुअल अलिटो, क्लेरेंस थॉमस और ब्रेट कवाना की प्रशंसा करते हुए उन्हें बुद्धिमान और साहसी बताया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स की तरफ से नियुक्त न्यायाधीश हमेशा एकजुट होकर मतदान करते हैं, जबकि रिपब्लिकन नियुक्तियों में ऐसी एकजुटता की कमी है। टैरिफ के अलावा ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की भी कड़े शब्दों में निंदा की। ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में फेडरल रिजर्व परिसर के नवीनीकरण प्रोजेक्ट का हवाला देते हुए पॉवेल पर वित्तीय कुप्रबंधन के आरोप लगाए। उन्होंने अमेरिकी जिला न्यायाधीश जेम्स बोसबर्ग पर भी निशाना साधा और उन पर उनके प्रशासन के खिलाफ राजनीतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित होने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें