फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: पाकिस्तान में कोहरे के कारण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत; उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के पिता का निधन

Sat, 17 Jan 2026 03:30 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अमेरिका के फीनिक्स शहर से निर्वासित किए गए वेनेजुएला के 231 प्रवासियों को लेकर एक उड़ान काराकास पहुंची। वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़कर न्यूयॉर्क भेजे जाने के बाद यह पहली कार्रवाई है। मादुरो पर ड्रग तस्करी के गंभीर मामले में शामिल होने का आरोप है और उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। 
विज्ञापन


ईस्टर्न एयरलाइंस की यह उड़ान काराकास के पास हवाई अड्डे पर उतरी। इससे पहले अमेरिका ने सीधे वेनेजुएला जाने वाली उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक रखा था। अमेरिकी अधिकारियों और वेनेजुएला सरकार के अनुसार, आखिरी सीधी उड़ान 10 दिसंबर को संचालित हुई थी। दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत निष्कासित प्रवासी नियमित रूप से वापस लौट सकते हैं। मार्च 2025 से यह व्यवस्था चल रही थी। लेकिन हाल में अमेरिकी  कार्रवाई और ड्रग तस्करी के संदिग्ध जहाजों पर हमलों के कारण कुछ उड़ानों में देरी हुई।

इस्पात उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल के पिता का निधन
इस्पात उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल का 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लक्ष्मी निवास मित्तल ने अपने पिता श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनके 'प्रिय पिता' का गुरुवार शाम को लंदन में परिवार के बीच शांति से निधन हुआ। वह अपने 100वें जन्मदिन से केवल कुछ महीने दूर थे।

उन्होंने कहा, मेरे पिता असाधारण व्यक्ति थे। उनका मजबूत धार्मिक विश्वास और मेहनत का नजरिया पूरे जीवन उनके साथ रहा। उनका जन्म राजस्थान के छोटे गांव राजगढ़ में एक साधारण परिवार में हुआ था। वे हमेशा परिस्थितियों का सबसे अच्छा उपयोग करना जानते थे और मानते थे कि मेहनत ही आमतौर पर हर समस्या का हल है। 

पंजाब में बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित टीटीपी के 49 आतंकवादी गिरफ्तार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब पुलिस ने बताया कि पिछले 30 दिनों में अलग-अलग जिलों में की गई खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों के दौरान 49 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने कुल 425 ऑपरेशन चलाए, जिनमें 427 संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आतंकवादी विभिन्न शहरों में अहम इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। सीटीडी ने बताया कि इन आतंकवादियों के खिलाफ 44 मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की जांच जारी है। उनके पास से 16,480 ग्राम विस्फोटक, दो हैंड ग्रेनेड, 36 डेटोनेटर, 58 फीट सेफ्टी फ्यूज वायर, छह आईईडी बम और प्रतिबंधित साहित्य बरामद किया गया है। सीटीडी ने यह भी दावा किया कि गिरफ्तार आतंकवादियों में से एक भारतीय खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदिग्ध है, हालांकि इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया गया है।

भारत 6 करोड़ डॉलर की मदद से श्रीलंका में  विकसित करेगा बंदरगाह
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने घोषणा की है कि भारत सरकार जाफना स्थित कांकेसंथुराई (केकेएस) बंदरगाह के नवीनीकरण के लिए 6 करोड़ डॉलर की सहायता प्रदान करेगी। जाफना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तरी प्रांत के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पलाली हवाई अड्डे की कमियों को भी दूर किया जाएगा। यह निर्णय दिसंबर 2024 में पीएम मोदी और दिसानायके की मुलाकात के बाद लिया गया है। 

पाकिस्तान : नेशनल असेंबली में अचकजई नेता प्रतिपक्ष नियुक्त
पाकिस्तान में शुक्रवार को वरिष्ठ पख्तून कबाइली नेता महमूद खान अचकजई को नेशनल असेंबली में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया। यह पद गत वर्ष अगस्त से खाली था। अचकजई को पीटीआई प्रमुख इमरान खान ने नामित किया था। 

द. अफ्रीकी देशों में भारी बारिश-बाढ़ से 100 से ज्यादा मौतें
दक्षिण अफ्रीका के कई देशों में मूसलाधार बारिश और विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। दक्षिण अफ्रीका, मोजाम्बिक और जिम्बाब्वे में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मोजाम्बिक सबसे अधिक प्रभावित है, जहां बिजली गिरने, डूबने और हैजा जैसी बीमारियों से 103 मौतें हुई हैं। मोजाम्बिक में 2 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। जिम्बाब्वे में भी इस साल की शुरुआत से अब तक 70 लोगों की मृत्यु हुई है और 1,000 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के उत्तरी प्रांतों में 19 मौतें दर्ज की गई हैं।  

गगन थापा को पीएम पद का चेहरा बनाएगी नेपाली कांग्रेस
नेपाली कांग्रेस आगामी चुनाव में गगन थापा को प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में सामने रखकर लड़ने की तैयारी में है। पार्टी के उपसभापति विश्वप्रकाश शर्मा ने यह बात सार्वजनिक रूप से कही है। शर्मा ने यह प्रतिक्रिया निर्वाचन आयोग के विशेष महाधिवेशन से चुनी गई गगन थापा नेतृत्व वाली कार्यसमिति को पार्टी की आधिकारिक इकाई के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव संबोधन में कहा कि अब पार्टी को आंतरिक विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। उनका कहना था कि विशेष महाधिवेशन के समर्थन में हस्ताक्षर करने या न करने के आधार पर पार्टी के भीतर कोई दूरी या गुटबंदी नहीं रहनी चाहिए। अब समय आ गया है कि सभी साथियों को साथ लेकर कांग्रेस को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा। उपसभापति शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आगे चलकर युवाओं, विशेष रूप से जेन-जी आंदोलन द्वारा उठाए गए सुशासन के मुद्दों को गंभीरता से संबोधित करेगी।  उन्होंने कहा, परिवर्तन वही ला सकता है, जो खुद बदलने के लिए तैयार हो।

हिंदी दिवस पर सिंगापुर की श्वेता वर्मा को प्रथम पुरस्कार
मॉरीशस में आयोजित विश्व हिंदी गीत प्रतियोगिता 2026 में सिंगापुर की श्वेता वर्मा ने एशिया (भारत को छोड़कर) और ऑस्ट्रेलिया क्षेत्र में पहला पुरस्कार जीता। यह प्रतियोगिता विश्व हिंदी दिवस पर विश्व हिंदी सचिवालय द्वारा आयोजित की गई थी। श्वेता मूल रूप से भारत से हैं और वर्तमान में सिंगापुर में वित्त क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी विजयी रचना जा रे, उड़ जा रे हिंदी एक वैश्विक भाषा के रूप में प्रस्तुत करती है। 

ब्राजील: बोल्सोनारो को बेहतर सुविधाओं वाली सेल में भेजा
रियो दि जनेरियो। ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को ब्रासीलिया स्थित फेडरल पुलिस मुख्यालय से पापुडा पेनिटेंटियरी कॉम्पलेक्स की अधिक बड़ी और आरामदायक सेल में स्थानांतरित करने का आदेश दिया। 54 वर्ग मीटर की नई सेल है और में 10 वर्ग मीटर का खुला क्षेत्र है। अदालत ने इसे उच्च-प्रोफाइल कैदियों के लिए अधिक अनुकूल परिस्थितियों वाला कदम बताया। बोल्सोनारो 2022 चुनाव हार के बाद तख्तापलट की कोशिश के मामले में 27 साल की सजा काट रहे हैं।  

चीन और कनाडा के बीच नए संबंधों की शुरुआत के संकेत
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दोनों देशों के बीच संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत करने पर सहमति जताई है। वर्षों के तनाव के बाद बीजिंग में हुई मुलाकात में दोनों नेताओं ने सहयोग बढ़ाने और रिश्तों को बेहतर बनाने की बात कही। शी जिनपिंग ने कहा कि अक्तूबर में हुई पिछली बैठक से संबंध सुधार की दिशा में कदम बढ़े हैं। वहीं, कार्नी ने वैश्विक चुनौतियों के बीच चीन के साथ बेहतर रिश्तों को जरूरी बताया। 

