फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गाजा में इस्राइल पर चार फलस्तीनियों को गोली मारने का आरोप; पाकिस्तान के पंजाब में बाढ़ से तबाही

Sun, 24 Aug 2025 09:38 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

गाजा पट्टी में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। रविवार को इस्राइली सैनिकों ने गाजा सिटी के दक्षिण में चार फलस्तीनियों को गोली मार दी। ये लोग खाने की सहायता लेने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और अल-अवदा अस्पताल के अनुसार, लोग अमेरिकी ठेकेदार 'गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन' के वितरण केंद्र की ओर बढ़ रहे थे, तभी सैनिकों ने गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि गोलीबारी उस समय हुई जब भीड़ का एक हिस्सा तय समय से पहले ही आगे बढ़ गया। इस हमले में कई लोग घायल भी हुए। गवाहों ने कहा कि गोलीबारी अंधाधुंध थी और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। फिलहाल इस्राइली सेना और जीएचएफ की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। गाजा के उत्तरी हिस्से में इस्राइली सेना बड़े हमले की तैयारी कर रही है, जिससे लोगों में भय और बढ़ गया है।

विज्ञापन


पाकिस्तान में मिलकर उपचुनाव लड़ेंगे शरीफ-भुट्टो परिवार
पाकिस्तान के दो बड़े सत्तारूढ़ दल- पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने आगामी उपचुनाव संयुक्त रूप से लड़ने का एलान किया है। दोनों दलों ने सीट-अडजस्टमेंट फार्मूला तय किया है, जिसके तहत पिछली बार दूसरे स्थान पर रही पार्टी का उम्मीदवार वही सीट से उतरेगा। चुनाव आयोग के अनुसार, 18 सितंबर को वजीराबाद, लाहौर और मियांवाली समेत कई सीटों पर उपचुनाव होंगे, जबकि 5 अक्टूबर को फैसलाबाद, साहीवाल और डीजी खान सहित अन्य क्षेत्रों में मतदान होगा। यह समझौता प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मध्यस्थता से हुआ।पीपीपी नेता राजा परवेज अशरफ ने समझौते को अंतिम रूप देने में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सक्रिय भूमिका के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बता दें कि 9 मई 2023 को हुई हिंसा में संलिप्तता के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं को दोषी ठहराए जाने के बाद पिछले महीने राष्ट्रीय और प्रांतीय विधानसभाओं की कई सीटें खाली हो गई थीं। इसी कारण उपचुनाव कराने की नौबत आई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि पीटीआई चुनाव लड़ेगी या नहीं। इमरान खान ने चुनाव में भाग लेने का निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर छोड़ दिया है। इमरान अगस्त, 2023 से ही जेल में हैं। 9 मई की हिंसा के दौरान सड़कों पर उतरे हजारों पीटीआई कार्यकर्ताओं ने सैन्य ठिकानों पर हमले किए थे। इस मामले में देश की अदालतें कई नेताओं को दोषी ठहरा चुकी है।

कैमरून सीमा के पास 35 इस्लामी लड़ाके मारे गए
नाइजीरिया की वायु सेना ने कहा कि शनिवार को कैमरून सीमा के पास हवाई हमलों में 35 इस्लामी लड़ाकों को मार गिराया है। यह कार्रवाई खुफिया जानकारी मिलने के बाद की गई थी। यह समूह जमीनी सैनिकों पर हमले की साजिश रच रहा था। वायु सेना के प्रवक्ता एहिमेन एजोडेम ने कहा, हमलों में चार ठिकानों को निशाना बनाया गया। हमारे क्षेत्र सुरक्षित हैं। यह कार्रवाई पूर्वोत्तर में गहन अभियान का हिस्सा है, जहां सेना ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसने आठ माह में 592 सशस्त्र मिलिशिया सदस्यों को मार गिराया है।

विज्ञापन

किल्मर गार्सिया को US से युगांडा निर्वासित करने की मांग
अमेरिकी आव्रजन अधिकारी एल साल्वाडोर के नागरिक किल्मार अब्रेगो गार्सिया को युगांडा निर्वासित करने की तैयारी कर रहे हैं। अदालत से मिले दस्तावेजों के अनुसार, अधिकारियों ने प्रस्ताव दिया है कि अगर गार्सिया मानव तस्करी के आरोपों को स्वीकार कर जेल में रहने को सहमत होता है तो उसे कोस्टा रिका भेजा जा सकता है। हालांकि, उसने इसे ठुकरा दिया है। गुरुवार को यह प्रस्ताव आया था कि वह अगले दिन टेनेसी जेल से रिहा हो जाएगा। शुक्रवार को गार्सिया की रिहाई हुई। उसी दिन डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने उसके वकीलों को युगांडा भेजने का नोटिस दिया। वकीलों ने इस मामले में टिप्पणी से इनकार किया, लेकिन कहा कि कोस्टा रिका सरकार ने गार्सिया को कानूनी प्रवासी के रूप में स्वीकार करने और हिरासत से छूट का आश्वासन दिया है। यह विकल्प गार्सिया के लिए बेहतर है क्योंकि कोस्टा रिका स्पेनिश भाषी देश है।

तूफान एरिन के कारण बंद किए गए समुद्र तट
अमेरिका के न्यूयॉर्क और नॉर्थ कैरोलाइना में तूफान एरिन के कारण बंद किए गए समुद्र तट अब दोबारा खोले जाने लगे हैं। एरिन का आकार औसत तूफान से दोगुना था, लेकिन यह कभी जमीन से नहीं टकराया और न ही बड़े पैमाने पर क्षति हुई। शुक्रवार को यह अटलांटिक में कमजोर होकर पोस्ट-ट्रॉपिकल साइक्लोन बन गया। नॉर्थ कैरोलाइना के आउटर बैंक्स में हाईवे 12 शनिवार को खोला गया और रविवार सुबह से सभी प्रतिबंध हट जाएंगे। न्यूयॉर्क में जोन्स बीच और रॉबर्ट मोसेस स्टेट पार्क भी फिर खुले हैं। हालांकि समुद्र तटों पर अब भी ऊबड़-खाबड़ हालात बने हुए हैं।

पकिस्तानी छात्रों को सता रहा अमेरिका से निकाले जाने का डर
अमेरिका में ट्रंप छोटी गलती से भी रद्द होगा वीजा प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर अमेरिका-विरोधी या चरमपंथी पोस्ट की जांच शुरू कर दी है। इस कारण पाकिस्तानी छात्रों और अन्य वीजा धारकों में अनिश्चितता का माहौल है। मीडिया में शनिवार को आई एक खबर से यह जानकारी मिली। इस व्यापक जांच प्रक्रिया के तहत अधिकारी अमेरिकी नागरिकों, संस्कृति, सरकार या संस्थानों के प्रति किसी भी तरह की शत्रुता के अभद्र संकेत के लिए सोशल मीडिया की समीक्षा में जुटे हैं।

चरमपंथी पोस्ट की जांच से बढ़ी चिंता
डॉन अखबार में छपी खबर में बताया गया कि नियमों का उल्लंघन, राजनीतिक गतिविधि या अधूरे दस्तावेज भी पाकिस्तानी नागरिकों के प्रवास को खतरे में डाल सकते हैं। परिसर में विरोध प्रदर्शनों की घटनाओं की सूचना अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्रालय को दी जा सकती है, जिससे पाकिस्तानी समुदाय में चिंता बढ़ रही है। 

छोटी सी गलती भी वीजा रद्द होने का कारण
मैरीलैंड में बाल्टीमोर के एक छात्र यूनुस खान ने कहा, हम शिकागो जाने की योजना बना रहे थे लेकिन हमें ऐसा न करने की सलाह दी गई। हम वीजा पर आए हैं और एक छोटी सी गलती भी वीजा रद्द होने का कारण बन सकती है। पाकिस्तानी दूतावास भी हालात पर नजर रख रहा है और राजनीतिक गतिविधियों में सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनों में भाग लेने से पाकिस्तानी छात्र चिंतित हैं। बाल्टीमोर में रहने वाली समीना अली ने कहा, हममें से कुछ लोग उन प्रदर्शनों में शामिल हुए थे और अब हमें नहीं पता कि हम रुक पाएंगे या फिर हमें निर्वासन का सामना करना पड़ सकता है।

तिब्बतियों ने लंदन में चीनी दूतावास के खिलाफ किया प्रदर्शन
तिब्बती और ब्रिटेन में उनके समर्थक समुदायों ने लंदन में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। फयूल की रिपोर्ट के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन चीन के उस विवादास्पद प्रस्ताव के विरोध में किया जा रहा है, जिसमें लंदन टावर से सटे पूर्व रॉयल मिंट कोर्ट में एक मेगा-दूतावास बनाने का प्रस्ताव है। ब्रिटेन स्थित एक गैर-सरकारी संगठन व फ्री तिब्बत इस प्रस्तावित चीनी मेगा-दूतावास का विरोध कर रहे हैं। इन संगठनों ने कहा, इस विरोध का उद्देश्य चीनी दूतावास परियोजना को लेकर लोगों को जागरूक करना है। उनका दावा है कि चीन का मेगा-दूतावास ब्रिटेन के लिए एक बड़ा सुरक्षा खतरा हो सकता है। यह वैश्विक वित्तीय केंद्र के रूप में लंदन की स्थिति को खतरे में डालता है। चीनी दूतावास परियोजना के आलोचकों का तर्क है कि प्रस्तावित सुविधा एक राजनयिक मिशन की तुलना में एक किलेबंद जासूसी केंद्र की तरह अधिक काम करेगी, क्योंकि इसमें 200 से अधिक कर्मचारियों के लिए अपार्टमेंट और निगरानी उपकरण होंगे, जो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के पास मौजूद है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने शी जिनपिंग से मिला तोहफा दिखाया

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने शनिवार को चीन के साथ बढ़ते अपने संबंधों पर प्रकाश डाला और साथ ही अमेरिका पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। अमेरिका ने हाल के समय में मादुरौ की सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। एक कार्यक्रम के समापन समारोह के दौरान, मादुरो ने अपने भाषण को बीच में ही रोककर एक नया स्मार्टफोन दिखाया, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह उन्हें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने व्यक्तिगत रूप से उपहार में दिया था। मादुरो ने कहा कि 'मैंने सैटेलाइट के जरिए उस नए फोन से शी जिनपिंग से बातचीत की। मैं इस नए हुआवेई फोन को चलाना सीखना चाहता हूं, जो दुनिया में सबसे उन्नत है। यह मुझे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिया था।'

वाशिंगटन के साथ बिगड़ते संबंधों के बीच वेनेज़ुएला की बीजिंग के साथ नजदीकियां बढ़ रही हैं। इस हफ़्ते की शुरुआत में, मादुरो ने चीनी राजदूत लैन हू से मुलाकात की और चीन के साथ आपसी सहयोग, खासकर अर्थव्यवस्था, विज्ञान, तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता परियोजनाओं में हुई प्रगति की सराहना की।

झूठे आरोप में जेल के बाद भारतवंशी ने की माफी की मांग

अमेरिका में 62 वर्षीय भारतवंशी महेंद्र पटेल को मार्च में गिरफ्तार किया गया था। महेंद्र पटेल पर एक दो साल के बच्चे के अपहरण की कोशिश का आरोप लगा था। इस मामले में महेंद्र पटेल को 47 दिन जेल में गुजारने पड़े थे। लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि उन्होंने बच्चे को गिरने से बचाने की कोशिश की थी। इसके बाद पटेल से आरोप हटा लिए गए और उन्हें रिहा कर दिया गया। अब महेंद्र पटेल ने न्याय विभाग से माफी की मांग की है। एनडीटीवी के साथ एक विशेष साक्षात्कार में पटेल ने इस घटना को दुखद बताया और कहा कि इसके चलते उनकी प्रतिष्ठा बर्बाद हो गई है। पटेल कहते हैं कि सलाखों के पीछे बिताए 47 दिन अपमान और डर से भरे थे। पटेल ने पुलिस और जिला प्रशासन से माफी की मांग की है। 
 

पाकिस्तानी विदेश मंत्री की बांग्लादेशी नेताओं से मुलाकात

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार बांग्लादेश दौरे पर हैं। बांग्लादेश दौरे पर इशाक डार ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए बांग्लादेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक की। पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और बांग्लादेश की सबसे बड़ी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने छात्र नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से भी मुलाकात की, जिसका गठन हाल ही में अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के समर्थन से हुआ था।

बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ढाका स्थित पाकिस्तानी दूतावास में डार के साथ बैठक की। बीएनपी प्रतिनिधियों में से एक शमा ओबैद ने कहा कि उनकी चर्चा द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने पर केंद्रित रही। ओबैद ने बताया कि बातचीत में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) को पुनर्जीवित करने पर भी चर्चा हुई। पाकिस्तान ने बांग्लादेश में निष्पक्ष चुनाव कराने की इच्छा भी जताई। बैठक के बाद पाकिस्तानी राजदूत के आवास पर बीएनपी प्रतिनिधिमंडल के साथ रात्रिभोज का आयोजन किया गया। जमात-ए-इस्लामी के नेता अब्दुल्ला मुहम्मद ताहिर, जो 1971 में पाकिस्तान से बांग्लादेश की आजादी का विरोध कर रहे थे, ने भी डार से मुलाकात की।

खैबर पख्तूनख्वा में मूसलाधार बारिश से 11 की मौत, बिजली आपूर्ति बाधित
रविवार को उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान के कारण तीन बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 47 घायल हो गए। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि रविवार तड़के डेरा इस्माइल खान जिले और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 45 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें मुख्य रूप से छत गिरने की घटनाएं शामिल हैं।

घायलों को दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया और दो दर्जन से ज्यादा लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। एक अन्य घटना में, रेस्क्यू 1122 के एक प्रवक्ता ने बताया कि लोअर दीर जिले के मैदान के टिकटक इलाके में एक घर की छत गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई। तूफान ने पेड़ों को उखाड़ दिया और बिजली के तार भी गिरा दिए, जिससे डेरा इस्माइल खान के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पेशावर, मर्दान, उत्तरी और दक्षिणी वजीरिस्तान और अन्य जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पलांद्री में लगातार बारिश से भूस्खलन की आशंका बढ़ गई।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंदापुर ने जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को तत्काल राहत और चिकित्सा सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने 30 अगस्त तक देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, कराची में भी ऐसी ही स्थिति रहने की उम्मीद है। एनडीएमए की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब देश 26 जून से 20 अगस्त तक आए मानसून के प्रकोप से जूझ रहा है, जिसमें शनिवार तक 788 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और 1018 घायल हुए हैं।

पाकिस्तान के पंजाब में बाढ़ से तबाही
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पिछले 24 घंटे में लगभग 20,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता फारूक अहमद ने बताया कि कासुर, ओकारा, पाकपत्तन, बहावलनगर और वीहारी जिलों के कई गांव बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। सबसे खतरनाक हालात सतलुज नदी के गंडा सिंह वाला क्षेत्र में हैं, जहां पानी का स्तर बेहद ऊंचा हो गया है। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे स्थिति नाजुक बनी रहेगी। इसके अलावा, सिंधु और रावी नदियों में भी पानी बढ़ रहा है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे रेस्क्यू एजेंसियों का सहयोग करें और नदियों व नहरों के पास मनोरंजन गतिविधियों से दूर रहें। प्रशासन का कहना है कि लोगों की जान और संपत्ति की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यमन की राजधानी सना पर इस्राइली हवाई हमला
इस्राइल ने रविवार तड़के यमन की राजधानी सना पर हवाई हमले किए। यह हमला उस समय हुआ जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने कुछ दिन पहले इस्राइल की ओर क्लस्टर बम दागे थे। यह अगस्त 17 के बाद पहला मौका है जब सना पर हमला हुआ। उस समय इस्राइल ने विद्रोहियों की तरफ से इस्तेमाल किए जाने वाले ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया था। हालांकि, इस्राइल ने रविवार के हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हूती विद्रोही पिछले 22 महीनों से इस्राइल और लाल सागर में जहाजों पर मिसाइल व ड्रोन से हमले कर रहे हैं। वे इसे गाजा युद्ध में फलस्तीनियों के समर्थन के रूप में बताते हैं। इस्राइली सेना के एक अधिकारी ने बताया कि हाल ही में दागा गया क्लस्टर बम नई चुनौती है, जिसे रोकना और कठिन है तथा इसमें ईरान की तकनीकी मदद झलकती है।

नाइजीरिया में सैन्य कार्रवाई से 76 बंधक मुक्त
नाइजीरिया की सेना ने उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में हवाई हमले कर 76 बंधकों को मुक्त कराया, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। यह कार्रवाई कटसीना राज्य के कांकरा इलाके में पहाड़ी ठिकानों पर की गई।
आंतरिक सुरक्षा आयुक्त नासिर मुआजू ने बताया कि बंधकों में वे लोग भी थे जिन्हें हाल ही में मस्जिद पर हमले के दौरान अगवा किया गया था। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि, एक बच्चे की जान बचाई नहीं जा सकी।

नाइजीरिया के ग्रामीण इलाकों में जमीन और पानी के विवाद के चलते हिंसा बढ़ रही है। बीते महीने उत्तर-मध्य क्षेत्र में 150 लोगों की हत्या हुई थी। सरकार का कहना है कि यह अभियान अपराधियों के ठिकाने खत्म करने और लगातार हो रहे अपहरण व हिंसा को रोकने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।
 

लंदन- भारतीय रेस्टोरेंट में आगजनी में किशोर समेत दो गिरफ्तार
लंदन में एक भारतीय रेस्टोरेंट में आगजनी के मामले में पुलिस ने 15 साल के एक किशोर और 54 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात हुई आगजनी की इस घटना में तीन महिलाएं और दो पुरुष बुरी तरह झुलस गए थे। इनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है।

रविवार को मेट्रोपोलिटन पुलिस ने बताया कि 15 साल के एक किशोर और 54 साल के एक व्यक्ति को आगजनी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच अधिकारी मार्क रोजर्स ने कहा, हमने दो गिरफ्तारियां की हैं, लेकिन जांच जारी है। यह घटना बेहद चौंकाने वाली है। अगर किसी के पास कोई जानकारी है तो वह पुलिस से संपर्क करे। सीसीटीवी फुटेज में चेहरा ढके हुए लोगों का एक समूह रेस्टोरेंट में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है और आग लगने से पहले फर्श पर तरल पदार्थ डाल रहा है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले थे, जिनकी तलाश की जा रही है। रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने से पहले जोरदार धमाका और चीखें सुनाई दी थीं। लंदन फायर ब्रिगेड आग की वजह की जांच कर रहा है।
 

ब्रिटेन में अपराधियों को यात्रा व पब में जाने की नहीं होगी इजाजत
ब्रिटेन सरकार की ओर से रविवार को घोषित नए दंड नियमों के तहत अपराधियों के पब जाने, संगीत समारोहों में शामिल होने व खेल स्पर्धाओं को देखने पर प्रतिबंध रहेगा। नए उपायों के तहत देश के न्यायाधीश अपराधियों की स्वतंत्रता पर अंकुश लगा सकेंगे तथा उन पर ड्राइविंग प्रतिबंध, यात्रा प्रतिबंध व निशिद्ध क्षेत्रों तक सीमित रहने जैसे प्रतिबंध भी लागू कर पाएंगे। ब्रिटेन के कानून मंत्रालय ने कहा कि इन बदलावों से सामुदायिक दंड को कठोर बनाया जाएगा, जिससे दोबारा अपराध करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

ब्रिटेन की कानून मंत्री शबाना महमूद ने कहा, न्यायाधीशों के पास उपलब्ध दंड उपायों को कठोर बनाना अपराध में कमी लाने व सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए हमारी परिवर्तन योजना का हिस्सा है। जेल से बाहर आने वाले व परिवीक्षा सेवा की निगरानी में रहने वाले अपराधियों को भी इसी तरह के प्रतिबंधों और विस्तारित अनिवार्य दवा परीक्षण व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा।
 
विज्ञापन

सूडान: दारफुर में अर्धसैनिक बलों का हमला, 13 की मौत
सूडान के अशांत दारफुर क्षेत्र में रविवार को कुख्यात अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) ने सड़क पर लोगों पर हमला किया, जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गए। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क के अनुसार, मरने वालों में पांच बच्चे, चार महिलाएं और चार बुजुर्ग शामिल हैं। संगठन ने इस घटना को जातीय आधार पर किया गया हमला बताया और इसे 'निहत्थे नागरिकों पर जारी नरसंहार और जातीय सफाए' का हिस्सा कहा।

यह हमला उस घटना के अगले दिन हुआ जब आरएसएफ ने उत्तर दारफुर की घिरे हुए शहर एल-फाशर के एक अस्पताल पर गोले दागे थे, जिसमें एक स्वास्थ्यकर्मी और छह मरीज घायल हुए थे। संयुक्त राष्ट्र ने हाल ही में रिपोर्ट दी कि सिर्फ 10 दिनों में आरएसएफ ने कम से कम 89 नागरिकों की हत्या की है। सूडान अप्रैल 2023 से गृहयुद्ध की आग में जल रहा है, जिससे लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें