ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि एक नए कानून के तहत फर्जी वीजा स्पॉन्सरशिप की बिक्री का विज्ञापन देना अपराध घोषित किया जाएगा। दरअसल ब्रिटेन के एक मीडिया चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन कर ब्रिटेन में अप्रवासन के लिए फर्जी वीजा विज्ञापन के एक घोटाले का खुलासा किया है। इस घोटाले में एजेंट्स ब्रिटेन में प्रवासियों को धोखाधड़ी से स्किल्ड वर्कर वीजा दिलाने में मदद करने के लिए ऑनलाइन नकली नौकरी का सर्टिफिकेट जारी कर रहे हैं।
ऐसा सर्टिफिकेट किसी प्रवासी को अपने स्किल्ड वर्कर वीजा के लिए आवेदन करने में सक्षम बनाता है, जिसमें हजारों पाउंड के बैंक ट्रांसफर का एक जटिल जाल यह सुनिश्चित करता है कि सैलरी सिर्फ कागजों पर ही मौजूद रहे। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, 'अगले हफ्ते, इस सरकार द्वारा लाए गए कानूनों के कारण ऑनलाइन विज्ञापनों के माध्यम से झूठे वीज़ा स्पॉन्सरशिप बेचने का विज्ञापन देना एक अपराध बन जाएगा।' जांच में पता चला कि अनियमित एजेंट होम ऑफिस द्वारा अप्रूव्ड कंपनियों द्वारा जारी स्पॉन्सरशिप सर्टिफिकेट पेश करके लोगों को वीज़ा दिलाने में मदद करने की पेशकश कर रहे थे। ये नौकरियां हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स, सोशल केयर, आईटी, फाइनेंस, मार्केटिंग और ग्राफिक डिजाइन सहित व्यवसायों में दी जा रही थीं।
स्किल्ड वर्कर वीजा योजना 2020 में तत्कालीन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाली कंजर्वेटिव सरकार के तहत शुरू की गई थी और बाद में यूके के सोशल केयर इंडस्ट्री में कमी को पूरा करने के लिए इसका विस्तार किया गया। हालांकि, इससे एक ब्लैक मार्केट भी बन गया, जो उन लोगों को टारगेट करता है जो ब्रिटेन में स्थायी निवास या अनिश्चित काल तक रहने की इजाजत पाना चाहते हैं।
गाजा और मिस्र के बीच सीमा मार्ग खोलेगा इस्राइल
इस्राइल ने शुक्रवार को कहा कि वह इस साप्ताहांत पर गाजा और मिस्र के बीच सीमा मार्ग को दोनों तरफ से दोबारा खोलेगा। इससे युद्ध के करीब दो साल बाद फलस्तीनियों को गाजा में आने और जाने की अनुमति मिल सकेगी।
इस्राइली सेना की इकाई कोगट ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि लोगों को केवल सीमित आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। रफाह सीमा मार्ग का रविवार को दोबारा खुलना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा संघर्षविराम योजना के लिए एक अहम कदम होगा। यह मार्ग गाजा का बाहरी दुनिया से मुख्य प्रवेश द्वार है, मई 2024 के बाद से अधिकांश समय यह मार्ग बंद रहा है।
सीरिया: एसडीएफ और सरकार के बीच नया समझौता
कुर्द नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेस (एसडीएफ) ने शुक्रवार को देश की केंद्र सरकार के साथ एक नया समझौता किया, जिसका मकसद हफ्तों तक चले संघर्ष को समाप्त करने वाले संघर्षविराम को स्थिर करना और दोनों पक्षों के बीच एकीकरण की प्रक्रिया को शुरू करना है।
एसडीएफ ने कहा कि समझौते के तहत गृह मंत्रालय से जुड़े सुरक्षा बल अल-हासाकेह और कमिशली के शहरों में प्रवेश करेंगे, जहां पहले उन्हें जाने की अनुमति नहीं थी और एसडीएफ तथा सरकारी बलों का एकीकरण शुरू होगा। इसमें एसडीएफ की तीन ब्रिगेड को मिलाकर एक नई सैन्य ब्रिगेड बनाने की योजना शामिल है, साथ ही अलेप्पो प्रांत में एक सरकारी ब्रिगेड में एसडीएफ के लड़ाकों की एक ब्रिगेड भी बनाई जाएगी।
पाकिस्तान: सेना ने तीन प्रांतों में 52 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने पिछले चौबीस घंटों में तीन प्रांतों में अलग-अलग अभियानों में 52 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया। सेना और अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इनमें अधिकतर तालिबान से जुड़े हुए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब प्रांत में शुक्रवार सुबह छह आतंकवादी मारे गए, जबकि गुरुवार को दो अलग-अलग खुफिया आधारित अभियानों में बलूचिस्तान में 41 और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के पांच सदस्य मारे गए, जिनमें एक कमांडर भी शामिल था।
पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने बताया कि आतंकवादियों ने प्रांत के मियांवाली जिले में पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों को निशाना बनाने योजना बनाई थी, जो लाहौर से करीब 300 किलोमीटर दूर है।