कैलिफोर्निया से वोटर डाटा मांगने का ट्रंप प्रशासन का केस खारिज
अमेरिका की एक संघीय अदालत ने कैलिफोर्निया से 2.3 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं का विस्तृत व्यक्तिगत डेटा मांगने वाले ट्रंप प्रशासन के मुकदमे को खारिज कर दिया। जज डेविड ओ. कार्टर ने इसे अवैध बताया। उन्होंने कहा कि चुनावों पर अधिकार कार्यपालिका मनमाने ढंग से नहीं ले सकती और ऐसा कदम मतदाता पंजीकरण पर नकारात्मक असर डाल सकता है। अदालत के अनुसार, निजी जानकारी को केंद्र में इकट्ठा करना लोकतंत्र के लिए खतरा है। न्यायाधीश ने कहा कि बिना कांग्रेस की अनुमति ऐसा करना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना के खिलाफ है। 

बलूचिस्तान में 12 विद्रोही ढेर

पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने बलूचिस्तान में 12 विद्रोहियों को ढेर कर दिया है। ये विद्रोही दो बैंकों और एक पुलिस स्टेशन पर हमला करने पहुंचे थे, जहां सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में वे ढेर हो गए। पाकिस्तानी सेना ने बताया कि करीब 15-20 आतंकियों ने खारन शहर में एक पुलिस स्टेशन और दो बैंकों पर हमला किया, जहां उन्होंने कुछ लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन चलाकर हमलावरों को ढेर कर दिया। पाकिस्तानी सेना ने बताया कि हमलावरों ने 34 लाख पाकिस्तानी रुपये बैंकों से लूटे थे और वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन उनमें से 12 को ढेर कर दिया गया। 

पाकिस्तान में कोहरे के कारण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत, जिनमें छह बच्चे शामिल

शनिवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में घने कोहरे के कारण एक ट्रक पुल से नीचे गिर गया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं। यह हादसा लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर सरगोधा जिले के कोट मोमिन में तड़के हुआ। पंजाब इमरजेंसी सर्विसेज रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता के अनुसार, ट्रक में 23 लोग सवार थे, जिनमें से ज़्यादातर एक ही परिवार के थे, जो इस्लामाबाद से फैसलाबाद में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। प्रवक्ता ने बताया, 'भारी कोहरे के कारण मोटरवे बंद होने की वजह से ट्रक ने लोकल रास्ता लिया। कोट मोमिन तहसील में गालापुर पुल से ट्रक एक सूखी नहर में गिर गया, क्योंकि कम विजिबिलिटी के कारण ड्राइवर गाड़ी पर कंट्रोल खो बैठा।' मरने वालों में 14 लोगों में छह बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं, जबकि नौ लोग घायल हो गए और उनका इलाज कोट मोमिन के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
 
विज्ञापन

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई: एक हफ्ते में 61 करोड़ की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त
कस्टम्स विभाग ने शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर बीते सात दिनों में बड़ी तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 61 करोड़ रुपये से अधिक की हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त की है। अधिकारियों के मुताबिक 9 से 16 जनवरी के बीच मिली खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए अभियान में कुल 16 मामलों में 61 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ी गई। कस्टम्स ने बताया कि विमान की सीटों के नीचे लाइफ वेस्ट पैकेट्स में छिपाकर लाई गई 3.997 किलोग्राम गांजा भी बरामद हुई। बैंकॉक से आए यात्रियों से जुड़े मामलों में 29.841 किलोग्राम और अलग-अलग सात यात्रियों से 27.163 किलोग्राम गांजा पकड़ी गई। हाइड्रोपोनिक गांजा पानी आधारित पोषक घोल से उगाई जाती है और बेहद महंगी होती है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा 24 कैरेट सोना, हीरे और विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें