भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दक्षिण त्रिनिदाद में एक 'एग्रो-प्रोसेसिंग' कृषि-प्रसंस्करण केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र भारत की 'SEEDS' योजना के तहत बनाया गया है, जिसका मकसद छोटे उद्योगों को मशीनें देकर उनकी मदद करना है। इस प्रोजेक्ट से वहां के किसानों को फायदा होगा और दोनों देशों के रिश्ते मजबूत होंगे।
अपनी यात्रा के दौरान जयशंकर ने नेल्सन आइलैंड का भी दौरा किया। यह वही जगह है जहां 1845 में पहले भारतीय मजदूर यानी गिरमिटिया पहुंचे थे। भारत वहां की विरासत को संजोने के लिए एक विशेष प्रोजेक्ट में मदद कर रहा है। इसके साथ ही पर्यटन और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए भी समझौते किए गए हैं।
भारत-पाकिस्तान संघर्ष की पहली बरसी
पाकिस्तान की सेना ने कहा कि दक्षिण एशिया में शांति केवल बातचीत और आपसी सम्मान से ही आ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पिछले साल 7 मई को भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था, जिसमें पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई थी। इसके बाद दोनों देशों में तनाव बढ़ गया था, जो 10 मई को हॉटलाइन पर हुई बातचीत के बाद थमा था।
कांगो संकट में अमेरिका की भूमिका पर सवाल
अफ्रीकी देश कांगो के विद्रोहियों ने अमेरिका पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। विद्रोही गुट 'एम-23' ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को पत्र लिखकर कहा कि अमेरिका शांति के लिए सही से मध्यस्थता नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि अमेरिका केवल उन पर पाबंदियां लगा रहा है, जबकि कांगो सरकार की गलतियों को नजरअंदाज कर रहा है।
कांगो का यह इलाका खनिज संपदा से भरपूर है और यहां दशकों से हिंसा चल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले इस विवाद को सुलझाने का दावा किया था, लेकिन जमीन पर अभी भी लड़ाई जारी है। इस संघर्ष में अब तक हजारों लोग प्रभावित हो चुके हैं।
नाइजर में फ्रांसीसी मीडिया पर पाबंदी
अफ्रीकी देश नाइजर की सैन्य सरकार ने फ्रांस के 9 मीडिया संस्थानों ,जैसे France 24 और RFI पर रोक लगा दी है। सरकार का कहना है कि ये चैनल ऐसी खबरें दिखा रहे थे जिससे देश की सुरक्षा और शांति को खतरा हो सकता था। पत्रकारों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्थाओं ने इसे प्रेस की आजादी पर हमला बताया है।
नाइजर, माली और बुर्किना फासो जैसे देशों में फिलहाल सेना का शासन है। इन देशों ने हाल के दिनों में फ्रांस और पश्चिमी देशों से अपने रिश्ते तोड़ लिए हैं और सुरक्षा के लिए रूस की ओर हाथ बढ़ाया है। इलाके में बढ़ते आतंकी हमलों के बीच मीडिया पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
इंडोनेशिया में ऑनलाइन जुआ गिरोह का भंडाफोड़
इंडोनेशिया की पुलिस ने जकार्ता में एक बड़े ऑनलाइन जुआ नेटवर्क पर छापा मारकर 321 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से ज्यादातर लोग वियतनाम के हैं। ये लोग एक कमर्शियल बिल्डिंग से करीब 75 अलग-अलग जुआ वेबसाइट चला रहे थे, जिनका निशाना इंडोनेशिया से बाहर के लोग थे।
पुलिस के मुताबिक, कंबोडिया में सख्त कार्रवाई होने के बाद ऐसे गिरोह अब इंडोनेशिया को अपना नया ठिकाना बना रहे हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों पर जुआ खेलने और वीजा नियमों के उल्लंघन के आरोप हैं, जिसके लिए उन्हें 9 साल तक की जेल हो सकती है।
पाकिस्तान के बन्नू में आतंकी हमला
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया। हमलावरों ने पहले विस्फोटक से लदी गाड़ी से धमाका करने की कोशिश की और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई ने एक बड़े आत्मघाती हमले को टाल दिया, लेकिन धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई घरों की छतें गिर गईं। इलाके में सुरक्षा बल अभी भी आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध में तीन दिन के युद्धविराम का एलान
रूस और यूक्रेन के बीच जारी लंबे संघर्ष में शांति की एक बड़ी उम्मीद जगी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर दोनों देश 9, 10 और 11 मई को तीन दिनों के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। यह युद्धविराम रूस के विक्ट्री डे समारोह के दौरान लागू रहेगा, जिसमें दूसरे विश्व युद्ध में यूक्रेन की भूमिका का भी सम्मान किया गया है। इस समझौते के तहत दोनों देशों ने सभी सैन्य कार्रवाइयों को रोकने और हमलों को बंद करने का वादा किया है।
इस शांति समझौते के साथ ही मानवीय मोर्चे पर भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। दोनों देशों ने एक हजार के बदले एक हजार कैदियों की अदला-बदली पर सहमति जताई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप एक न्यायपूर्ण और स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम बताया है। उन्होंने इस प्रयास में अमेरिकी भूमिका की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह युद्धविराम भविष्य में एक व्यापक शांति समझौते का आधार बनेगा।
मियामी में नाव में जोरदार धमाका, 11 लोग अस्पताल में भर्ती
अमेरिका के मियामी में हौलओवर सैंडबार के पास शनिवार दोपहर एक नाव में भीषण विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि नाव पर सवार कई लोग सीधे पानी में जा गिरे। मियामी-डेड फायर रेस्क्यू ने इस घटना को 'लेवल 2 मास कैजुअल्टी' घोषित करते हुए 25 से अधिक बचाव इकाइयों को मौके पर भेजा। इस हादसे में घायल हुए 11 लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के अनुसार, यह विस्फोट नाव के इंजन में जमी पेट्रोल की गैस के कारण हो सकता है। बताया जा रहा है कि नाव शुरू करते समय जरूरी सुरक्षा सावधानियां न बरतने की वजह से यह हादसा हुआ। फ्लोरिडा फिश एंड वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन कमीशन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और लोगों को नाव चलाने से पहले सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है।
हंगरी: मग्यार लेंगे पीएम पद की शपथ, विक्टर का शासन खत्म
हंगरी के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री पीटर मग्यार शनिवार को शपथ ग्रहण के लिए संसद भवन पहुंचे। इसके साथ ही विक्टर ओर्बन का 16 साल का शासन समाप्त हो गया। पिछले महीने मग्यार की धुर दक्षिणपंथी तिस्जा पार्टी ने ओर्बन की फिडेज पार्टी को करारी शिकस्त दी थी। 199 सदस्यीय संसद में मग्यार की पार्टी के पास 141 सीटें हैं, जबकि ओर्बन का गठबंधन मात्र 52 सीटों पर सिमट गया है।
हॉलीवुड निर्माता व वॉर्नर ब्रदर्स के पूर्व कार्यकारी टोनी का निधन
टेलीविजन निर्माता और वॉर्नर ब्रदर्स के पूर्व प्रोडक्शन वाइस प्रेसिडेंट टोनी अमतुलो का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार के अनुसार, एक्यूट माइलॉयड ल्यूकेमिया से जूझने के बाद 3 मई को न्यूयॉर्क में उन्होंने अंतिम सांस ली। 14 जुलाई 1949 को मैनहट्टन में जन्मे अमतुलो ने फेम और मियामी वाइस जैसे लोकप्रिय शो में बतौर सहयोगी निर्माता काम किया। उन्होंने स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्मों द गूनीज और द कलर पर्पल में मैनेजर की भूमिका निभाई।
न्यूयार्क: धोखाधड़ी में रद्द होगी भारतीय-अमेरिकी की नागरिकता
निवेशकों से धोखाधड़ी के मामले में भारतीय मूल के देबाशीष घोष (62) की अमेरिकी नागरिकता रद्द किए जाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। उस पर निवेशकों से 25 लाख डॉलर की धोखाधड़ी करने की साजिश रचने का आरोप है। वह 1991 में अमेरिका आया और 2012 में अमेरिकी नागरिक बना। घोष उन 12 लोगों में शामिल है जिनके खिलाफ अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने विभिन्न अदालतों में नागरिकता रद्द करने संबंधी मुकदमे दायर किए हैं।
कनाडा : दंपती की हत्या में 3 भारतवंशी दोषी
कनाडा की एक अदालत ने एबॉट्सफोर्ड में एक बुजुर्ग दंपती की बर्बर हत्या के मामले में भारतीय मूल के तीन लोगों को फर्स्ट-डिग्री मर्डर का दोषी ठहराया है। ब्रिटिश कोलंबिया सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस ब्रेंडा ब्राउन ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि गुरकरण सिंह, अभिजीत सिंह और खुशवीर तूर ने इस हत्याकांड में सक्रिय भूमिका निभाई थी। अर्नाल्ड और जोआन डी जोंग मई 2022 में अपने घर में मृत पाए गए थे। अभियोजकों ने अदालत को बताया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर लूटपाट और हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने घर से क्रेडिट कार्ड, चेक और एक पावर वॉशर चुराया था।
ये तीनों आरोपी अभिजीत सिंह की सफाई कंपनी में काम करते थे, जिसने पहले इस दंपती के घर काम किया था। दंपती के शव अलग-अलग कमरों में मिले थे। अर्नाल्ड का चेहरा डक्ट टेप से लिपटा था, जबकि जोआन खून से लथपथ मिली थीं। दोनों के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। अदालत में पेश साक्ष्यों में घटनास्थल से मिला डीएनए, हत्या में इस्तेमाल रस्सी और संदिग्धों की गाड़ी से बरामद मेटल का बेसबॉल बैट शामिल है। फोन डाटा से पता चला कि हत्या के बाद अभिजीत ने इंटरनेट पर सजा संबंधी कानून भी सर्च किए थे। दोषियों को सजा 28 मई को सुनाई जाएगी।
नेपाल: महंगाई पर लगाम के लिए मूल्य पारदर्शिता सप्ताह
नेपाल सरकार ने बढ़ती महंगाई, कृत्रिम मूल्यवृद्धि और उपभोक्ता ठगी रोकने को सोमवार से 17 मई तक देशव्यापी मूल्य पारदर्शिता सप्ताह चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत सभी व्यापारियों के लिए मूल्यसूची प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
एपस्टीन से जुड़े दो नोट एक ही व्यक्ति ने लिखे: विशेषज्ञ
हस्तलेखन विशेषज्ञों का दावा है, यौन उत्पीड़न के दोषी एवं अरबपति उद्योगपति जेफरी एपस्टीन से जुड़े दो नोट एक व्यक्ति ने लिखे हैं। इनमें से एक नोट मैनहट्टन की जेल में उसकी संदिग्ध आत्महत्या की कोशिश से पहले मिला था, जबकि दूसरा उसी जेल में मौत के बाद बरामद हुआ। तीन फॉरेंसिक दस्तावेज विशेषज्ञों ने दोनों नोटों की जांच की और निष्कर्ष निकाला कि उनमें अक्षरों की बनावट, शब्दों के बीच की दूरी, बड़े अक्षरों का प्रयोग व विराम चिह्नों की शैली समान है। इस सप्ताह सार्वजनिक किए गए पहले पत्र में लिखा था, उन्होंने महीनों तक जांच की, पर कुछ नहीं मिला। उसमें आत्महत्या का समय चुनने का जिक्र था। वर्षों से सार्वजनिक दूसरे नोट में जेल के हालात का जिक्र भोजन और बड़े-बड़े कीड़े-मकोड़ों की शिकायत की गई थी।
सीरियाई राष्ट्रपति ने भाई-भतीजावाद के आरोपों के बीच भाई को पद से हटाया
सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने सरकार में बड़ा फेरबदल करते हुए अपने भाई माहेर अल-शरा को महासचिव के महत्वपूर्ण पद से हटा दिया है, ताकि प्रशासन पर लग रहे भाई-भतीजावाद के आरोपों को शांत किया जा सके। असद शासन को उखाड़ फेंकने के बाद देश को एकजुट करने की कोशिशों के बीच अल-शरा ने भाई की जगह होम्स के पूर्व गवर्नर अब्दुल रहमान बदरुद्दीन अल-आमा को नियुक्त किया है। साथ ही होम्स, दीर अल-जोर और कुनेत्रा प्रांतों में नए गवर्नरों सहित नए सूचना मंत्री के रूप में खालिद ज़ारौर की नियुक्ति की है। यह कदम पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के दौर वाली परिवारवादी छवि से खुद को अलग करने और शासन में पारदर्शिता लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आवास-कार्यालय में गूंजा यजुर्वेद का शांति पाठ
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय में शांति की कामना के लिए वैदिक मंत्रों की गूंज सुनाई दी। अमेरिका स्थित एक मंदिर के स्वयंसेवक ने राष्ट्रीय प्रार्थना दिवस के मौके पर यहां एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए मंत्रोच्चार किए। बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्थान (बीएपीएस) के न्यूजर्सी के रॉबिन्सविले में स्थित मंदिर के एक स्वयंसेवक ने व्हाइट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
स्वयंसेवक ने राष्ट्रीय प्रार्थना दिवस समारोह में मौजूद सभी लोगों से आंखें बंद करने और हाथ जोड़ने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने यजुर्वेद के शांति पाठ के मंत्रों का उच्चारण करते हुए विश्व शांति की कामना की। शांति पाठ में स्वर्ग, पृथ्वी, आकाश, जल, वनस्पतियों, वृक्षों, देवताओं और स्वयं के भीतर शांति की प्रार्थना की जाती है। स्वयंसेवक ने कहा, हम इस अवसर के लिए आभार जताते हैं।
अमेरिका में राष्ट्रीय प्रार्थना दिवस 1952 में एक कानून के तहत हर वर्ष मई को मनाया जाता है। बीएपीएस ने कहा, व्हाइट हाउस में आयोजित राष्ट्रीय प्रार्थना दिवस में भाग लेना सम्मानजनक रहा। बीएपीएस के एक स्वयंसेवक ने शांति-एकता के लिए हिंदू प्रार्थना प्रस्तुत की। अमेरिका अपनी आजादी के 250 वर्ष पूरे करने की ओर बढ़ते हुए याद दिलाता है कि आस्था, सेवा व साझा मूल्य हमारे समुदायों को मजबूत बनाते हैं।
ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने दंगाइयों की सजा कम करने वाले कानून पर लगाई रोक
ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए उस नए कानून पर अस्थायी रोक लगा दी है, जो दंगाइयों की सजा कम करने के लिए बनाया गया था। यह कानून 8 जनवरी 2023 को सरकारी इमारतों पर हुए हमलों के दोषियों को राहत देने के लिए लाया गया था। जस्टिस अलेक्जेंड्रे डी मोरिस ने कहा कि जब तक अदालत इस कानून की संवैधानिकता की जांच नहीं कर लेती, तब तक इसे लागू करना सही नहीं होगा।
संसद ने राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के वीटो को पलटकर यह कानून पास किया था। इसके तहत तख्तापलट की कोशिश और लोकतंत्र के खिलाफ अपराधों में सजा घटाने का प्रावधान है। इस कानून से पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो सहित लगभग 280 लोगों को फायदा मिल सकता था। बोल्सोनारो को तख्तापलट की कोशिश के आरोप में 27 साल 3 महीने की जेल की सजा मिली है।
बता दें कि 2022 के चुनाव नतीजों के बाद हजारों प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन, संसद और सुप्रीम कोर्ट पर हमला किया था। अदालत ने पहले ही बोल्सोनारो की घर में नजरबंदी की अपील खारिज कर दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट यह तय करेगा कि क्या सजा कम करने वाला यह कानून देश के संविधान के मुताबिक है या नहीं। तब तक दोषियों को जेल में ही रहना होगा।